बढ़ती उम्र में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर क्यों बढ़ जाते हैं? पुरुष और महिलाओं की वजहें कैसे होती हैं अलग

रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स के अनुसार पुरुषों में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की कई वजहें होती हैं, जिनमें इमोशनल दूरी, बोरियत, अटेंशन की कमी और सेक्सुअल असंतुष्टि शामिल हैं. जानिए एक्सपर्ट की राय में क्यों शादीशुदा पुरुष अफेयर की ओर आकर्षित होते हैं और इसका परिवार पर क्या असर पड़ता है.

( Image Source:  AI Sora )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 12 March 2026 8:50 PM IST

शादी एक बहुत पवित्र और खूबसूरत रिश्ता होता है. यह दो लोगों के बीच प्यार, भरोसा, समझ और साथ निभाने का वादा होता है. लेकिन आज के तेज़-रफ़्तार और बदलते ज़माने में कई लोग इस रिश्ते को उतनी गंभीरता से नहीं लेते जितना पहले लिया जाता था. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ बहुत अच्छा लगता है. दोनों एक-दूसरे के साथ खुश रहते हैं, रोमांस होता है, समय बिताते हैं और एक-दूसरे की छोटी-छोटी बातों का ख्याल रखते हैं. लेकिन कुछ महीनों या सालों बाद रिश्ते में कड़वाहट आने लगती है.

छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होने लगते हैं, बातचीत कम हो जाती है और एक-दूसरे के प्रति ऊब या बोरियत महसूस होने लगती है. पुरुष हो या महिला, दोनों में से कोई भी इस स्थिति में फंस सकता है.  कई बार ऐसा होता है कि रिश्ते में इतनी खालीपन आ जाता है कि बाहर किसी तीसरे व्यक्ति की एंट्री हो जाती है. हालांकि यह उस उम्र में हो रहा है जहां एक व्यक्ति दूसरे वयक्ति से समझदारी की उम्मीद करता है.  कुछ एक्सट्रा मैरिटल अफेयर 40 की उम्र के बाद हुए है और कुछ 35 की उम्र के बाद.  

कितना पहुंचता है रिश्ते को नुकसान?

इसे हम एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर (Extramarital Affair) कहते हैं. यह फिजिकल हो सकता है या इमोशनल, लेकिन दोनों ही तरीकों से मूल रिश्ते को बहुत नुकसान पहुंचाता है. अब सवाल यह उठता है कि जब कोई व्यक्ति अपनी जीवनसाथी से प्यार करता है, तो फिर किसी और की तरफ कैसे आकर्षित हो जाता है? यह किसी भी शादी में हो सकता है चाहे वह अरेंज्ड मैरिज हो या लव मैरिज. आज हम खास तौर पर पुरुषों के एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर के बारे में बात करेंगे. इसके पीछे क्या वजहें होती हैं, यह समझने के लिए हमने डॉ. जैसमीन अरोड़ा (क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट, आर्टेमिस हॉस्पिटल, गुड़गांव) से बात की थी. 

पुरुषों में एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर होने की मुख्य वजहें

1. इमोशनल संतुष्टि की कमी

शादी में अगर पति-पत्नी एक-दूसरे को इमोशनली रूप से पूरा सपोर्ट और समझ नहीं दे पाते, तो धीरे-धीरे दूरी बढ़ने लगती है. हो सकता है फिजिकल रिलेशन अच्छे हों, लेकिन दिल से जुड़ाव कम हो जाए. ऐसे में बाहर कोई व्यक्ति भावनात्मक रूप से जुड़ाव दे तो आकर्षण बढ़ जाता है. 

2. प्यार और समझ की कमी

शादी के बाद शुरुआत में सब कुछ परफेक्ट लगता है, लेकिन समय के साथ मनमुटाव शुरू हो जाता है. पहले वाला प्यार, रोमांस और केयर कम हो जाता है. अगर बाहर कोई व्यक्ति अपनापन, ध्यान और प्यार दिखाए, तो वह दूसरा रास्ता ज्यादा आकर्षक लगने लगता है. 

3. तारीफ और अटेंशन न मिलना

हर रिश्ते में तारीफ और ध्यान बहुत जरूरी होता है. इससे रिश्ते में नयापन और ताजगी बनी रहती है. अगर पत्नी पति की तारीफ नहीं करती, उसकी छोटी-छोटी बातों का ध्यान नहीं रखती या समय नहीं देती, तो पति खुद को महत्वहीन महसूस करने लगता है. ऐसे में बाहर कोई व्यक्ति तारीफ और अटेंशन दे तो वह उसी की ओर खिंच जाता है. 

4. शादीशुदा जिंदगी से बोरियत

कई लोगों की रोज़मर्रा की जिंदगी एक जैसी-एक जैसी हो जाती है- घर, ऑफिस, बच्चे, घरेलू काम. इसमें कोई नयापन नहीं बचता. शादी में नयापन चाहिए होता है, अगर वह न मिले तो पार्टनर बाहर नया एक्साइटमेंट या रोमांच ढूंढने लगते हैं. 

5. सेक्स में कमी या असंतुष्टि

शादीशुदा रिश्ते में सेक्स बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. अगर सेक्स की फ्रीक्वेंसी कम हो जाए, या दोनों में से किसी एक को संतुष्टि न मिले, तो रिश्ता कमजोर पड़ने लगता है. पुरुषों में अक्सर यह कमी एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बड़ी वजह बन जाती है. 

