8 राज्यों में बारिश-आंधी का खतरा, दिल्ली में गिरा तापमान; उत्तराखंड में बर्फबारी जारी
देश के 8 राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है, जहां तेज हवाओं और बारिश की संभावना है. दिल्ली में तापमान गिरने से ठंडक बढ़ी है, जबकि अन्य राज्यों में मौसम का अलग-अलग असर देखने को मिल रहा है.
दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत कुल 8 राज्यों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी कर दिया गया है. इन इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी और तूफान की भी संभावना जताई गई है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, उत्तर भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक आंधी-बारिश का सिलसिला कुछ कम हो सकता है. लेकिन देश के कई अन्य राज्यों में भारी बारिश का कहर अभी भी जारी रहने वाला है. इस बीच देश की राजधानी दिल्ली का न्यूनतम तापमान काफी गिरकर 16.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सुबह-शाम ठंडक का अहसास हो रहा है. जानते हैं आने वाले दिनों में कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर
दिल्ली और आसपास के इलाकों में अभी मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है. अगले एक हफ्ते तक आसमान में हल्के-हल्के बादल छाए रहेंगे और सूरज भी बीच-बीच में निकलता रहेगा. दिन में धूप और बादलों का यह मिश्रण लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत देगा.सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक भी महसूस होगी. पिछले कुछ दिनों में तापमान गिरने की वजह से मौसम मार्च के शुरुआती दिनों जैसा लग रहा है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और हल्की हवाओं के कारण हो रहा है. तापमान की बात करें तो:
- दिन का अधिकतम तापमान 30 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है
- रात का न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा
10 अप्रैल को मौसम ज्यादातर साफ रहेगा और 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. 11 और 12 अप्रैल को भी दिल्ली का मौसम साफ ही रहने वाला है। तेज लू चलने की अभी कोई संभावना नहीं है.
उत्तर प्रदेश
उत्तर प्रदेश में अभी मौसम काफी ठंडा और सुहावना बना हुआ है. अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का दौर थम जाएगा. लेकिन 15 अप्रैल तक एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है. लखनऊ में 10 और 11 अप्रैल को हल्के बादल छाए रहेंगे. 12 से 14 अप्रैल तक मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इस दौरान दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.
राजस्थान
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी भी बना हुआ है. कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन 10 अप्रैल से मौसम में सुधार होने की उम्मीद है. ज्यादातर जगहों पर मौसम शुष्क (सूखा) रहने वाला है. IMD के मुताबिक 10 अप्रैल से अगले 4-5 दिनों तक राज्य में शुष्क मौसम रहेगा. 11 अप्रैल से तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है. श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर जैसे जिलों में ओले गिरने और तेज बारिश की संभावना है. जयपुर में भी भारी बारिश हो सकती है, जिससे तापमान थोड़ा गिरेगा. फिलहाल 10 से ज्यादा शहरों में दिन का तापमान 30 डिग्री से नीचे चला गया है. जोधपुर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, दौसा, अलवर, टोंक, भरतपुर और धौलपुर समेत कई जिलों में बारिश के आसार हैं. हालांकि इस साल मई और जून में बहुत तेज गर्मी पड़ने की आशंका जताई जा रही है.
मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में 10 अप्रैल से साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव दिखेगा. 11 अप्रैल से मौसम फिर शुष्क हो जाएगा। प्रदेश के 32 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इन जिलों में शामिल हैं- भोपाल, विदिशा, रायसेन, सिहोर, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकला, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, अनूपपुर, शहडोल, जबलपुर, बालाघाट, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़ और कई अन्य.
बिहार
बिहार में पिछले कई दिनों से लगातार आंधी और बारिश हो रही है. 10 अप्रैल को भी 30 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चलने की संभावना है. अब धीरे-धीरे पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव कम हो रहा है. IMD ने अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड
हिमाचल प्रदेश में 10 अप्रैल को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. ऊंचे पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी भी संभव है. इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. शिमला, कांगड़ा, कसौल, कुफरी समेत कई इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी जारी है, जबकि मैदानी इलाकों में धूप निकल रही है. 10 अप्रैल को राज्य में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. बारिश और बर्फबारी की वजह से तापमान में गिरावट देखी जा सकती है.