Begin typing your search...

Sonia Gandhi को था ब्रेस्ट कैंसर, महिलाएं ये साइन भूलकर भी न करें नजरअंदाज; जानें कौन सा टेस्ट है सबसे बेहतर

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में ब्रेस्ट कैंसर से जंग का खुलासा किया है. ब्रेस्ट में गांठ, त्वचा में बदलाव या निप्पल का अंदर मुड़ना जैसे संकेत दिखें तो महिलाएं अलर्ट हो जाएं, क्योंकि समय पर पहचान ही इलाज में अहम भूमिका निभाती है.

sonia gandhi
X
हेमा पंत
Edited By:हेमा पंत5 Mins Read

Updated on: 10 Nov 2026 1:49 PM IST

कई बार शरीर में होने वाले छोटे-छोटे बदलाव हमें सामान्य लगते हैं. हम सोचते हैं कि शायद यह थकान होगी, हार्मोन में बदलाव होगा या फिर कोई मामूली परेशानी. लेकिन कुछ बदलाव ऐसे भी होते हैं, जिन्हें नजरअंदाज करना भारी पड़ सकता है. खासकर महिलाओं के लिए ब्रेस्ट में होने वाले बदलावों को समझना बेहद जरूरी है. कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' में ब्रेस्ट कैंसर से जूझने और इटली के मिलान में इलाज कराने का खुलासा किया है.

सोनिया गांधी की इस बात ने एक बार फिर ब्रेस्ट कैंसर और समय पर इसकी पहचान की अहमियत पर ध्यान खींचा है. यह बीमारी हमेशा किसी बड़ी गांठ या तेज दर्द के साथ सामने नहीं आती है. ब्रेस्ट कैंसर से पहले स्तन का आकार बदलने लगता है. इसके अलावा, निप्पल से लिक्विड निकलना भी एक साइन है.

ब्रेस्ट कैंसर होने से पहले शरीर में दिख सकते हैं ये बदलाव

  • ब्रेस्ट कैंसर में स्तन की कोशिकाएं असामान्य तरीके से बढ़ने लगती हैं.समय पर पहचान और इलाज न मिलने पर यह आसपास के हिस्सों और शरीर के दूसरे अंगों तक फैल सकता है.इसके कुछ शुरुआती संकेत इस तरह हो सकते हैं:
  • स्तन में नई गांठ या किसी हिस्से का बाकी ऊतकों से अलग महसूस होना एक अहम संकेत है.जरूरी नहीं कि ऐसी गांठ में दर्द भी हो.
  • अगर एक ब्रेस्ट का आकार या बनावट अचानक बदलने लगे तो डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
  • ब्रेस्ट की स्किन सिकुड़ी हुई, धंसी हुई या संतरे के छिलके जैसी नजर आए तो इसे अनदेखा न करें.
  • निप्पल का अचानक अंदर की तरफ मुड़ना या उसके आसपास की त्वचा में बदलाव आना भी जांच की वजह हो सकता है.
  • बिना दबाव दिए निप्पल से लिक्विड निकलना, खासकर खून जैसा डिस्चार्ज होना, डॉक्टर को दिखाना चाहिए.
  • ब्रेस्ट में लगातार लालिमा, सूजन या त्वचा पर असामान्य बदलाव भी चेतावनी हो सकते हैं.
  • ब्रेस्ट के अलावा बगल या कॉलरबोन के आसपास सूजन या गांठ महसूस होना भी जांच की मांग करता है.

ध्यान रखें, इन लक्षणों का मतलब हर बार कैंसर होना नहीं है.कई बार गांठ सामान्य भी हो सकती है.लेकिन इसकी सही वजह जांच के बाद ही पता चलती है.

ब्रेस्ट कैंसर की जांच के लिए कौन सा टेस्ट है सबसे बेहतर?

ब्रेस्ट में कोई बदलाव महसूस होने पर अगला सवाल होता है कि आखिर इसकी जांच कैसे कराएं? आजकल इसके लिए कई तरह के टेस्ट मौजूद हैं. हालांकि, हर महिला के लिए एक ही जांच जरूरी नहीं होती. उम्र, लक्षण और परिवार में कैंसर का इतिहास देखकर डॉक्टर जांच का तरीका तय करते हैं.

मैमोग्राफी

ब्रेस्ट कैंसर की पहचान के लिए मैमोग्राफी सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाली जांचों में से एक है. इसमें एक्स-रे की मदद से ब्रेस्ट के अंदर की तस्वीर ली जाती है. इससे ऐसी गांठ या असामान्य बदलाव भी पकड़ में आ सकते हैं, जिन्हें हाथ से महसूस करना मुश्किल होता है. इसका इस्तेमाल स्क्रीनिंग के लिए भी किया जाता है. किस उम्र में और कितने अंतराल पर यह टेस्ट कराना चाहिए, इसके लिए डॉक्टर की सलाह जरूरी है.

ब्रेस्ट अल्ट्रासाउंड

अगर ब्रेस्ट में गांठ महसूस होती है या मैमोग्राफी में कोई बदलाव दिखाई देता है तो डॉक्टर अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दे सकते हैं. इसमें साउंड वेव्स की मदद से ब्रेस्ट के अंदर की तस्वीर बनाई जाती है. इससे पता लगाने में मदद मिलती है कि गांठ में लिक्विड है या वह ठोस है. यह मैमोग्राफी का ऑप्शन नहीं, बल्कि कई मामलों में उसकी मददगार जांच है.

ब्रेस्ट MRI

MRI में चुंबकीय क्षेत्र और रेडियो वेव्स की मदद से ब्रेस्ट की काफी बारीक तस्वीरें मिलती हैं. यह जांच खासतौर पर उन महिलाओं के लिए उपयोगी हो सकती है, जिनमें कैंसर का खतरा ज्यादा होता है. जैसे परिवार में ब्रेस्ट कैंसर का इतिहास होना या कुछ खास जेनेटिक बदलाव मिलना. हालांकि, हर महिला को MRI कराने की जरूरत नहीं पड़ती.

क्लिनिकल ब्रेस्ट एग्जामिनेशन

इसमें डॉक्टर हाथों से ब्रेस्ट और बगल के आसपास जांच करते हैं. वे किसी गांठ, सूजन या असामान्य बदलाव का पता लगाने की कोशिश करते हैं. भारत के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 30 साल और उससे अधिक उम्र की महिलाओं के लिए इस तरह की जांच को कैंसर स्क्रीनिंग कार्यक्रम में शामिल किया गया है.

महिलाएं अपनी सेहत को लेकर कैसे रहें अलर्ट?

ब्रेस्ट कैंसर के मामले में सबसे जरूरी है अपने शरीर में होने वाले बदलावों को समझना. महिलाएं समय-समय पर अपने ब्रेस्ट के आकार, त्वचा और निप्पल में होने वाले बदलावों पर ध्यान दें. अगर कोई नई गांठ या असामान्य लक्षण दिखाई दे तो खुद से बीमारी का अंदाजा लगाने के बजाय डॉक्टर से मिलें. इसके अलावा, परिवार में ब्रेस्ट कैंसर का इतिहास होने पर डॉक्टर से स्क्रीनिंग के बारे में जरूर बात करें. याद रखें, सिर्फ जांच में देरी न करना ही काफी नहीं है, बल्कि सही समय पर सही जांच कराना भी जरूरी है.

अगला लेख