Assembly Election 2026 : क्या Puducherry की राजनीति ‘लोकल’ नहीं, दिल्ली से कंट्रोल होती है?

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव 2026 में क्या राजनीति ‘दिल्ली कंट्रोल’ से तय होती है? LG vs CM टकराव, रंगासामी फैक्टर और कांग्रेस में नारायणसामी के बाद नेतृत्व संकट का पूरा विश्लेषण पढ़ें.

( Image Source:  rangasami narayansami facebook )
Curated By :  धीरेंद्र कुमार मिश्रा
Updated On : 21 March 2026 3:49 PM IST

देश की राजधानी दिल्ली की तरह पुडुचेरी का केंद्रशासित प्रदेश होने के बावजूद विधानसभा की व्यवस्था है. 30 सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान होगा. जबकि चुनाव परिणाम चार मई को आएंगे. अन्य चुनावी राज्यों की तरह वहां पर भी इलेक्शन कैंपेन चरम पर पहुंच गया है. पुडुचेरी की राजनीति अक्सर इस सवाल के इर्द-गिर्द घूमती रही है कि यहां के फैसले स्थानीय जनता और नेताओं के हाथ में हैं या असली कंट्रोल दिल्ली के पास है. एक छोटा केंद्र शासित प्रदेश होने के कारण, यहां की सत्ता संरचना राज्यों से अलग है और यही फर्क इसे “दिल्ली बनाम लोकल” बहस के केंद्र में लाता है.

UT का दर्जा ही ‘दिल्ली कंट्रोल’ की जड़ है?

पुडुचेरी एक पूर्ण राज्य नहीं, बल्कि केंद्र शासित प्रदेश है, जहां प्रशासनिक शक्तियां चुनी हुई सरकार और केंद्र द्वारा नियुक्त उपराज्यपाल (LG) के बीच बंटी होती हैं. संविधान के मुताबिक, अंतिम अधिकार कई मामलों में उपराज्यपाल के पास होता है, जो सीधे केंद्र सरकार के प्रति जवाबदेह होते हैं. यही व्यवस्था बार-बार टकराव की वजह बनती है और यह धारणा मजबूत करती है कि असली ताकत दिल्ली के पास है.

LG बनाम सीएम की जंग में दिल्ली को मिलता है 'दखल’का मौका?

पुडुचेरी में कई बार चुनी हुई सरकार और उपराज्यपाल के बीच खुला टकराव देखने को मिला. खासकर वी. नारायणसामी और उपराज्यपाल किरण बेदी के बीच विवाद ने इस बहस को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाया. नारायणसामी ने बार-बार आरोप लगाया कि केंद्र सरकार LG के जरिए राज्य सरकार के फैसलों में दखल दे रही है. इससे यह नैरेटिव मजबूत हुआ कि पुडुचेरी में ‘लोकल’ से ज्यादा ‘दिल्ली’ का असर है.

पुडुचेरी की राजनीति में राष्ट्रीय दलों का वर्चस्व है. जैसे भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस पार्टी. इन दलों के बड़े फैसले, जैसे मुख्यमंत्री का चयन या गठबंधन रणनीति, अक्सर दिल्ली में तय होते हैं. उदाहरण के लिए, सरकार गठन या गिराने के समय स्थानीय विधायकों की भूमिका सीमित दिखती है, जबकि केंद्रीय नेतृत्व निर्णायक हो जाता है.

क्या गठबंधन राजनीति ‘दिल्ली कंट्रोल’ का है आधार?

पुडुचेरी में अक्सर त्रिशंकु विधानसभा या गठबंधन सरकारें बनती हैं. ऐसे में छोटे दलों और निर्दलीय विधायकों का महत्व बढ़ जाता है, लेकिन अंतिम समीकरण बनाने में राष्ट्रीय नेतृत्व की भूमिका अहम हो जाती है. कई बार यह देखा गया है कि दिल्ली में हुई बैठकों के बाद ही सरकार के गठन या गिरने का रास्ता साफ होता है.

