Aaj ki Taaza Khabar: “गिरफ्तारी हुई तो सहयोग करेंगे, सच सीसीटीवी में कैद है” - स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 23 Feb 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 23 Feb 2026 11:41 AM IST


Live Updates
2026-02-23 06:09 GMT

“गिरफ्तारी हुई तो सहयोग करेंगे, सच सीसीटीवी में कैद है” - स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती

धर्माचार्य स्‍वामी अविमुतेश्‍वरानंद सरस्वती ने अपने ऊपर लगे आरोपों और हालिया घटनाक्रम को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि यदि पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने आती है तो वे विरोध नहीं करेंगे और पूरा सहयोग करेंगे. स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “जनता सब देख रही है. झूठ ज्यादा दिन नहीं टिकता. अगर आज नहीं तो कल, और कल नहीं तो परसों सच्चाई सामने आ ही जाएगी.” उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है, क्योंकि प्रयागराज में हर जगह निगरानी कैमरे लगे हुए हैं.

2026-02-23 05:43 GMT

आतंकी साजिश का भंडाफोड़: तमिलनाडु से पकड़े गए 6 संदिग्ध दिल्ली लाए गए, पाकिस्तान की ISI से कनेक्शन का दावा

दिल्‍ली पुलिस ने एक बड़ी आतंकी साजिश का खुलासा करते हुए तमिलनाडु से गिरफ्तार किए गए छह संदिग्धों को राजधानी दिल्ली लाया है. पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और बांग्लादेशी आतंकी संगठनों के समर्थन से एक बड़े आतंकी हमले की योजना बना रहे थे. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन संदिग्धों को पहले तमिलनाडु से गिरफ्तार किया गया था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये लोग देश में दहशत फैलाने के इरादे से नेटवर्क तैयार कर रहे थे और विदेशी आतंकी संगठनों के संपर्क में थे.

2026-02-23 05:30 GMT

गुजरात में राजकोट में 1,489 अवैध घरों पर बुलडोजर एक्शन

गुजरात के राजकोट के जंगलेश्वर इलाके में बड़ा तोड़फोड़ अभियान चलाया जा रहा है. सख्त सुरक्षा और ड्रोन निगरानी के बीच 1,489 अवैध मकानों को गिराया जा रहा है.

2026-02-23 05:20 GMT

नीता भूषण होंगी पोलैंड में भारत की अगली राजदूत

विदेश मंत्रालय ने जानकारी दी है कि नीता भूषण को पोलैंड में भारत की अगली राजदूत नियुक्त किया गया है. वह अभी न्यूजीलैंड में भारत की हाई कमिश्नर के पद पर कार्यरत हैं.

2026-02-23 05:14 GMT

तेलंगाना के अदिलाबाद में बड़ा सड़क हादसा: यात्रियों से भरी टीजीएसआरटीसी बस नहर में पलटी, कई घायल

तेलंगाना के अदिलाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है. यात्रियों को लेकर जा रही TGSRTC की एक बस उत्नूर थाना क्षेत्र के शमपुर ब्रिज के पास सूखी नहर में पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जिन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया. राहत और बचाव कार्य में स्थानीय लोग और पुलिस टीम जुटी रही. अदिलाबाद पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल घायलों की संख्या और उनकी हालत को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है.

2026-02-23 05:09 GMT

पीएम मोदी ने मुकुल रॉय के निधन पर जताया शोक, बोले - “समाज सेवा के प्रयासों के लिए याद किए जाएंगे”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल रॉय के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर मुकुल रॉय को श्रद्धांजलि अर्पित की. प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री मुकुल रॉय जी के निधन से पीड़ा हुई है. उन्हें उनके राजनीतिक अनुभव और समाज की सेवा के लिए किए गए प्रयासों के लिए याद किया जाएगा. उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं. ओम शांति.”

2026-02-23 04:59 GMT

JNU बन गया अर्बन नक्सलियों की नर्सरी, ऐसे लोगों पर सख्त कानून जरूरी : गिरिराज सिंह

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने विपक्ष और वामपंथी संगठनों पर जोरदार हमला बोला है. उन्होंने कहा कि देश विरोधी सोच रखने वाले लोगों के खिलाफ कड़े कानून बनाए जाने चाहिए. गिरिराज सिंह ने कहा कि यह वही “टुकड़े-टुकड़े गैंग” है, जिसकी राजनीति राहुल गांधी से जुड़ी हुई है. उन्होंने आरोप लगाया कि जेएनयू अब “अर्बन नक्सलियों की नर्सरी” बन चुकी है, जहां वामपंथी संगठन देश के खिलाफ सोच पैदा कर रहे हैं.

2026-02-23 04:45 GMT

AI समिट प्रदर्शन मामले में यूपी और एमपी में दिल्‍ली पुलिस की छापमारी, एक शख्‍स को हिरासत में लिया गया

2026-02-23 04:23 GMT

AI समिट के दौरान शर्टलेस प्रदर्शन करने वालों में से दो कार्यकर्ता रिहा

दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में आयोजित एआई समिट के दौरान प्रदर्शन करने के आरोप में हिरासत में लिए गए इंडियन यूथ कांग्रेस के दो सदस्यों को तिलक मार्ग थाने से रिहा कर दिया है. पुलिस ने एक अन्य यूथ कांग्रेस कार्यकर्ता को अभी भी हिरासत में रखा है. बाकी प्रदर्शनकारियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है.

2026-02-23 04:07 GMT

दिल्ली के दो बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, आर्मी पब्लिक स्कूल और एयरफोर्स बाल भारती स्कूल में अलर्ट

दिल्‍ली के धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्‍कूल और लोधी रोड स्थित एयर फोर्स बाल भारती स्‍कूल को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. इसके बाद दोनों स्कूलों में हड़कंप मच गया और सुरक्षा एजेंसियों को तुरंत सूचना दी गई. सूचना मिलते ही दमकल विभाग और सुरक्षा टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की तलाशी ली गई. फिलहाल अब तक किसी भी तरह की संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है.

Similar News