कैसा रहेगा पूरे अप्रैल महीने का मौसम? बारिश को लेकर IMD की चेतावनी

अप्रैल का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन मौसम का मिजाज अब भी बिगड़ा हुआ है. देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है.

दिल्ली में बारिश

(Image Source:  ANI )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

April Weather: अप्रैल का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन मौसम का मिजाज अब भी बिगड़ा हुआ है. देश के कई हिस्सों में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. खासकर उत्तर भारत के राज्यों में मौसम की मार साफ देखने को मिल रही है, जहां बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की घटनाएं आम होती जा रही हैं.

मौसम विभाग ने अप्रैल की शुरुआत को लेकर भी राहत भरी खबर नहीं दी है. विभाग के मुताबिक, महीने के शुरुआती दिन चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं, खासकर किसानों के लिए. 1 अप्रैल 2026 को देश के 19 राज्यों में तेज बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है.

1 अप्रैल को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल को कई राज्यों में तेज बारिश के साथ 60 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी राजस्थान में भारी बारिश और तूफान की संभावना जताई गई है.

किसानों की क्यों बढ़ी टेंशन?

लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की परेशानी बढ़ा दी है. फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी हुई है, जिससे कृषि क्षेत्र पर इसका सीधा असर पड़ सकता है. अप्रैल के शुरुआती दिनों में खराब मौसम की चेतावनी ने चिंता और बढ़ा दी है.

कैसा रहेगा पूरे अप्रैल महीने में मौसम?

मौसम विभाग के मुताबिक, अप्रैल महीने में पूरे देश में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है. इस दौरान बारिश सामान्य से 112% तक अधिक हो सकती है. देशभर में अप्रैल के दौरान करीब 39.2 मिमी बारिश होने का अनुमान है. पूर्वोत्तर भारत को छोड़कर बाकी अधिकांश हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश के आसार हैं.

कैसा रहेगा तापमान?

अप्रैल में अधिकतम तापमान ज्यादातर क्षेत्रों में सामान्य या सामान्य से कम रहने की संभावना है. हालांकि, पूर्वी, पूर्वोत्तर, उत्तर-पश्चिमी और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है. वहीं, न्यूनतम तापमान देश के अधिकतर हिस्सों में सामान्य से ऊपर रहने की संभावना जताई गई है. इसका मतलब है कि दिन में मौसम सुहावना लग सकता है, लेकिन रातें गर्म रह सकती हैं जिससे कुल मिलाकर गर्मी का असर बना रहेगा.

Similar News