Holi 2026: घिस-घिसकर हाथ नहीं होंगे दर्द, सफेद कपड़ों से मिनटों में ऐसे हटाएं होली के पक्के रंग

होली के कारण अगर आपके व्हाइट कपड़ों पर रंग लग गया है, तो परेशान होने की जरुरत नहीं है. आप कुछ आसान हैक्स से मिनटों में पक्के केमिकल्स वाले रंग हटा सकते हैं.

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 2 March 2026 1:55 PM IST

होली पर सफेद कपड़े पहनने का अपना ही मज़ा है. रंगों की बौछार जब सफेद कुर्ते या टी-शर्ट पर पड़ती है तो तस्वीरें और भी खूबसूरत लगती हैं. लेकिन ज्यादातर लोग इस डर से अपने पसंदीदा व्हाइट आउटफिट नहीं पहनते कि रंग कैसे छूटेगा? अगर आप भी यही सोचकर पीछे हट जाते हैं, तो अब टेंशन छोड़ दीजिए.

आप अपने पसंदीदा व्हाइट कपड़ों में होली खेल सकते हैं. सबसे अच्छी बात रंग हटाने के लिए आपको ज्यादा घिसना भी नहीं पड़ेगा, क्योंकि कुछ आसान  घरेलू उपायों से जिद्दी रंग मिनटों में साफ हो सकते हैं. 

सबसे पहले क्या करना चाहिए?

होली खेलने के तुरंत बाद कपड़ों को सूखने न दें. जैसे ही घर पहुंचें, कपड़े अलग कर लें और ठंडे पानी में भिगो दें. ध्यान रखें कि गरम पानी का इस्तेमाल बिल्कुल न करें, क्योंकि इससे रंग कपड़े में और पक्का हो सकता है. अगर रंग ज्यादा गहरा है, तो कपड़े को 20–30 मिनट तक ठंडे पानी में भिगोकर रखें, ताकि अतिरिक्त रंग निकल जाए.

 नींबू और बेकिंग सोडा से कैसे हटाएं रंग?

  • जिद्दी दाग हटाने के लिए नींबू का रस और बेकिंग सोडा बेहद असरदार होते हैं.
  • दाग वाली जगह पर ताजा नींबू का रस डालें.
  • ऊपर से थोड़ा बेकिंग सोडा छिड़कें.
  • 10–15 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें.
  • इसके बाद हल्के हाथ से रगड़कर ठंडे पानी से धो लें. यह तरीका खासकर ऑर्गेनिक या गुलाल के दाग पर अच्छा काम करता है.

क्या विनेगर से हट सकते हैं दाग?

अगर रंग आसानी से नहीं छूट रहा, तो एक बाल्टी पानी में आधा कप सफेद सिरका मिलाएं. कपड़े को इसमें 30 मिनट तक भिगोकर रखें. सिरका रंग के कणों को ढीला करने में मदद करता है. बाद में नॉर्मल डिटर्जेंट से धो लें.

दूध या दही का इस्तेमाल

यह तरीका थोड़ा अलग जरूर है, लेकिन असरदार है. रंग लगे हिस्से को कच्चे दूध या पतले दही में कुछ देर भिगो दें. दूध के एंजाइम रंग को तोड़ने में मदद करते हैं. इसके बाद साबुन से धो लें.

रंग हटाने के लिए कैसे करें ब्लीच का यूज?

अगर कपड़ा पूरी तरह सफेद और मजबूत फैब्रिक का है, तो हल्का ब्लीच इस्तेमाल किया जा सकता है. लेकिन पहले कपड़े के छोटे हिस्से पर टेस्ट जरूर करें. ज्यादा ब्लीच से कपड़ा खराब भी हो सकता है.

किन बातों का रखें ध्यान

  • रंग लगे कपड़ों को दूसरे कपड़ों से अलग धोएं.
  • ड्रायर में डालने से पहले सुनिश्चित करें कि दाग पूरी तरह हट चुका हो.
  • अगली बार होली खेलने से पहले कपड़ों पर हल्का सा फैब्रिक प्रोटेक्टर स्प्रे कर सकते हैं.

Similar News