'माता सीता रानी लक्ष्मीबाई की तरह तलवार कैसे चला सकती हैं?' रामायण के एक्शन सीन पर भड़के मुकेश खन्ना, मेकर्स को सुनाई खरी-खोटी
'रामायण' में माता सीता के किरदार को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है. एक्टर मुकेश खन्ना ने फिल्म में दिखाए गए उनके लड़ाई वाले सीन पर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि माता सीता को इस तरह लड़ते दिखाना सही नहीं है.
फिल्म 'रामायण' में माता सीता के एक्शन सीन को लेकर अभिनेता मुकेश खन्ना ने नाराजगी जताई है. फिल्म में साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभा रही हैं. फिल्म के प्रचार में सामने आए एक दृश्य में सीता को लड़ते हुए दिखाया गया है. इसी पर मुकेश खन्ना ने सवाल उठाते हुए कहा कि माता सीता को रानी लक्ष्मीबाई की तरह तलवार चलाते और लड़ते हुए दिखाना सही नहीं है. उनके मुताबिक, वाल्मीकि रामायण में माता सीता के युद्ध करने का कोई जिक्र नहीं मिलता.
मुकेश खन्ना ने फिल्म के निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि रामायण जैसे धार्मिक ग्रंथ की कहानी में अपनी ओर से कुछ जोड़ना या हटाना ठीक नहीं है. अभिनेता ने यह भी पूछा कि क्या फिल्म बनाने वालों को कहानी की सच्चाई से ज्यादा इस बात की चिंता है कि 4,000 करोड़ रुपये का बजट कैसे वसूल होगा? हालांकि, उन्होंने साफ किया कि उन्होंने अभी तक पूरी फिल्म नहीं देखी है और उनकी नाराजगी सामने आए प्रचार वीडियो और लोगों की प्रतिक्रियाओं पर आधारित है.
क्या 'रामायण' के मेकर्स को सिर्फ कमाई की चिंता है?
'शक्तिमान' के नाम से मशहूर मुकेश खन्ना ने अपने हालिया वीडियो ब्लॉग में फिल्म के निर्माताओं की सोच पर सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि आज रामायण को लेकर चर्चा उसकी कहानी और मूल भाव के बजाय फिल्म के बजट और कमाई पर केंद्रित हो गई है. खन्ना ने फिल्म के कथित 4,000 करोड़ रुपये के बजट का जिक्र करते हुए पूछा कि क्या निर्माताओं के लिए सबसे बड़ी चिंता यह है कि फिल्म पर खर्च किए गए पैसे कैसे वापस आएंगे? उन्होंने कहा कि असली सवाल यह होना चाहिए कि दर्शकों को रामायण की कथा सही तरीके से दिखाई जा रही है या नहीं.
क्यों मुकेश खन्ना हुए नाराज?
मुकेश खन्ना ने फिल्म में माता सीता के एक्शन सीन को लेकर सबसे ज्यादा आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि माता सीता को रानी लक्ष्मीबाई या आज की फिल्मों की एक्शन करने वाली एक्ट्रेसेस की तरह लड़ते हुए दिखाना मूल रामायण की कथा से मेल नहीं खाता. एक्टर के मुताबिक, उन्होंने वाल्मीकि रामायण पढ़ी है और उसमें माता सीता के युद्ध करने का कोई प्रसंग नहीं मिलता. उन्होंने सवाल किया कि अगर माता सीता इतनी बड़ी योद्धा थीं, तो रावण उन्हें बिना किसी विरोध के अपने साथ कैसे ले गया? खन्ना ने माता सीता के व्यक्तित्व को सेवा, त्याग और मर्यादा से जोड़ते हुए कहा कि उन्हें एक योद्धा के रूप में पेश करना उचित नहीं है.
'दूसरे धर्मों के ग्रंथों से ऐसा कर सकते हैं क्या?'
मुकेश खन्ना ने प्रोडूसर नमित मल्होत्रा के उस एक्सप्लनेशन पर भी नाराजगी जताई, जिसमें बताया गया था कि माता सीता का एक्शन सीन वाल्मीकि रामायण से नहीं, बल्कि अद्भुत रामायण से लिया गया है.इस पर एक्टर ने कहा कि रामायण जैसे धार्मिक महाकाव्य में अपनी कल्पना से कुछ जोड़ने या हटाने की छूट नहीं होनी चाहिए. उन्होंने सवाल किया कि क्या किसी दूसरे धर्म के पवित्र ग्रंथों के साथ भी इस तरह बदलाव करने की हिम्मत दिखाई जा सकती है? हालांकि, खन्ना ने यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने अभी तक पूरी फिल्म नहीं देखी है. उनकी आपत्तियां फिल्म के प्रचार में सामने आए दृश्यों और दर्शकों की प्रतिक्रियाओं पर आधारित हैं. बता दें कि नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रवि दुबे लक्ष्मण और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं. माता सीता के चित्रण को लेकर उठे इस विवाद ने फिल्म की चर्चा को एक नया मोड़ दे दिया है.




