मेरी सास को मौत दो! भक्त ने दानपात्र में पर्ची डाल लगाई भगवान से मौत की अर्जी, पर्ची संग चढ़ाया 100 रुपये का नोट
कर्नाटक के बेलगावी जिले के एक मंदिर में दानपात्र की गिनती के दौरान 100 रुपये के नोट के साथ ऐसी पर्ची मिली, जिसने सभी को चौंका दिया. पर्ची में भगवान से सास की मौत की प्रार्थना की गई थी.
मंदिरों में लोग भगवान से क्या मांगते हैं? लंबी उम्र, अच्छी सेहत, नौकरी, शादी, संतान सुख या परिवार की खुशहाली. कोई भी श्रद्धालु भगवान के सामने सिर झुकाकर अच्छी चीज़ की ही कामना करता है. लेकिन सोचिए, अगर कोई भक्त दानपात्र में ऐसी अर्जी डाल दे जिसमें किसी की मौत की प्रार्थना की गई हो!
कर्नाटक के बेलगावी जिले में स्थित एक मंदिर में कुछ ऐसा ही हुआ, जिसने सभी को चौंका दिया. पुजारी जब दानपात्र से पैसे निकाल रहे थे, तभी उनके हाथ एक पर्ची लगी, जिसमें प्रार्थना की गई थी कि “मेरी सास को मौत दे दो.
दानपात्र में निकली ‘अनोखी’ पर्ची
बेलगावी के हुलिकुंटेश्वर मंदिर में हाल ही में जत्रा (मेला) के बाद उस वक्त सब हैरान रह गए, जब दानपात्र की गिनती के दौरान 100 रुपये के नोट के साथ एक ऐसी पर्ची मिली, जिसने सभी को चौंका दिया. नोट पर हाथ से लिखा था 'भगवान, मेरा दुख दूर करो. अगले साल की जत्रा से पहले मेरी सास की मृत्यु हो जाए.'
क्या पहले भी सामने आए ऐसे मामले?
यह चिट्ठी पढ़ते ही मंदिर प्रबंधन के होश उड़ गए. आमतौर पर दानपात्र में चढ़ावे के साथ लोग अपनी इच्छाएं लिखते हैं. किसी को नौकरी चाहिए, किसी को संतान, तो कोई व्यापार में तरक्की मांगता है. लेकिन किसी रिश्तेदार की मौत की मांग? यह तो बिल्कुल अलग ही मामला था. हालांकि, मंदिर प्रशासन का कहना है कि आज तक ऐसा नहीं हुआ. यह इस तरह का पहला मामला है.
किसने डाली अर्जी?
सबसे दिलचस्प बात यह है कि पर्ची में न तो नाम था और न ही यह साफ था कि इसे किसने लिखा है. यानी बहू या दामाद किसने अपनी सास के लिए मौत मांगी है. ‘मौत की अर्जी’ देने वाला कौन है, यह राज ही बना हुआ है.
क्या मंदिर प्रबंधन करेगा कार्रवाई?
हालांकि मंदिर प्रबंधन ने साफ किया कि दानपात्र में रखी राशि और पर्चियां गोपनीय मानी जाती हैं, इसलिए किसी तरह की औपचारिक जांच नहीं की गई. लेकिन इस घटना ने रिश्तों में बढ़ते तनाव और पारिवारिक विवादों पर जरूर सवाल खड़े कर दिए हैं. भगवान के दरबार में हम अक्सर उम्मीद, विश्वास और सकारात्मकता लेकर जाते हैं. यह घटना भले ही चौंकाने वाली और थोड़ी मजाकिया लगे, लेकिन कहीं न कहीं यह बताती है कि रिश्तों में कड़वाहट कितनी गहरी हो सकती है.