क्या Underwire Bra पहनने से होता है ब्रेस्ट कैंसर? जानिए डॉक्टर और रिसर्च क्या कहती है
| क्या अंडरवायर ब्रा पहनने से सच में ब्रेस्ट कैंसर हो सकता है? इसका जवाब है नहीं, क्योंकि अब तक की वैज्ञानिक रिसर्च में ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है. हालांकि, टाइट या गलत फिटिंग वाली ब्रा से अनकंफर्टेबल महसूस हो सकता है.
हाल ही में पत्रकार शुभांकर मिश्रा के एक इंटरव्यू में एक शख्स ने दावा किया कि महिलाओं को रात में सोते समय ब्रा, खासकर अंडरवायर ब्रा, नहीं पहननी चाहिए क्योंकि इससे कैंसर हो सकता है. इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई और कई लोग यह जानना चाहते हैं कि क्या वाकई इस दावे में सच्चाई है.
मेडिकल एक्सपर्ट्स और अब तक की वैज्ञानिक रिसर्च कुछ और ही कहती है. मौजूदा स्टडी के अनुसार, अंडरवायर ब्रा पहनने और कैंसर के बीच कोई सीधा कनेक्शन साबित नहीं हुआ है. यानी यह एक मिसइंफॉर्मेशन है.
क्या अंडरवायर ब्रा से होता है ब्रेस्ट कैंसर?
यह बात कि टाइट या अंडरवायर वाली ब्रा लिम्फैटिक फ़्लो को रोकती हैं और कैंसर का कारण बनती हैं, वैज्ञानिक रूप से सही नहीं है. 'कैंसर एपिडेमियोलॉजी' (2014) की एक स्टडी में भी यह सामने आया कि ब्रा का प्रकार, कितने घंटे पहनी गई या कितने सालों तक इस्तेमाल की गई, इनमें से किसी भी बात का ब्रेस्ट कैंसर के खतरे से कनेक्शन नहीं मिला.
फिर यह भ्रम क्यों फैला?
कुछ लोगों का मानना है कि अंडरवायर ब्रा शरीर में लसीका (लिम्फ) के फ्लो को रोक देती है, जिससे शरीर में हानिकारक तत्व जमा होने लगते हैं और कैंसर का खतरा बढ़ता है. वैज्ञानिकों के अनुसार, अब तक ऐसा कोई पक्का सबूत नहीं मिला है जो इस दावे को सही साबित करता हो.
ब्रेस्ट कैंसर किन कारणों से हो सकता है?
विशेषज्ञों के अनुसार, ब्रेस्ट कैंसर का खतरा कई दूसरे कारणों से जुड़ा हो सकता है. इनमें जेनेटिक म्यूटेशन, हार्मोन में बदलाव, बढ़ती उम्र, पारिवारिक इतिहास, मोटापा, धूम्रपान, शराब पीने की आदत और अनहेल्दी जीवनशैली जैसे कारक शामिल हैं. कपड़े या ब्रा पहनने से कैंसर होने का कोई सबूत नहीं मिला है.
टाइट ब्रा पहनने से क्या परेशानी हो सकती है?
अगर ब्रा बहुत ज्यादा टाइट या सही फिटिंग की नहीं है, तो इससे त्वचा पर निशान पड़ सकते हैं, पसीना ज्यादा आ सकता है, कंधों और पीठ में दर्द या असहजता महसूस हो सकती है. लेकिन इसे कैंसर की वजह नहीं माना जाता.
किन बातों का ध्यान रखें?
अगर ब्रेस्ट में गांठ, लगातार दर्द, त्वचा में बदलाव या निप्पल से अबनॉर्मल डिस्चार्ज जैसी कोई समस्या दिखाई दे, तो बिना देरी किए डॉक्टर से जांच कराएं. समय पर जांच और सही इलाज ही ब्रेस्ट कैंसर से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है.