पुडुचेरी में कई ऐसे उदाहरण हैं, जहां लोकल सरकार की योजनाएं LG के हस्तक्षेप के कारण अटक गईं. फाइलों की मंजूरी, बजट आवंटन और नियुक्तियों जैसे मुद्दों पर उपराज्यपाल का अंतिम अधिकार होने से चुनी हुई सरकार खुद को सीमित महसूस करती है. इससे यह धारणा बनती है कि जनता द्वारा चुनी गई सरकार पूरी तरह स्वतंत्र नहीं है.

जनता के मुद्दे ‘दिल्ली बनाम लोकल’ में दब जाते हैं?

इस खींचतान का असर आम जनता पर भी पड़ता है. विकास योजनाएं, कल्याणकारी योजनाएं और प्रशासनिक फैसले कई बार राजनीतिक टकराव की वजह से प्रभावित होते हैं. स्थानीय मुद्दों की बजाय सत्ता संघर्ष चर्चा का केंद्र बन जाता है, जिससे जनता के असली सवाल पीछे छूट जाते हैं.

हालांकि ‘दिल्ली कंट्रोल’ का नैरेटिव मजबूत है, लेकिन यह पूरी सच्चाई नहीं है. पुडुचेरी की स्थानीय राजनीति, जातीय समीकरण, क्षेत्रीय पहचान (जैसे कराईकल, माहे, यनम) और स्थानीय नेताओं का प्रभाव भी अहम भूमिका निभाता है. चुनावी नतीजे अंततः जनता ही तय करती है, और कई बार स्थानीय मुद्दे ही सत्ता परिवर्तन का कारण बनते हैं.

क्या समाधान है - स्वायत्तता या बेहतर तालमेल?

पुडुचेरी के सियासी जानकार मानते हैं कि टकराव का समाधान या तो पुडुचेरी को अधिक स्वायत्तता देने में है या फिर उपराज्यपाल और सरकार के बीच स्पष्ट कार्य-सीमा तय करने में. जब तक यह संतुलन नहीं बनता, तब तक ‘दिल्ली बनाम लोकल’ की बहस जारी रहेगी.

दरअसली, पुडुचेरी की राजनीति न तो पूरी तरह ‘लोकल’ है और न ही पूरी तरह ‘दिल्ली कंट्रोल’ में. यह एक हाइब्रिड मॉडल है, जहां दोनों के बीच लगातार शक्ति संतुलन की लड़ाई चलती रहती है. लेकिन यह जरूर कहा जा सकता है कि मौजूदा व्यवस्था में दिल्ली का प्रभाव ज्यादा दिखाई देता है. यही वजह है कि यह सवाल बार-बार उठता है.

मुख्य मुकाबला किस-किस के बीच?

पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में मुख्य मुकाबला पारंपरिक तौर पर दो बड़े राजनीतिक धड़ों के बीच सिमटा हुआ दिखता है. एक तरफ भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाला एनडीए गठबंधन और दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी के नेतृत्व वाला गठबंधन. अगर चेहरों की बात करें तो एनडीए खेमे में सबसे प्रमुख नाम एन. रंगासामी का है, जो ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस के नेता हैं और वर्तमान मुख्यमंत्री भी हैं. रंगासामी की छवि एक जमीनी और लोकप्रिय नेता की रही है, इसलिए एनडीए का पूरा नैरेटिव काफी हद तक उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमता है. जबकि बीजेपी संगठन और संसाधन के स्तर पर बैकअप देती है.

वहीं, विपक्षी खेमे में कांग्रेस पार्टी के पास चेहरों की कमी नहीं है, लेकिन एक स्पष्ट और सर्वमान्य मुख्यमंत्री उम्मीदवार का अभाव अक्सर उसकी कमजोरी माना जाता है. पहले वी. नारायणसामी इस भूमिका में दिखते थे, लेकिन उनके बाद पार्टी नए नेतृत्व की तलाश में है. इसके अलावा, द्रविड़ मुनेत्र कड़गम भी कांग्रेस के साथ गठबंधन में अहम भूमिका निभाती है और तमिलनाडु की राजनीति का प्रभाव यहां भी दिखाई देता है. हालांकि, DMK आमतौर पर बैकसीट रोल में रहती है और सीएम फेस के तौर पर सामने नहीं आती.

Similar News