देश में Petrol-Diesel और LPG की कोई कमी नहीं, 40 देशों से आ रहा Oil- Rahul Gandhi के आरोपों पर और क्या बोले केंद्रीय मंत्री?
लोकसभा में मिडिल ईस्ट के तनाव और तेल-गैस संकट को लेकर बहस हुई. राहुल गांधी ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट बंद होने से भारत पर बड़ा असर पड़ सकता है. वहीं पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि देश में तेल और LPG की सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है.
मिडिल ईस्ट जंग पर लोकसभा में राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के बीच बहस
(Image Source: Sora_ AI )Middle East में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति पर असर को लेकर गुरुवार (12 मार्च) को लोकसभा में जोरदार चर्चा हुई. इस दौरान विपक्ष और सरकार के बीच ऊर्जा संकट को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए. लोकसभा में नेता विपक्ष Rahul Gandhi ने कहा कि मिडिल ईस्ट में चल रहा युद्ध आने वाले समय में भारत समेत दुनिया पर बड़ा असर डाल सकता है. उन्होंने कहा कि इस समय अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच टकराव की स्थिति है, जिसके परिणाम दूरगामी होंगे.
राहुल गांधी ने कहा कि दुनिया के तेल व्यापार का बड़ा हिस्सा Strait of Hormuz से गुजरता है. उनका कहना था कि अगर इस रास्ते से तेल की आपूर्ति प्रभावित होती है तो भारत पर इसका सीधा असर पड़ेगा, क्योंकि देश की तेल और गैस सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी मार्ग से आता है. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यह संकट अभी बस शुरू हुआ है और आगे इसका असर और ज्यादा देखने को मिल सकता है. राहुल के मुताबिक, कई जगहों पर पहले से ही रेस्टोरेंट बंद होने की खबरें आ रही हैं और LPG को लेकर लोगों में घबराहट का माहौल है.
राहुल गांधी को पेट्रोलियम मंत्री ने क्या जवाब दिया?
- राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री Hardeep Singh Puri ने कहा कि भारत की ऊर्जा सप्लाई पूरी तरह सुरक्षित है और घबराने की जरूरत नहीं है. उन्होंने बताया कि संकट से पहले भारत का करीब 45 प्रतिशत कच्चा तेल होर्मुज स्ट्रेट के रास्ते आता था, लेकिन भारत ने समय रहते वैकल्पिक रास्तों और स्रोतों से तेल की व्यवस्था कर ली है.
- पुरी ने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi की कूटनीतिक पहुंच और अंतरराष्ट्रीय संबंधों की वजह से भारत को उतनी मात्रा में कच्चा तेल मिल रहा है, जितना पहले होर्मुज के रास्ते से मिलता था.
- केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश की रिफाइनरियां इस समय पूरी क्षमता या उससे भी ज्यादा स्तर पर काम कर रही हैं. उनके अनुसार पेट्रोल, डीजल, केरोसिन, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) और फ्यूल ऑयल की कोई कमी नहीं है.
- पुरी ने कहा कि युद्ध से पहले भारत का करीब 55 प्रतिशत कच्चा तेल दूसरे रास्तों से आता था, जो अब बढ़कर करीब 70 प्रतिशत हो गया है. उनके मुताबिक पहले भारत 27 देशों से तेल आयात करता था, लेकिन अब यह संख्या बढ़कर 40 देशों तक पहुंच चुकी है, जिससे भारत के पास कई विकल्प मौजूद हैं.
- सरकार के अनुसार, भारत को इस समय अलग-अलग देशों से तेल और गैस मिल रही है. इनमें अमेरिका, नॉर्वे, कनाडा, अल्जीरिया और रूस शामिल हैं. इसके अलावा LNG कार्गो भी लगातार वैकल्पिक रास्तों से भारत पहुंच रहे हैं.
LPG को लेकर क्या कहा सरकार ने?
घरेलू गैस की कमी की आशंका पर भी सरकार ने स्थिति साफ की. मंत्री ने कहा कि पिछले पांच दिनों में रिफाइनरियों में LPG उत्पादन 28 प्रतिशत बढ़ाया गया है. उन्होंने कहा कि सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता यह है कि देश के करीब 33 करोड़ परिवारों को घरेलू गैस की सप्लाई में किसी तरह की दिक्कत न हो. फिलहाल LPG की डिलीवरी और सप्लाई पूरी तरह सामान्य है. पुरी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील करते हुए कहा कि भारत वैश्विक ऊर्जा संकट के दौर से गुजर रहा है, लेकिन सरकार ने हालात से निपटने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए हैं.
फारस की खाड़ी में 28 भारतीय जहाज
- शिपिंग मंत्रालय के अधिकारी Rajesh Kumar Sinha ने बताया कि इस समय फारस की खाड़ी क्षेत्र में 28 भारतीय झंडे वाले जहाज काम कर रहे हैं और इनकी संख्या फिलहाल स्थिर है. इनमें से 24 जहाज Strait of Hormuz के पश्चिमी हिस्से में हैं, जिन पर 677 भारतीय नाविक तैनात हैं. वहीं 4 जहाज पूर्वी हिस्से में हैं, जिन पर 101 भारतीय नाविक मौजूद हैं. उन्होंने कहा कि इन सभी जहाजों और उन पर काम कर रहे भारतीयों की सुरक्षा पर सरकार लगातार नजर रख रही है.
- इस बीच पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव Sujata Sharma ने बताया कि सरकार हर तिमाही राज्यों को केरोसिन की आपूर्ति तय करती है. उन्होंने कहा कि हर तिमाही लगभग 1 लाख किलोलीटर केरोसिन राज्यों को दिया जाता है.
- हाल ही में सरकार ने अतिरिक्त 48,000 किलोलीटर केरोसिन जारी करने का आदेश भी जारी किया है, ताकि जरूरत पड़ने पर राज्यों के पास पर्याप्त भंडार रहे. सरकार ने यह भी बताया कि भारत अपनी करीब 60% LPG जरूरत आयात से पूरी करता है. इसमें से लगभग 90% गैस होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आती है.
- सुजाता शर्मा ने कहा कि मौजूदा हालात चुनौतीपूर्ण जरूर हैं, लेकिन सरकार यह सुनिश्चित करने की पूरी कोशिश कर रही है कि घरेलू उपभोक्ताओं तक गैस की सप्लाई प्रभावित न हो. उन्होंने बताया कि भारत में हर दिन करीब 50 लाख LPG सिलेंडर की डिलीवरी की जाती है. फिलहाल वितरण व्यवस्था में कहीं भी गैस खत्म होने की स्थिति सामने नहीं आई है.
- हालांकि हाल के दिनों में लोगों के बीच डर और अफवाहों की वजह से गैस बुकिंग में अचानक काफी बढ़ोतरी हुई है. सरकार ने लोगों से अपील की है कि वे घबराहट में गैस बुक न करें.
- सरकार ने राज्यों से कहा है कि वे ऐसे लोगों और संस्थानों की सूची तैयार करें जिन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस की जरूरत है. इसमें घरेलू उपभोक्ता, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य जरूरी सेवाएं शामिल हो सकती हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर सप्लाई को बेहतर तरीके से मैनेज किया जा सके.
- सरकार का कहना है कि मौजूदा वैश्विक हालात के बावजूद भारत ऊर्जा आपूर्ति को स्थिर बनाए रखने के लिए लगातार कदम उठा रहा है.