मंगेतर संग नाचे Kuldeep Yadav, वंशिका ने पहना 80 हजार का फर्शी सलवार सेट; देखें मेहंदी की झलक

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही अपनी बचपन की दोस्त वंशिका से शादी करने जा रहे हैं.मेहंदी फंक्शन की तस्वीरों में वंशिका का 80 हजार का फर्शी सलवार लुक सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में है.

( Image Source:  X: @Cricket_live247 )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

भारतीय क्रिकेट टीम के मशहूर स्पिनर कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं. वे अपनी बचपन की दोस्त वंशिका के साथ सात फेरे लेंगे. यह खास मौका 14 मार्च 2026 को होगा. कुलदीप और वंशिका दोनों ही कानपुर के रहने वाले हैं. बचपन से ही दोनों के बीच दोस्ती थी, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. दोनों के घर सिर्फ 3 किलोमीटर की दूरी पर थे. अब यह दोस्ती जीवन भर का साथ बनने जा रही है. शादी की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं.

प्री-वेडिंग रस्में पहले से ही शुरू हो चुकी हैं. हल्दी और संगीत जैसी रस्में 13 मार्च को होंगी. कुलदीप अपनी होने वाली पत्नी वंशिका के साथ मसूरी (उत्तराखंड) के एक खूबसूरत सवॉय वेलकम होटल में शादी करेंगे. यह शादी काफी इंटीमेट होगी, यानी सिर्फ करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही इसमें शामिल होंगे. पहाड़ों की खूबसूरती के बीच यह समारोह बहुत यादगार बनेगा. इसके बाद 17 मार्च 2026 को लखनऊ में एक बड़ा और धूमधाम वाला रिसेप्शन होगा. इसमें क्रिकेट जगत के कई बड़े नाम, दोस्त और परिवार वाले शामिल होंगे. सबकी नजरें इस रिसेप्शन पर टिकी हुई हैं.

मेहंदी की वीडियो आई सामने 

अब बात करते हैं मेहंदी फंक्शन की. मेहंदी की पहली तस्वीरें सामने आई हैं जिनमें वंशिका की खूबसूरती देखते ही बनती है. वे चैरी कलर की फर्शी सलवार सेट में बेहद खूबसूरत लग रही हैं. यह सेट सुरेना चौधरी के ब्रांड का 'नायरा फर्शी सलवार सेट' है, जिसकी कीमत ब्रांड की वेबसाइट पर 80,010 रुपये बताई गई है. इस ड्रेस में वेलवेट फैब्रिक की चमक है, जो इसे और भी शानदार बनाती है. कुर्ते पर भारी जरदोजी, जेमस्टोन्स, सेक्विन, कट दाना और दबका कढ़ाई का जालीदार काम किया गया है. कुर्ते में डीप V नेक है, जिसे फूलों वाले जालीदार पैटर्न से सजाया गया है. स्लीव्स के ऊपरी हिस्से पर भी जाली का काम है, लेकिन बाकी हिस्सा प्लेन रखा गया है.  कुर्ते के बीच में पैच बनाकर तिरछी लाइनों से सजावट की गई है. यह पूरा लुक बहुत शाही और रॉयल लग रहा है. पीछे की तरफ भी वैसा ही पैटर्न है. फर्शी सलवार को हल्का रखा गया है. इसकी चौड़ी हेम (नीचे का किनारा) पर जरदोजी, दबका और सेक्विन से खूबसूरत डिटेलिंग है. मैचिंग दुपट्टे पर भी वैसी ही कढ़ाई है.  वंशिका ने दुपट्टे को ओपन करके साइड में कैरी किया और एक हाथ की कलाई पर बांध लिया, जिससे फर्शी सलवार का लुक और भी अच्छा लग रहा है.

फर्शी सलवार क्या होती है?

इसका नाम फारसी भाषा से आया है, जहां 'फर्श' का मतलब फर्श (जमीन) होता है. यानी यह सलवार जमीन तक लंबी होती है, नॉर्मल सलवार की तरह टखनों तक नहीं रुकती. मुगल काल से यह फैशन शुरू हुआ था. 1970-80 के दौर में शाही और नवाबी परिवारों की महिलाएं इसे बहुत पहनती थीं. अब मॉडर्न तरीके से इसे स्टाइल किया जाता है, खासकर शॉर्ट कुर्तों के साथ यह बहुत अच्छा लगता है। मजेदार बात यह है कि फर्शी सलवार सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष भी पहनते हैं. शेरवानी या ओवरसाइज्ड जैकेट के साथ इसे पहनकर शाही लुक दिया जाता है. यह ढीला-ढाला होने से बहुत आरामदायक भी होता है इसलिए आजकल यह फैशन में फिर से वापस आ गया है.

कुलदीप भी दिखे स्टाइलिश 

वंशिका के लुक को और खूबसूरत बनाने में उनकी ज्वेलरी और स्टाइलिंग ने बड़ी भूमिका निभाई. हैवी कुर्ते की वजह से उन्होंने नेकलेस नहीं पहना, लेकिन भारी इयररिंग्स और टीका लगाया. हाथों में चूड़ियां और अंगूठी पहनीं। पैरों में एम्बेलिश्ड जूते पहने, जो कलर से मैच कर रहे थे.  बाल स्लीक स्टाइल में बंधे थे और मेकअप सॉफ्ट ग्लोइंग था, जिससे पूरा लुक बहुत एलिगेंट और क्लासी लग रहा था. कुलदीप भी मेहंदी में स्टाइलिश दिखे. उन्होंने ग्रीन कलर का सिंपल कुर्ता पहना, जिसमें कोई भारी कढ़ाई नहीं थी. कुर्ते के सामने मिनिमल बटन डिजाइन है और पॉकेट पर छोटा एम्ब्रॉयडरी पैच है. इसके साथ ऑफ-व्हाइट का ढीला-ढाला पजामा पहना और आखिर में ब्लैक ट्रेडिशनल जूती से लुक पूरा किया. 

Similar News