बाहरी दुनिया का प्रभाव

आजकल सोशल मीडिया, वेब सीरीज, फिल्में और इंटरनेट पर एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को बहुत हल्के और मजेदार तरीके से दिखाया जाता है.  इससे लोगों के मन में यह विचार आ जाता है कि ऐसा करना नॉर्मल है या थोड़ा एक्साइटमेंट देने वाला है. 

पुरुष और महिलाओं के अफेयर में क्या अंतर होता है?

शादी भरोसे और प्यार पर टिकी होती है. लेकिन जब रिश्ते में कमी आने लगती है, तो लोग बाहर सहारा ढूंढने लगते हैं. दिलचस्प बात यह है कि पुरुष और महिलाएं एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर अलग-अलग वजहों से करते हैं. 

पुरुष क्यों करते हैं एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर?

रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स और रिसर्च के अनुसार, ज्यादातर पुरुष अफेयर में जाते हैं क्योंकि उन्हें फिजिकल अट्रैक्शन, नयापन और एक्साइटमेंट चाहिए होता है. उनकी शादीशुदा जिंदगी एक जैसी और मोनोटोनस (उबाऊ) हो जाती है

अफेयर उनके लिए एक तरह का ईगो बूस्ट (आत्मसम्मान बढ़ाने वाला) या एडवेंचर बन जाता है

रिसर्च बताती है कि पुरुषों के लिए सबसे बड़ी वजह फिजिकल सैटिस्फैक्शन होती है

कई बार वे इसे सिर्फ अट्रैक्शन या मजा मानते हैं, गंभीर रिश्ता नहीं. लेकिन इसका असर उनकी मूल शादी पर बहुत गहरा पड़ता है. 

महिलाएं क्यों करती हैं एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर?

महिलाओं के मामले में बात थोड़ी अलग होती है. एक्सपर्ट्स कहते हैं कि महिलाएं ज्यादातर तब अफेयर की तरफ जाती हैं जब उन्हें लगता है कि उनकी भावनाओं और फीलिंग्स को पार्टनर समझ नहीं रहा. उन्हें किसी ऐसे व्यक्ति की तलाश होती है जो इमोशनल सपोर्ट दे सके.

अगर शादी में कम्युनिकेशन कम हो जाए, पार्टनर केयर न करे या उपेक्षा करे, तो महिलाएं बाहर अटेंशन, प्यार और समझ तलाशती हैं

यानी महिलाओं के लिए अफेयर सिर्फ शारीरिक नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव, केयर और अंडरस्टैंडिंग से जुड़ा होता है

कई बार महिलाएं सालों तक उपेक्षा सहने के बाद किसी ऐसे व्यक्ति की ओर जाती हैं जो उन्हें सुन सके, सराह सके और उनकी वैल्यू समझ सके

एक्सपर्ट की राय

एक्सपर्ट्स का कहना है कि एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर को सिर्फ 'चीटिंग' कहकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए. इसके पीछे कई व्यक्तिगत और सामाजिक वजहें छिपी होती हैं. पुरुषों के लिए यह ज्यादातर टेम्पररी अट्रैक्शन या एक्साइटमेंट की वजह से होता है. महिलाओं के लिए यह शादी में अधूरी इमोशनल जरूरतों को पूरा करने का तरीका बन जाता है. एक्सपर्ट्स कहते हैं कि ऐसे मामलों में सिर्फ दोष देना सही नहीं है। असली जरूरत है खुलकर बातचीत करने की. जब पति-पत्नी अपनी परेशानियां शेयर करते हैं और एक-दूसरे की जरूरतों को समझने की कोशिश करते हैं, तो हालात बहुत हद तक सुधर सकते हैं. 

परिवार पर क्या असर पड़ता है?

चाहे पुरुष करे या महिला, अफेयर का सबसे ज्यादा नुकसान रिश्ते और परिवार पर पड़ता है.एक बार भरोसा टूट जाए तो उसे वापस बनाना बहुत मुश्किल हो जाता है. बच्चों पर भी इसका बुरा असर पड़ता है. वे माता-पिता के झगड़े देखकर इमोशनल स्ट्रेस झेलते हैं, डर जाते हैं या खुद रिश्तों से डरने लगते हैं. पुरुष और महिला की वजहें अलग हो सकती हैं, लेकिन नतीजा एक ही होता है. रिश्ता कमजोर होना और ट्रस्ट का टूट जाना. 

आखिर में क्या करना चाहिए?

अगर रिश्ता बचाना चाहते हैं, तो दोनों को मिलकर काम करना होगा:

एक-दूसरे से खुलकर बात करें

समय दें, ध्यान दें, तारीफ करें

समझ बनाएं और जरूरत पड़ने पर काउंसलिंग लें

लेकिन अगर कोई बार-बार धोखा दे रहा है और सुधारने का नाम नहीं लेता, तो सोच-समझकर फैसला लेना पड़ता है. अफेयर कुछ पलों की खुशी दे सकता है, लेकिन लंबे समय में रिश्ते को तोड़ देता है और परिवार को बर्बाद कर सकता है. इसलिए बेहतर है कि समस्याओं को अफेयर से नहीं, बल्कि बातचीत और समझ से सुलझाया जाए. 

Similar News