कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी नई किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपने रिश्तों और राजनीतिक मतभेदों को लेकर कई बातें लिखी हैं. बाजार में आई इस किताब में उन्होंने दावा किया है कि प्रधानमंत्री मोदी से उनकी मुलाकातें तो होती हैं, लेकिन दोनों के बीच कभी कोई वास्तविक बातचीत या व्यक्तिगत जुड़ाव नहीं रहा. सोनिया गांधी के मुताबिक संसद के औपचारिक कार्यक्रमों में दोनों का आमना-सामना होता है, जहां वे एक-दूसरे को नमस्ते करते हैं, लेकिन प्रधानमंत्री उनसे नजरें मिलाने से बचते हैं.

सोनिया गांधी ने किताब में प्रधानमंत्री मोदी की राजनीतिक सोच, आरएसएस से उनके वैचारिक जुड़ाव और भारत को लेकर उनके नजरिए पर भी टिप्पणी की है. उन्होंने लिखा है कि मोदी और उनके भारत के विचार एक-दूसरे से बिल्कुल अलग हैं.

पीएम मोदी को लेकर क्या लिखा?

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि नरेंद्र मोदी एक दशक से ज्यादा समय से देश के प्रधानमंत्री हैं और यह उनका तीसरा कार्यकाल है, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच कभी कोई वास्तविक संपर्क नहीं बन पाया. उन्होंने लिखा "नरेंद्र दामोदरदास मोदी इस लेख को लिखे जाने तक 12 साल से ज़्यादा समय से भारत के प्रधानमंत्री हैं और अब उनका यह तीसरा कार्यकाल है. आज तक, मेरा उनसे असल में कोई संपर्क नहीं रहा है."

उन्होंने बताया कि संसद के हर सत्र के बाद बड़े राजनीतिक दलों के नेता लोकसभा अध्यक्ष के चैंबर में मिलते हैं. इसी दौरान उनकी प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात होती है. सोनिया के अनुसार, ऐसी मुलाकातों में दोनों केवल औपचारिक नमस्ते करते हैं.

क्यों नजरें नहीं मिलाते पीएम मोदी?

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के व्यवहार की तुलना पहले के प्रधानमंत्रियों और राजनीतिक नेताओं से भी की है. उनका कहना है कि पहले अलग-अलग विचारधारा वाले नेता भी एक-दूसरे के साथ सहजता और सम्मान से पेश आते थे, लेकिन मौजूदा प्रधानमंत्री का व्यवहार इससे अलग है. उन्होंने लिखा, "हम सेमी-ऑफिशियल मीटिंग में मिलते हैं. जैसे, हर पार्लियामेंट सेशन के आखिर में, जब बड़ी पार्टियों के नेता आम तौर पर स्पीकर के चैंबर में इकट्ठा होते हैं. यह बहुत छोटा कमरा होता है और आमतौर पर बहुत से लोग होते हैं, लेकिन जब वह मुझसे आमने-सामने आते हैं, तो हम एक-दूसरे को फॉर्मल नमस्ते कहते हैं. यह पहले से अलग है, जब अलग-अलग पार्टियों के नेता एक-दूसरे से अच्छे से पेश आते थे. वह अक्सर नजरें फेर लेते हैं, नजरें मिलाने से बचते हैं."

अस्पताल से लौटने पर क्या बोले थे PM मोदी?

सोनिया गांधी ने किताब में एक घटना का जिक्र भी किया है. उन्होंने बताया कि जब वह कई बार अस्पताल से वापस लौटीं, तो प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे उनकी तबीयत के बारे में पूछा था. सोनिया के मुताबिक, मोदी ने उनसे कहा, " ठीक हैं आप ?" जिस पर उन्होंने जवाब दिया, " जी, अब मैं ठीक हूं, शुक्रिया."

भारत को लेकर क्या है मोदी-सोनिया की सोच?

किताब में सोनिया गांधी ने भारत को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विचारधारा पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने दावा किया है कि मोदी का भारत को देखने का नजरिया आरएसेस के विचारकों और उनके बचपन के अनुभवों से बना है. सोनिया गांधी ने लिखा "मैंने भारत के बारे में जो कुछ भी सीखा, वह मेरे परिवार के सदस्यों, उनकी सेवा भरी ज़िंदगी और एक ऐसे देश में उनके विश्वास से सीखा, जिसमें कई नस्लें, संस्कृतियां, भाषाएं और धर्म शामिल हैं, जो सभी के लिए आज़ादी और बराबरी के सिद्धांतों पर आधारित है. नरेंद्र मोदी का भारत का आइडिया RSS के विचारकों और उनके अपने बचपन के अनुभव से बना है. इसने एक कट्टरपंथ को बढ़ावा दिया जिसमें उनका विश्वास और संस्कृति बाकी सबसे ऊपर थी."

संसद में PM मोदी की भाषा पर क्या लिखा?

सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी के संसद में बोलने के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री कई बार संसद में भी वैसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं, जैसी वह सार्वजनिक रैलियों में करते हैं. उन्होंने लिखा, "संसद में बोलते समय, वह कभी-कभी वैसी ही घटिया भाषा का इस्तेमाल करते हैं जैसी वह किसी पब्लिक रैली में करते हैं. ज़्यादातर समय वह विपक्ष का मज़ाक उड़ाते हैं जिसे सिर्फ़ तीखा हमला ही कहा जा सकता है. हमारे पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू, अपनी पार्टी की दुश्मनी का खास निशाना हैं, क्योंकि उन्होंने हमारे देश को डेमोक्रेटिक और सेक्युलर रास्ते पर आगे बढ़ाया था."