आग लगे चाहे बस्ती में Gen Z रहता मस्ती में! वॉर से क्राइम तक, क्यों हर खबर को Meme बना देती है यह जनरेशन
वॉर हो, क्राइम हो या कोई बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी, Gen Z का पहला रिएक्शन अक्सर मीम बनाना होता है. गंभीर खबरें कुछ ही मिनटों में सोशल मीडिया पर डार्क ह्यूमर में बदल जाती हैं, लेकिन ऐसा क्यों?
कल तक टाइमलाइन पर कोई पॉलिटिकल लीक वायरल थी और अब वॉर की आशंका ट्रेंड कर रही है और उसी के बीच में किसी इंफ्लुएंसर की कॉन्ट्रोवर्सी. दुनिया मानो ब्रेकिंग न्यूज़ की रोलर-कोस्टर बन चुकी है. लेकिन हैरानी की बात ये है कि जैसे ही कोई गंभीर खबर आती है, कुछ ही मिनटों में Gen Z उस पर मीम्स बना देती है . 'पॉइट ऑफ व्यू: वर्ल्ड वॉर शुरू और मैं ऑफिस के लिए लेट हूं', 'दुनिया खत्म हो रही है लेकिन EMI टाइम पर जाएगी'. ऐसे पोस्ट्स हर प्लेटफॉर्म पर दिखने लगते हैं.
तो क्या जेनरेशन Z इनसेंसेटिव है? या ये उनका सर्वाइवल मोड है? सच तो यह है कि मीम बनाना उनका मज़ाक उड़ाना नहीं, बल्कि हालात से निपटने का तरीका है. चलिए ऐसे में जानते हैं आखिर यह जनरेशन हर चीज को मीम में क्यों बदल देती है.
क्यों हर चीज को मीम बना देती है Gen Z?
आज की इंटरनेट स्पीड इतनी तेज है कि खबर आने से पहले ही रिएक्शन तैयार हो जाता है. जैसे ही कोई जियोपॉलिटिकल तनाव, पॉलिटिकल विवाद या ग्लोबल संकट ट्रेंड करता है, सोशल मीडिया पर लोग उसे डार्क ह्यूमर में बदल देते हैं. यह असंवेदनशीलता नहीं है. यह रिफ्लेक्स है. इमोशंस को सेट होने का समय मिले उससे पहले, इंटरनेट मज़ाक बना देता है.
जिंदगी नहीं रूकती
Gen Z ने बचपन से क्या देखा? मंदी, महंगाई, क्लाइमेट एंग्जायटी, नौकरी की समस्याएं, युद्ध की खबरें, पॉलिटिकल उठापटक. जब हर दिन कोई न कोई बड़ी समस्या हो, तो डर भी नॉर्मल लगने लगता है. लेकिन जिंदगी रुकती नहीं. मेट्रो पकड़नी है, क्लास अटेंड करनी है, ऑफिस की डेडलाइन पूरी करनी है. ऐसे में ह्यूमर ही वह चीज़ है जिसे कंट्रोल किया जा सकता है.
डिफेंस मैकेनिज़्म तकनीक क्या है?
मनोविज्ञान में इसे एक डिफेंस मैकेनिज़्म माना जाता है. खतरे का मज़ाक बनाकर उसके डर को छोटा कर देना. जब कोई बड़ा संकट सामने हो, तो उसे जोक में बदल देना दिमाग को राहत देता है. मीम एक तरह का 'इमोशनल प्रेशर वाल्व' बन जाता है और खास बात ये है कि यह अकेले नहीं होता. मीम शेयर करना दरअसल यह कहना है कि “मुझे भी डर लग रहा है, लेकिन चलो साथ में हंस लेते हैं.”
मीम से कैसे हो जाती हैं चीजें आसान?
पुराने समय में लोग अखबार पढ़कर रुक जाते थे. आज फीड कभी नहीं रुकती. एक पोस्ट में मिसाइल अलर्ट, अगले में कैट वीडियो, फिर किसी ब्यूटी रील, फिर मंदी पर जोक. यह कॉन्ट्रास्ट दिमाग को झटका देता है. ऐसे में ह्यूमर खुद-ब-खुद गैप भर देता है. मीम जटिल घटनाओं को आसान बना देता है. इतना छोटा कि आप उसे इमोशनली “हैंडल” कर सकें.
क्या है 'मेन कैरेक्टर' कल्चर?
POV वीडियोज, रिएक्शन रील्स, ग्रीन-स्क्रीन कमेंट्री Gen Z अक्सर खुद को हर बड़ी घटना के बीच में रखकर रिएक्ट करता है. “मैं ब्रेकिंग न्यूज़ पढ़ते हुए मैगी बना रहा हूं.” “वॉर की खबर और मैं वीकेंड प्लान सोच रहा हूं.” यह सेल्फ-अवेयर ह्यूमर है. यह बताता है कि भले ही दुनिया बड़ी हो, पर मेरी जिंदगी भी चल रही है.
क्या वे क्रासिस का मज़ाक उड़ा रहे हैं?
नहीं. वे संकट पर नहीं, अपने असहायपन पर हंस रहे हैं. Gen Z जानता है कि वह ग्लोबल पॉलिटिक्स या वॉर को रोक नहीं सकता. लेकिन वह अपने रिएक्शन को कंट्रोल कर सकता है. और वही रिएक्शन मीम बन जाता है. जब दुनिया बहुत बड़ी और भारी लगती है, तो ह्यूमर उसे थोड़ा छोटा बना देता है. मीम बनाना गंभीरता को कम करना नहीं है. यह उसे झेलने की रणनीति है. जेनरेशन Z संकट पर नहीं हंस रही. वह संकट के बीच खुद को संभाल रही है.