लाइव शो के दौरान सो गई न्यूज एंकर! ट्रोल करने के बजाय लोग करने लगे तारीफ, अगर आपको भी ऑफिस में आती है नींद तो अपनाएं ये 7 तरीके
FOX13 मेम्फिस की न्यूज एंकर डोमिनिक डिलन का लाइव शो के दौरान कुछ सेकंड के लिए आंखें बंद होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. जानिए क्या है पूरा मामला
लाइव टीवी प्रसारण के दौरान एक न्यूज एंकर की आंख लगने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि, इस घटना के बाद लोगों ने एंकर की आलोचना करने के बजाय उनके काम के दबाव और लंबे शिफ्ट्स को लेकर सहानुभूति जताई है. यह घटना अमेरिका के FOX13 मेम्फिस चैनल की एंकर डोमिनिक डिलन के साथ हुई, जिन्होंने हाल ही में चैनल के वीकेंड बुलेटिन की जिम्मेदारी संभाली है.
रिपोर्ट के मुताबिक, लाइव बुलेटिन के दौरान रिपोर्टर शीला ओ'कॉनर अपनी रिपोर्ट खत्म कर चुकी थीं. जैसे ही प्रसारण वापस स्टूडियो में आया, कैमरे में एंकर डोमिनिक डिलन सिर झुकाए और आंखें बंद किए दिखाई दीं. ऐसा लगा कि उन्हें पता ही नहीं चला कि कैमरा फिर से उनकी ओर आ चुका है. कुछ पल तक रिपोर्टर कैमरे की ओर मुस्कुराती रहीं, जिसके बाद कार्यक्रम को कमर्शियल ब्रेक पर भेज दिया गया.
लाइव ब्रॉडकास्ट में क्या हुआ?
रिपोर्ट के अनुसार, रिपोर्टर शीला ओ'कॉनर सेंट जूड में आयोजित वार्षिक "मेम्फिस टू पियोरिया रन" पर अपनी रिपोर्ट पूरी कर चुकी थीं. इसके बाद जैसे ही कैमरा स्टूडियो में लौटा, एंकर डोमिनिक डिलन सिर टिकाए और आंखें बंद किए नजर आईं. कुछ सेकंड तक यह दृश्य लाइव प्रसारण में दिखाई देता रहा. बाद में कार्यक्रम को कमर्शियल ब्रेक पर भेज दिया गया. इस घटना का वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने इस पर अपनी प्रतिक्रियाएं देना शुरू कर दिया.
लोगों ने कैसे दी प्रतिक्रिया?
इस घटना के बाद बड़ी संख्या में सोशल मीडिया यूजर्स ने एंकर का समर्थन किया. कई लोगों का कहना था कि सुबह की शिफ्ट और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच काम करना बेहद मुश्किल होता है. एक यूजर ने लिखा, "सुबह की शिफ्ट बहुत चुनौतीपूर्ण होती है. हमें उन्हें थोड़ा सहयोग और सम्मान देना चाहिए."
दूसरे यूजर ने लिखा, "वह दो छोटे बच्चों की मां हैं. एक बच्चा शिशु है और दूसरा छोटा है. इसके साथ वह रिपोर्टिंग भी करती हैं. यह आसान नहीं है. वह शानदार काम कर रही हैं और मैं उनकी स्थिति को पूरी तरह समझ सकता हूं." एक अन्य यूजर ने भी लिखा, "उनके दो छोटे बच्चे हैं. कृपया उन्हें लेकर नरमी बरतें."
ऑफिस में नींद से बचने के लिए क्या करें?
अगर आपकी अर्ली मॉर्निंग या लेट नाइट शिफ्ट होती है और काम के दौरान नींद आने लगती है, तो इन आसान तरीकों से आप खुद को एक्टिव रख सकते हैं-
1. हर 45 से 60 मिनट के बाद अपनी सीट से उठकर करीब 5 मिनट टहलें.
2. कुर्सी पर बैठे-बैठे हाथ-पैरों की हल्की स्ट्रेचिंग या एक्सरसाइज करें.
3. तेज नींद आने पर ठंडे पानी से चेहरा धोएं, इससे ताजगी महसूस होगी.
4. दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, क्योंकि शरीर में पानी की कमी से थकान बढ़ सकती है.
5. दोपहर के भोजन में बहुत भारी या अधिक कार्बोहाइड्रेट वाला खाना खाने से बचें.
6. सीमित मात्रा में चाय या कॉफी पी सकते हैं. कैफीन दिमाग को कुछ समय के लिए सक्रिय रखने में मदद कर सकती है.
7. अगर बहुत ज्यादा नींद आ रही हो तो किसी सहकर्मी से काम से जुड़ी हल्की बातचीत करें, इससे ध्यान भटकता है और नींद कम महसूस होती है.




