बेडरूम में खून से लथपथ मिली पाक एंकर राबिया, हाथ में पिस्टल लेकर खड़ा था शौहर; गोली चलने की बताई ये वजह
पाकिस्तानी एंकर राबिया अहसान की रावलपिंडी स्थित घर में गोली मारकर हत्या. बेडरूम में मिला शव, पति हिरासत में; जानिए वारदात के वक्त क्या हुआ था.
पाकिस्तान के रावलपिंडी में टीवी एंकर राबिया अहसान की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत हो गई. 41 साल की राबिया का शव उनके ही बेडरूम में मिला. उनकी बहन जब कमरे में पहुंची तो राबिया खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थीं और पति अहसान ताहिर के हाथ में पिस्टल थी.
पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर हत्या का केस दर्ज किया है. पति ने गोली गलती से चलने की बात कही, आरोपी पति को दो दिन जल पुलिस कि हिरासत में रखा गया लेकिन पुलिस की जांच में कई सवाल खड़े हुए हैं. आखिर कौन थीं राबिया अहसान, उस दोपहर उनके घर में क्या हुआ और गोली चलने के पीछे क्या वजह थी? पढ़िए पूरी कहानी.
कौन थी राबिया अहसान, जिनकी घर में ही गोली मारकर हत्या हुई?
1. पाकिस्तानी टीवी एंकर थीं राबिया: राबिया अहसान पाकिस्तान की पत्रकार और टीवी एंकर थीं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह 92 न्यूज चैनल से जुड़ी हुई थीं. 41 साल की राबिया की रावलपिंडी स्थित उनके घर में गोली लगने से मौत हो गई.
2. दो बेटियों की मां थीं राबिया: राबिया अपने परिवार के साथ रहती थीं. वह दो बेटियों की मां थीं. उनके पति का नाम अहसान ताहिर है, जो ओवरसीज पाकिस्तान फाउंडेशन (OPF) में डिप्टी डायरेक्टर के पद पर कार्यरत बताए गए हैं.
3 बजे बेडरूम में चली गोली, फिर सामने आया खौफनाक मंजर
3. रविवार दोपहर करीब 3 बजे हुई वारदात: FIR के मुताबिक, राबिया को उनके बेडरूम में गोली मारी गई. घटना के वक्त उनकी मां और बहन अल्वीना घर के लॉन में मौजूद थीं. अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी तो परिवार में अफरा-तफरी मच गई.
4. बहन कमरे में पहुंची तो खून से लथपथ पड़ी थीं राबिया: गोली की आवाज सुनकर राबिया की बहन अल्वीना दौड़कर बेडरूम में पहुंचीं. वहां राबिया फर्श पर खून से लथपथ पड़ी थीं. बताया गया कि उसी समय उनके पति अहसान ताहिर के हाथ में पिस्टल थी. इस दृश्य ने पूरे मामले को और गंभीर बना दिया.
5. शरीर पर मिले गोली लगने के दो निशान: घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती जांच में राबिया के शरीर पर गोली के दो घाव पाए. एक निशान गर्दन के नीचे और दूसरा पीठ के दाहिने हिस्से में था. इसके बाद मामले में फॉरेंसिक जांच शुरू की गई.
6. मौके से बरामद हुई .30 बोर की पिस्टल: पंजाब फॉरेंसिक साइंस अथॉरिटी (PFSA) ने घटनास्थल से कथित हत्या में इस्तेमाल पिस्टल और कारतूस बरामद किए. यह .30 बोर की पिस्टल बताई गई है. पुलिस पूछताछ के दौरान पति अहसान ताहिर इसके लिए वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सके.
पति ने कहा- गलती से चली गोली, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस
7. घरेलू कर्मचारी ने पुलिस को बताई पति की बात: पाकिस्तानी अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, घर में काम करने वाले एक पुरुष कर्मचारी ने पुलिस को बताया कि अहसान ताहिर ने गोली गलती से चलने की बात कही थी. हालांकि, पुलिस ने इस दावे को अंतिम सच नहीं माना है और मामले की जांच जारी है.
8. पति हिरासत में, धारा 302 के तहत केस दर्ज: पुलिस ने अहसान ताहिर को हिरासत में लिया है. घटनास्थल से हथियार मिलने, परिवार के बयान और अन्य परिस्थितियों के आधार पर पाकिस्तान पीनल कोड की धारा 302 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया है. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गोली किन परिस्थितियों में चली और इसके पीछे क्या वजह थी.
पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी ने जताया दुख, उठाए महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल
9. आसिफा भुट्टो-जरदारी ने की निष्पक्ष जांच की मांग: पाकिस्तान की फर्स्ट लेडी आसिफा भुट्टो-जरदारी ने राबिया अहसान की हत्या पर गहरा दुख जताया. उन्होंने घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ जवाबदेही तय करने की मांग की.
10. हिना जावेद की हत्या का भी किया जिक्र: फर्स्ट लेडी ने इससे पहले मारी गई एक अन्य कामकाजी महिला हिना जावेद का मामला भी उठाया. उन्होंने कहा कि तीन महीने से भी कम समय पहले हिना की हत्या हुई थी, लेकिन उसकी जांच का नतीजा अब तक सामने नहीं आया है. उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा पर चिंता जताते हुए कहा कि महिलाओं को अपनी जान के डर के बिना जीने और काम करने का अधिकार होना चाहिए.
आखिर राबिया अहसान को क्यों मारी गई गोली?
इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल हत्या की वजह को लेकर है. क्या पति-पत्नी के बीच कोई विवाद था? क्या गोली सचमुच दुर्घटनावश चली या इसके पीछे कोई दूसरी वजह थी? फिलहाल पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर पति को हिरासत में लिया है, लेकिन हत्या का मकसद अभी आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है.




