Window Vs Split: AC को लेकर हैं कंफ्यूज? रेट-कूलिंग से लेकर साइज-बिलिंग तक, FAQ में जानें हर जवाब

गर्मियों में एसी के बिना राहत मिलना मुश्किल है, लेकिन अक्सर लोग कंफ्यूज हो जाते हैं कि विंडो AC बेहतर है या स्प्लिट AC? सही चुनना न सिर्फ आपके लिए फायदेमंद होगा, बल्कि बिजली बिल और कमरे की कूलिंग भी बैलेंस रहेगी.

Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 14 March 2026 12:19 PM IST

मार्च का महीना शुरू होते ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है. दोपहर की चिलचिलाती धूप और बढ़ता तापमान बता रहा है कि आने वाले दिनों में हाल और भी मुश्किल होने वाला है. ऐसे में अगर आप घर के लिए नया AC लेने की सोच रहे हैं, तो यही सही समय है, क्योंकि जैसे-जैसे गर्मी बढ़ती है वैसे-वैसे एयर कंडीशनर की कीमतें भी बढ़ने लगती हैं.

लेकिन एसी खरीदने से पहले सबसे बड़ा सवाल यही होता है कि आपके कमरे के लिए Window AC बेहतर रहेगा या Split एक. रेट से लेकर कूलिंग, कमरे के साइज और बिजली के बिल तक कई बातें हैं जो फैसला मुश्किल बना देती हैं. अगर आप भी इसी कंफ्यूजन में हैं, तो यहां FAQ आपकी सारी उलझन दूर कर सकते हैं.

1. सवाल: विंडो AC क्या है?

जवाब: विंडो एसी एक सिंगल बॉक्स यूनिट है जिसमें कंपरेसर, कंडेंसर और इवैपोरेटर सभी एक ही जगह पर होते हैं. इसे आमतौर पर खिड़की या दीवार में फिट किया जाता है. विंडो एसी की कुछ खास बाते होती हैं. इनमें- 

  • इंस्टॉल करना आसान है.
  • छोटा और किफायती.
  • शोर थोड़ा ज्यादा हो सकता है.
  • छोटे और मीडियम कमरे के लिए बेहतर.

2. सवाल: स्प्लिट AC क्या है?

जवाब: स्प्लिट एसी में दो अलग-अलग यूनिट होती हैं. इंडोर यूनिट जो ठंडी हवा फैलाती है, और आउटडोर यूनिट जिसमें कंपरेसर और कंडेंसर रहते हैं. इस एसी की भी अपनी खास क्वालिटी होती है-

  • डिजाइन स्लिक और मॉडर्न.
  • बड़े कमरे में कूलिंग बेहतर.
  • काम करते समय शोर कम.
  • इंस्टॉलेशन प्रोफेशनल की जरूरत.
  • महंगे, लेकिन एडवांस फीचर्स के साथ आते हैं.

3. सवाल: विंडो AC vs स्प्लिट AC में अतंर 

जवाब: विंडो एसी और स्प्लिट एसी में अंतर समझना आसान है, क्योंकि दोनों की बनावट और इस्तेमाल अलग-अलग तरीके से किया जाता है. स्प्लिट एसी लगाने के लिए प्रोफेशनल इंस्टॉलेशन की जरूरत पड़ती है और इसका डिजाइन मॉडर्न व जगह बचाने वाला होता है. यह बड़े कमरों को जल्दी और बेहतर तरीके से ठंडा कर सकता है और काम करते समय शोर भी कम करता है. इसके अलावा इसमें कई एडवांस फीचर्स भी मिलते हैं, लेकिन इसकी कीमत आमतौर पर ज्यादा होती है.

वहीं विंडो एसी को खिड़की में आसानी से लगाया जा सकता है और इसकी शुरुआती कीमत भी कम होती है. हालांकि इसका आकार थोड़ा बड़ा होता है और यह खिड़की की जगह घेर लेता है. यह छोटे या मीडियम साइज के कमरों के लिए ठीक रहता है, लेकिन चलने के दौरान शोर थोड़ा ज्यादा हो सकता है. फीचर्स के मामले में भी इसमें ज्यादातर बेसिक सर्विस ही मिलती हैं. इसलिए दोनों में से कौन सा एसी चुनना है, यह आपके कमरे के साइज, बजट और जरूरत पर निर्भर करता है.

4. सवाल: कौन-सा एसी ज्यादा बिजली कंज्यूम करता है?

जवाब: एसी का बिजली बिल ज्यादा रेंज और टोन पर निर्भर करता है, न कि केवल विंडो या स्प्लिट होने पर. नए इनवर्टर मॉडल दोनों में कम बिजली खाते हैं. पुराने एसी से ज्यादा बिल आता है. 

5. सवाल: कूलिंग कैपेसिटी किसकी बेहतर?

जवाब: एसी कितनी अच्छी तरह ठंडक देता है, यह उसके टननेज यानी क्षमता पर निर्भर करता है. स्प्लिट एसी ऊंची जगह पर लगते हैं और बड़े कमरे को आसानी से ठंडा कर सकते हैं, जबकि विंडो एसी छोटे कमरे में हवा को अच्छे से घुमाने और ठंडक देने के लिए बेहतर होते हैं. 

6. सवाल: मेंटेनेंस और सर्विस किसकी है आसान?

स्प्लिट एसी और विंडो एसी में मेंटेनेंस के मामले में कौन बेहतर है, यह समझना आसान है. विंडो एसी में सिर्फ एक ही यूनिट होती है, इसलिए इसकी मेंटेनेंस और सर्विस करना सस्ता और आसान होता है. इसके उलट, स्प्लिट एसी में दो यूनिट होती हैं, इसलिए इसे सर्विस करना थोड़ा मुश्किल होता है और इसे सही काम करने के लिए समय-समय पर मेंटेनेंस की जरूरत पड़ती है.

7. सवाल: कौन सा AC चुने?

एसी चुनते समय अपनी जरूरत और बजट को ध्यान में रखना जरूरी है. अगर आपका कमरा बड़ा है, आपको कम शोर वाला एसी चाहिए और आप रोज लंबे समय तक इस्तेमाल करने वाले हैं, तो स्प्लिट एसी बेहतर ऑप्शन हो सकता है. साथ ही अगर आप बिजली की बचत चाहते हैं और अच्छी स्टार रेटिंग वाला मॉडल लेना चाहते हैं, तब भी स्प्लिट एसी सही रहता है. वहीं, अगर आपका बजट कम है, इंस्टॉलेशन आसान चाहिए और एसीछोटे कमरे के लिए लेना है, तो विंडो एसी आपके लिए ज्यादा सही और किफायती अल्टरनेटिव हो सकता है.

Similar News