कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' इन दिनों अपने खुलासों को लेकर चर्चा में है. इस किताब में उन्होंने इटली के एक छोटे से गांव से भारत आने, गांधी परिवार की बहू बनने, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी की हत्या के दर्द और अपनी निजी जिंदगी के कई अनुभव साझा किए हैं. इसी बीच पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को लेकर किए गए एक दावे पर नया विवाद खड़ा हो गया है.

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि साल 2010 में प्रणब मुखर्जी ने उनसे बातचीत के दौरान कहा था कि शायद अब शीर्ष स्तर पर बदलाव का समय आ गया है. सोनिया ने इस बात को प्रणब मुखर्जी की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा से जोड़कर देखा है. अब उनके इस दावे पर प्रणब मुखर्जी की बेटी शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखना कोई अपराध नहीं है और उनके पिता में इस पद के लिए जरूरी अनुभव और योग्यता थी.

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने क्यों उठाए सवाल?

सोनिया गांधी ने अपनी किताब में साल 2010 की एक बातचीत का जिक्र किया है. उनके मुताबिक, उस समय कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रणब मुखर्जी ने उनसे कहा था कि शायद अब पार्टी के शीर्ष नेतृत्व में बदलाव होना चाहिए. सोनिया गांधी ने इस टिप्पणी को उनके प्रधानमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा के संकेत के तौर पर देखा. इस दावे पर शर्मिष्ठा मुखर्जी ने नाराजगी जताई है. उनका कहना है कि राजनीति में किसी वरिष्ठ नेता की प्रधानमंत्री बनने की इच्छा होना बिल्कुल सामान्य बात है. उनके पिता ने दशकों तक राजनीति में काम किया था और कई महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली थी. ऐसे में उनकी राजनीतिक महत्वाकांक्षा पर सवाल उठाना सही नहीं है.

गांधी परिवार को लेकर क्या बोलीं शर्मिष्ठा?

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने सवाल उठाया कि आखिर गांधी परिवार से बाहर किसी योग्य नेता का प्रधानमंत्री बनने की इच्छा रखना हैरानी की बात क्यों होनी चाहिए? उन्होंने कहा कि उनके पिता के पास लंबा राजनीतिक अनुभव, मेहनत और असाधारण समझ थी. ऐसे में उनके मन में प्रधानमंत्री बनने की इच्छा होना स्वाभाविक था. शर्मिष्ठा ने यह आशंका भी जताई कि सोनिया गांधी को शायद लगता था कि प्रणब मुखर्जी भविष्य में गांधी परिवार या उनके नेतृत्व के अधिकारों के लिए चुनौती बन सकते हैं. उनके मुताबिक, इसी वजह से प्रणब मुखर्जी को प्रधानमंत्री पद की जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई.

कौन हैं शर्मिष्ठा मुखर्जी?

शर्मिष्ठा मुखर्जी का जन्म 30 अक्टूबर 1965 को पश्चिम बंगाल में हुआ था. हालांकि उनका जन्म बंगाल में हुआ, लेकिन उनका बचपन और शुरुआती पढ़ाई दिल्ली में हुई. उन्होंने दिल्ली के लेडी इरविन स्कूल से स्कूली शिक्षा हासिल की. इसके बाद सेंट स्टीफंस कॉलेज से ग्रेजुएट पूरी की और समाजशास्त्र में मास्टर डिग्री हासिल की. शर्मिष्ठा के पिता दिवंगत प्रणब मुखर्जी देश के 13वें राष्ट्रपति थे. उन्होंने 2012 से 2017 तक राष्ट्रपति पद संभाला था. इससे पहले वह कांग्रेस सरकारों में वित्त, रक्षा और विदेश मंत्रालय जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी भी निभा चुके थे. उनकी मां सुव्रा मुखर्जी गायिका और लेखिका थीं. शर्मिष्ठा के दो भाई हैं, अभिजीत मुखर्जी और इंद्रजीत मुखर्जी. अभिजीत पूर्व लोकसभा सांसद भी रह चुके हैं.

कैसा रहा करियर?

शर्मिष्ठा मुखर्जी ने समाजशास्त्र में पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी के बजाय नृत्य को अपना करियर बनाया. उन्होंने महज 12 साल की उम्र से कथक सीखना शुरू कर दिया था. जयपुर घराने की कथक शैली में उन्होंने पंडित दुर्गालाल, विदुषी उमा शर्मा और राजेंद्र गंगानी जैसे प्रसिद्ध गुरुओं से ट्रेनिंग ली. शर्मिष्ठा मुखर्जी ने जुलाई 2014 में कांग्रेस की सदस्यता लेकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा था.

पार्टी में उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गई. इसके अलावा वह दिल्ली महिला कांग्रेस की अध्यक्ष भी रहीं. साल 2015 में उन्होंने दिल्ली की ग्रेटर कैलाश विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा. इसके बाद सितंबर 2021 में उन्होंने सक्रिय राजनीति छोड़ने का फैसला किया.