मौसम ने लिया करवट, दिल्ली-नोएडा में धूलभरी आंधी; इन राज्यों में आंधी-ओले और तूफान का खतरा

अप्रैल की शुरुआत में दो मजबूत पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर भारत समेत कई राज्यों में मौसम अचानक खराब हो सकता है. तेज आंधी, बारिश, बिजली गिरने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी, लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह.

Weather Alert(Image Source:  AI Sora )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 3 April 2026 7:50 AM IST

अप्रैल की शुरुआत इस बार मौसम के काफी बदलते और अनिश्चित तेवर के साथ हो रही है.  देश के कई हिस्सों में एक तरफ तो धूप खिली हुई है, तो दूसरी तरफ कहीं-कहीं तेज बारिश, आंधी-तूफान और ओलावृष्टि का खतरा मंडरा रहा है.  मौसम विभाग ने इस हफ्ते खासतौर पर उत्तर-पश्चिम भारत में दो मजबूत पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस) सक्रिय होने की चेतावनी जारी की है. इन दोनों सिस्टम्स के कारण कई राज्यों में अचानक मौसम खराब हो सकता है। लोगों को धूल भरी तेज आंधी, कड़कती बिजली, तेज हवाओं और कभी-कभी ओले गिरने की भी संभावना है. 

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस हफ्ते कुल दो मजबूत पश्चिमी विक्षोभ एक के बाद एक सक्रिय होने जा रहे हैं. पहला विक्षोभ 3 और 4 अप्रैल के आसपास काफी प्रभावी रहेगा, जबकि दूसरा विक्षोभ 7 अप्रैल के आसपास अपना असर दिखाएगा. इन दोनों सिस्टम्स की वजह से उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में बारिश, तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बिजली चमकने और कई जगहों पर ओले गिरने की काफी अच्छी संभावना बन रही है. खासकर कश्मीर घाटी में 3 और 4 अप्रैल को भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहां कुछ इलाकों में तेज बारिश के साथ ओले भी पड़ सकते हैं. 

दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 3 और 4 अप्रैल को मौसम अचानक से बहुत खराब हो गया है. इन दिनों इन इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है. साथ ही कड़कती बिजली चमक सकती है और हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है. कई जगहों पर ओले गिरने का भी खतरा है. इसके बाद 7 और 8 अप्रैल को इन राज्यों में फिर से एक नया सिस्टम सक्रिय होगा. उस दौरान हल्की से मध्यम बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसलिए इन दिनों बाहर निकलते समय सावधानी बरतना जरूरी होगा. 

उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 3 अप्रैल को हल्की बारिश और आंधी आने की संभावना है. 4 और 5 अप्रैल को यहां 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज आंधी चल सकती है. साथ ही ओलावृष्टि यानी ओले गिरने का भी खतरा बना रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 5 अप्रैल को ओले पड़ने की संभावना जताई गई है. इसलिए किसानों और आम लोगों को इन दिनों फसलों की सुरक्षा के लिए पहले से तैयारी रखनी चाहिए. 

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश-बिजली का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 3 से 6 अप्रैल तक मौसम काफी सक्रिय और खराब रहने वाला है. इन दिनों इन राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज के साथ बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की उम्मीद है. 3 और 4 अप्रैल को तो इन इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की बहुत तेज आंधी चलने का खतरा है. 4 अप्रैल को उत्तराखंड और 3-4 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश में ओले गिर सकते हैं. 7 और 8 अप्रैल को एक और नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिसकी वजह से इन दोनों राज्यों में फिर से बारिश, ऊंचे इलाकों में बर्फबारी और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है. 

झारखंड, बंगाल और ओडिशा में बारिश का अलर्ट

पूर्वी भारत में भी मौसम का असर दिखाई देगा. पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 5 से 7 अप्रैल के बीच हल्की से मध्यम बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. झारखंड में 4 अप्रैल को बारिश और आंधी आ सकती है, जबकि 5 और 6 अप्रैल को यहां 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज आंधी (थंडरस्क्वॉल) चलने का खतरा है. ओडिशा में अगले पांच दिनों तक यानी करीब 2 से 6 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रह सकता है. 

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में मौसम का हाल

मध्य भारत यानी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले पांच दिनों (लगभग 2 से 6 अप्रैल) तक मौसम बदला हुआ रहेगा. यहां हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी मध्य प्रदेश में 3 और 4 अप्रैल को तेज आंधी (50-70 किमी/घंटा) चलने की संभावना है. पूरे मध्य प्रदेश में 2 से 4 अप्रैल के बीच ओलावृष्टि यानी ओले गिरने का खतरा है। छत्तीसगढ़ में खासकर 4 अप्रैल को ओले पड़ सकते हैं. 

बिहार में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी

बिहार में 5 से 8 अप्रैल के बीच मौसम काफी खराब रहने वाला है. इस दौरान पूरे राज्य में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चल सकती है. साथ ही कड़कती बिजली और बारिश का खतरा बना रहेगा. लोगों को इन दिनों घर से बाहर निकलते समय सतर्क रहना चाहिए. 

Similar News