Holi 2026: होली पर प्याज और आलू के नहीं इस बार बनाएं भांग के पकौड़े, ये रही आसान रेसिपी

इस बार प्याज और आलू की जगह भांग के पकौड़े ट्राय कर सकते हैं. यह खास रेसिपी त्योहार की मस्ती को और बढ़ा देती है.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 4 March 2026 6:30 AM IST

होली का त्योहार रंग, मस्ती और स्वाद से भरा होता है. इस दिन घरों में गुजिया, दही भल्ले और पकौड़े जरूर बनते हैं. अगर आप इस बार कुछ अलग और पारंपरिक ट्विस्ट के साथ मेहमानों को चौंकाना चाहते हैं, तो प्याज या आलू की जगह भांग के पकौड़े ट्राय कर सकते हैं.

भांग के पकौड़े बेहद टेस्टी होती हैं. साथ ही इसे बनाना भी काफी आसान है. सही तरीके से बनाई गई यह रेसिपी होली के मजे को दोगुना कर सकती है. आइए जानते हैं रेसिपी. 

भांग के पकौड़े बनाने के लिए जरूरी सामान

  • 1 कप बेसन
  • बारीक कटी हुई भांग की पत्तियां
  • 1 छोटा चम्मच अजवाइन
  • 1 छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर
  • 1/2 छोटा चम्मच हल्दी
  • 1 छोटा चम्मच धनिया पाउडर
  • स्वादानुसार नमक
  • 1 बारीक कटी हरी मिर्च
  • थोड़ा सा बारीक कटा धनिया पत्ता
  • पानी (घोल बनाने के लिए)
  • तलने के लिए तेल

कैसे तैयार करें पकौड़ों का घोल?

  • सबसे पहले एक बड़े बाउल में बेसन छान लें. इसमें बारीक कटी हुई भांग की पत्तियां, अजवाइन, लाल मिर्च, हल्दी, धनिया पाउडर और नमक डालें. अब इसमें हरी मिर्च और धनिया पत्ता मिलाएं.
  • धीरे-धीरे पानी डालते हुए गाढ़ा और स्मूद घोल तैयार करें. ध्यान रखें कि घोल ज्यादा पतला न हो, वरना पकौड़े कुरकुरे नहीं बनेंगे.
  • 5–10 मिनट के लिए इसे ढककर रख दें, ताकि मसालों का स्वाद अच्छे से मिल जाए.

क्या है पकौड़े तलने का सही तरीका?

  • एक कढ़ाही में मीडियम आंच पर तेल गरम करें. तेल सही गरम हुआ है या नहीं, यह जांचने के लिए थोड़ा सा घोल डालकर देखें. अगर वह ऊपर आ जाए, तो तेल तैयार है.
  • अब चम्मच या हाथ की मदद से थोड़ा-थोड़ा घोल तेल में डालें. पकौड़ों को सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
  • ध्यान रखें कि आंच मध्यम रहे, ताकि पकौड़े अंदर से भी अच्छी तरह पक जाएं. तलने के बाद इन्हें टिश्यू पेपर पर निकाल लें, जिससे अतिरिक्त तेल निकल जाए.
  • गरमा-गरम भांग के पकौड़े हरी चटनी या इमली की मीठी चटनी के साथ परोसें. साथ में ठंडाई हो तो मजा और बढ़ जाएगा.

किन बातों का रखें ध्यान

भांग का असर अलग-अलग लोगों पर अलग हो सकता है. इसलिए मात्रा सीमित रखें और बच्चों या बुजुर्गों को न दें. त्योहार की खुशी जिम्मेदारी के साथ मनाएं. इस होली अगर आप कुछ हटकर बनाना चाहते हैं, तो भांग के पकौड़े आपकी पार्टी में नया स्वाद और मजेदार ट्विस्ट जोड़ सकते हैं. 

Similar News