Paid Menstrual Leave: स्पेन-इंडोनेशिया-जापान ही नहीं भारत के इन-इन राज्यों में भी मिलती है पेड पीरियड लीव
पीरियड लीव को लेकर देश-दुनिया में बहस लगातार जारी है.कुछ लोग इसे महिलाओं की सेहत और आराम के लिए जरूरी मानते हैं, तो कुछ लोग इसे अलग नजरिए से देखते हैं. हालांकि, भारत के कई राज्यों में पेड पीरियड लीव मिलती है.
Paid Menstrual Leave: हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने पीरियड लीव को लेकर दायर एक याचिका को खारिज कर दिया है. इस याचिका में मांग की गई थी कि कामकाजी महिलाओं और स्टूडेंट्स को पीरियड्स के दौरान पेड छुट्टी देने के लिए देशभर में नियम बनाए जाएं. अदालत के इस फैसले के बाद एक बार फिर यह बहस तेज हो गई है कि क्या महिलाओं को पीरियड्स के दौरान खास छुट्टी मिलनी चाहिए या नहीं?
दरअसल, पीरियड्स एक नैचुरल और बायोलॉजिकल प्रोसेस है, जिससे हर महिला को हर महीने गुजरना पड़ता है. इन दिनों कई महिलाओं को दर्द, कमजोरी, थकान और असहजता जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. दिलचस्प बात यह है कि दुनिया के कई देशों में महिलाओं को पीरियड लीव दी जाती है. इतना ही नहीं, भारत में भी कुछ राज्यों और संस्थानों में यह सुविधा पहले से मौजूद है. चलिए किन-किन राज्यों में महिलाओं को मिलती है मेंस्ट्रुअल लीव
भारत के किन राज्यों में मिलती है पीरियड लीव
भारत में अभी पूरे देश के स्तर पर पीरियड लीव का कोई एक समान कानून नहीं है, लेकिन कुछ राज्यों और संस्थानों ने इस दिशा में पहल की है.
क्या बिहार में मिलती है मेंस्टुअल लीव?
बिहार इस मामले में काफी आगे रहा है. यहां 1992 से ही राज्य सरकार की महिला कर्मचारियों को हर महीने 2 दिन की पेड पीरियड लीव दी जाती है.
क्या ओडिशा में है पीरियड लीव का कानून?
ओडिशा सरकार ने कामकाजी महिलाओं को राहत देने के लिए पीरियड लीव कानून बनाया हुआ है. यहां महिलाओं को पीरियड्स के दौरान हर महीने एक दिन की पेड छुट्टी ले सकती हैं.
केरल
केरल भी इस लिस्ट में शामिल है. यहां के कुछ एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले बच्चों को पीरियड लीव मिलती है. कोचीन विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (CUSAT) सहित कई संस्थानों में छात्राओं को इस दौरान छुट्टी मिलती है.
कर्नाटक में कितने दिन की मिलती है पीरियड लीव?
कर्नाटक में कामकाजी महिलाओं के लिए खास सुविधा दी गई है. यहां सरकारी और प्राइवेट दोनों सेक्टर में महिलाओं को हर महीने एक दिन की पेड पीरियड लीव लेने का अधिकार दिया गया है.
सिक्किम में किस सेक्टर की महिलाओं के लिए है?
सिक्किम में हाई कोर्ट की रजिस्ट्री में काम करने वाली महिला कर्मचारियों को महीने में 2 से 3 दिन की छुट्टी दी जाती है.वहीं सिक्किम विश्वविद्यालय में छात्राओं को भी एक दिन की पीरियड लीव मिलती है.
प्राइवेट कंपनियां भी दे रही हैं सुविधा
भारत में कुछ निजी कंपनियां भी इस दिशा में पहल कर रही हैं. फूड डिलीवरी कंपनी जोमैटो जैसी कई स्टार्टअप कंपनियां अपनी महिला कर्मचारियों को साल में करीब 10 दिन की पेड पीरियड लीव देती हैं.