कोरोना का नया वैरियंट PJ.2.1 क्या? कौन से लक्षण दिखते हैं, PCR टेस्ट कितना कारगर, जानें FAQ से सबकुछ
कोरोना का नया वेरिएंट PJ.2.1 एक बार फिर चर्चा में है. इसके लक्षण सामान्य सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे हैं, लेकिन गले में तेज दर्द और लंबे समय तक थकान कुछ मरीजों में देखने को मिल सकती है.
कोरोना का नाम सुनते ही लोगों को एक बार फिर संक्रमण का डर सताने लगता है. अब कोरोना के नए वेरिएंट PJ.2.1 को लेकर चर्चा तेज हो गई है. इस वेरिएंट के लक्षण आम सर्दी-जुकाम और फ्लू जैसे हो सकते हैं. ऐसे में सिर्फ खांसी, बुखार या गले में दर्द देखकर यह पहचानना मुश्किल है कि किसी व्यक्ति को सामान्य वायरल संक्रमण हुआ है या कोरोना. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने भी कहा है कि इन बीमारियों के लक्षण एक-दूसरे से मिलते-जुलते हो सकते हैं.
PJ.2.1 कोरोना वायरस का एक नया स्ट्रेन है, जिसके मामले इसी साल जून में अमेरिका में सामने आए थे.अब इस वेरिएंट पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों और WHO की नजर बनी हुई है.WHO के मुताबिक, इससे होने वाले संक्रमण के लक्षण सामान्य फ्लू और दूसरी सांस से जुड़ी बीमारियों जैसे हो सकते हैं. इसलिए इसे पहचानने के लिए केवल लक्षणों पर निर्भर रहना सही नहीं है.
इस वेरिएंट से संक्रमित होने पर कुछ लोगों में सामान्य वायरल संक्रमण जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं. इनमें बुखार आना, गले में खराश या तेज दर्द, सूखी या लगातार खांसी, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द और बदन दर्द और थकान शामिल है. कुछ विशेषज्ञों ने गले में ज्यादा दर्द और संक्रमण से ठीक होने के बाद भी लंबे समय तक थकान बने रहने की बात कही है. हालांकि, ये लक्षण केवल PJ.2.1 के लिए खास नहीं हैं.
PCR टेस्ट से शरीर में कोरोना वायरस यानी SARS-CoV-2 के संक्रमण का पता लगाया जा सकता है. वहीं, रैपिड एंटीजन टेस्ट वायरस के खास प्रोटीन की पहचान करता है. लेकिन सामान्य कोविड टेस्ट से यह पता नहीं चलता कि संक्रमण किस वेरिएंट से हुआ है. PJ.2.1 की पुष्टि के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग की जरूरत पड़ती है.इसमें वायरस के जेनेटिक बदलावों की जांच की जाती है.
किसी नए वेरिएंट के सामने आने का मतलब यह नहीं है कि वह पहले के मुकाबले ज्यादा खतरनाक ही होगा. इसके खतरे को समझने के लिए संक्रमण फैलने की क्षमता, बीमारी की गंभीरता और अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों से जुड़े आंकड़ों का अध्ययन जरूरी है. WHO इस वेरिएंट के फैलाव पर नजर रख रहा है.फिलहाल केवल लक्षणों के आधार पर इसकी गंभीरता तय नहीं की जा सकती.
हां, ऐसा हो सकता है. इसकी वजह यह है कि कोरोना, फ्लू और सामान्य वायरल संक्रमण के कई लक्षण एक जैसे होते हैं. उदाहरण के लिए, तीनों में बुखार, खांसी, गले में दर्द और नाक बहने की परेशानी हो सकती है. ऐसे में सिर्फ लक्षण देखकर बीमारी का सही पता लगाना मुश्किल है.जरूरत पड़ने पर डॉक्टर टेस्ट कराने की सलाह दे सकते हैं.
कुछ लोगों में सांस से जुड़े संक्रमण गंभीर रूप ले सकते हैं.इसलिए इन लोगों को खास ध्यान रखना चाहिए. बुजुर्ग व्यक्ति, कमजोर इम्यूनिटी वाले लोग, डायबिटीज के मरीज, दिल और फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोग, पहले से किसी गंभीर बीमारी का इलाज करा रहे मरीज. इन लोगों को बुखार, लगातार खांसी या गले में तेज दर्द होने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
कोरोना के इस वेरिएंट से बचने के लिए कुछ सामान्य सावधानियां अपनाना जरूरी है. भीड़भाड़ वाली जगहों पर जरूरत पड़ने पर मास्क पहनें.खांसते या छींकते समय मुंह और नाक को ढकें. हाथों की सफाई का ध्यान रखें और बीमार होने पर दूसरों के संपर्क में आने से बचें. अगर बुखार या खांसी जैसे लक्षण लंबे समय तक बने रहते हैं तो जांच कराएं. सांस लेने में परेशानी या सीने में लगातार दर्द होने पर तुरंत अस्पताल जाएं.




