Begin typing your search...

जिम्बाब्वे ने टेस्ट क्रिकेट में रचा इतिहास, 149 साल के इतिहास में पहली बार किया यह कारनामा

जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह टेस्ट में पहली पारी में 504 और दूसरी पारी में 523 रन बनाकर इतिहास रच दिया. टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में पहली बार किसी टीम ने एक ही मैच की दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाए. क्रेग इरविन ने नाबाद 206 रन बनाए, जबकि पांच दिन के मुकाबले में कुल 1,541 रन बने और मैच ड्रॉ रहा

Zimbabwe Make Test History: 500+ Runs in Both Innings vs Afghanistan
X

टेस्ट क्रिकेट के करीब 149 साल के इतिहास में जिम्बाब्वे ने ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो अब तक दुनिया की दिग्गज टीमें भी नहीं कर पाई थीं. भारत, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमों के नाम भी यह रिकॉर्ड दर्ज नहीं है. अफगानिस्तान के खिलाफ शारजाह में खेले गए टेस्ट मुकाबले में जिम्बाब्वे ने मैच की दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाकर इतिहास रच दिया. यह टेस्ट क्रिकेट में पहली बार हुआ है, जब किसी टीम ने एक ही मैच की दोनों पारियों में 500 रन का आंकड़ा पार किया हो. मुकाबला भले ही ड्रॉ पर खत्म हुआ, लेकिन जिम्बाब्वे की बल्लेबाजी ने इस मैच को ऐतिहासिक बना दिया.

शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में जिम्बाब्वे ने पहली पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 504 रन बनाए. टीम की ओर से ब्रेंडन टेलर ने 131 रन की दमदार पारी खेली, जबकि ब्रायन बेनेट ने 128 रन बनाकर उनका बखूबी साथ दिया. दोनों बल्लेबाजों के शतकों की बदौलत जिम्बाब्वे ने पहली पारी में बड़ा स्कोर खड़ा किया.

अफगानिस्तान की ओर से तीन बल्लेबाजों ने जड़ी सेंचुरी

जवाब में अफगानिस्तान की टीम भी पीछे नहीं रही. उसकी ओर से रहमत शाह, सेदिकुल्लाह अटल और रहमानुल्लाह गुरबाज ने शतक जड़े. अफगानिस्तान ने पहली पारी में 514 रन बनाकर जिम्बाब्वे पर 10 रन की बढ़त हासिल कर ली.


लेकिन मैच का सबसे बड़ा रिकॉर्ड अभी बनना बाकी था. दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने एक बार फिर गेंदबाजों को विकेट के लिए तरसा दिया. इस बार 41 साल के अनुभवी बल्लेबाज क्रेग इरविन ने मोर्चा संभाला और शानदार दोहरा शतक जड़ दिया.


वेस्ली मधेवेरे भी ठोका नाबाद शतक

इरविन 206 रन बनाकर नाबाद लौटे. उनके साथ वेस्ली मधेवेरे ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की और अपने टेस्ट करियर का पहला शतक लगाते हुए नाबाद 100 रन बनाए. दोनों की पारियों की बदौलत जिम्बाब्वे ने दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 523 रन बनाकर पारी घोषित कर दी.



इस तरह जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 504 और दूसरी पारी में 523 रन बनाए. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि किसी टीम ने एक ही मुकाबले की दोनों पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाए हों. इस उपलब्धि के साथ जिम्बाब्वे ने उन बड़ी क्रिकेट टीमों को भी पीछे छोड़ दिया, जो 149 साल के टेस्ट इतिहास में ऐसा नहीं कर सकीं.

टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक जड़ने वाले तीसरे उम्रदराज खिलाड़ी बने इरविन

दूसरी पारी में दोहरा शतक लगाने वाले क्रेग इरविन ने एक और खास उपलब्धि अपने नाम की. वह टेस्ट क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के तीसरे सबसे उम्रदराज बल्लेबाज बन गए.

Follow us on Whatsapp

यह मुकाबला बल्लेबाजों के दबदबे के लिए भी याद रखा जाएगा. पांच दिन के खेल में कुल 6 शतक लगे और दोनों टीमों ने मिलकर 1,541 रन बनाए. हालांकि पूरे मैच में सिर्फ 25 विकेट गिरे और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ.

Follow us on Instagram

जिम्बाब्वे के ब्रेंडन टेलर को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. नतीजा भले ही किसी टीम के पक्ष में नहीं आया, लेकिन जिम्बाब्वे ने अपने नाम ऐसा विश्व रिकॉर्ड दर्ज करा लिया, जिसकी चर्चा टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में लंबे समय तक होगी.

क्रिकेट न्‍यूज
अगला लेख