NCL Recruitment 2026: कोल इंडिया की कंपनी में बंपर वैकेंसी, डिप्लोमा वाले जल्दी करें अप्लाई, जानें क्या है फॉर्म भरने की लास्ट डेट

नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने असिस्टेंट फोरमैनपदों पर भर्ती शुरू कर दी है. डिप्लोमा और इंजीनियरिंग योग्यता रखने वाले उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के जरिए तय समय सीमा के भीतर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं.;

( Image Source:  AI SORA )
Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 12 Feb 2026 11:51 AM IST

कोल इंडिया लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) ने टेक्नीकल बैकग्राउंड रखने वाले युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा अवसर खोल दिया है. असिस्टेंट फोरमैन (ट्रेनी) ग्रेड-सी पदों पर सीधी भर्ती के तहत बड़ी संख्या में सीटें भरी जानी हैं, जिससे डिप्लोमा और इंजीनियरिंग डिग्रीधारकों के बीच खास उत्साह देखा जा रहा है.

सरकारी सेक्टर में स्थायी नौकरी, आकर्षक वेतन और भत्तों के साथ करियर बनाने की चाह रखने वालों के लिए यह मौका बेहद अहम माना जा रहा है. चलिए ऐसे में जानते हैं कैसे करें अप्लाई और कितनी होगी सैलरी.

कितनी सीटें और किस ब्रांच में ज़रूरत

इस भर्ती में कुल 270 खाली पद भरे जाएंगे. इनमें सबसे ज्यादा सीटें इलेक्ट्रिकल ट्रेड के लिए हैं, जहां 148 उम्मीदवारों का चयन होगा. मैकेनिकल वालों के लिए 108 पद तय किए गए हैं. वहीं इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन (E&T) से जुड़े अभ्यर्थियों के लिए 14 सीटें खाली हैं. सीटें सीमित हैं, इसलिए अच्छी तैयारी करने वालों के पास चयन का बेहतर मौका रहेगा.

एनसीएल में नौकरी के लिए पढ़ाई और पात्रता 

अप्लाई करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है. साथ ही संबंधित ट्रेड में कम से कम तीन साल का डिप्लोमा होना चाहिए. राहत की बात यह है कि जिन लोगों के पास बीई या बीटेक जैसी इंजीनियरिंग डिग्री है, वे भी आवेदन कर सकते हैं. मतलब जितनी बेहतर पढ़ाई और योग्यता होगी, चयन की संभावना उतनी बढ़ेगी.

उम्र की शर्तें और मिलने वाली राहत

इस नौकरी के लिए उम्मीदवार की उम्र 5 मार्च 2026 तक कम से कम 18 साल और ज्यादा से ज्यादा 30 साल होनी चाहिए. आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को सरकारी नियमों के मुताबिक उम्र में छूट भी मिलेगी. एससी और एसटी उम्मीदवारों को 5 साल की राहत दी जाएगी, जबकि ओबीसी (नॉन क्रीमी लेयर) वर्ग को 3 साल की छूट मिलेगी.

कितनी होगी सैलरी?

चयनित उम्मीदवारों को शुरुआत में 47,330.25 रुपये महीना बेसिक सैलरी मिलेगी. इसके अलावा महंगाई भत्ता, एचआरए, अटेंडेंस बोनस और दूसरी सुविधाएं भी दी जाएंगी. E&T ट्रेड के उम्मीदवारों की ट्रेनिंग एक साल की होगी, जबकि मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल वालों को दो साल तक ट्रेनिंग पूरा करना होगा.

कैसे करें अप्लाई और फीस?

सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को आवेदन के लिए 1,180 रुपये फीस देनी होगी, जिसमें जीएसटी भी शामिल है. वहीं एससी, एसटी, दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा. इच्छुक उम्मीदवार nclcil.in वेबसाइट पर जाकर 5 मार्च 2026 की रात 11:59 बजे तक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं. जिन युवाओं में मेहनत और सरकारी नौकरी पाने का सपना है, उनके लिए यह बढ़िया मौका है.

Similar News