Aaj ki Taaza Khabar: इजरायल का बेरूत पर ताबड़तोड़ हमला, 10 लोगों की मौत; कई शहर तबाह
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार 2 मार्च 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
इजरायल का बेरूत पर ताबड़तोड़ हमला
इजरायल ने बेरूत में ताबड़तोड़ हमले कर कई शहरों को तबाह कर दिया है. इजरायल के हमलों से बेरूत में 10 लोगों की मौत हो गई.
दिल्ली एयर पोर्ट पर फंसे यात्री
IGI एयरपोर्ट पर एक यात्री ने बताया, "एयर इंडिया की मस्कट जाने वाली फ्लाइट, जिसे सुबह करीब 10 बजे उड़ान भरनी थी, अभी-अभी रद्द कर दी गई है. मैं ट्रैवल इंडस्ट्री में काम करता हूं. मुंबई से एयर इंडिया की एक फ्लाइट, जिसमें मेरे कुछ क्लाइंट्स को यात्रा करनी थी, वह भी रद्द हो गई है. हमें फ्लाइट के रिशेड्यूल के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल रही है. यहां से लोग रमजान के दौरान मक्का और मदीना में इबादत के लिए जाते हैं. मध्य पूर्व जाने वाली लगभग सभी उड़ानें फिलहाल रद्द हो रही हैं."
लेबनान के 50 गांवों को खाली करने का आदेश: हिज़्बुल्लाह पर बड़े हमले की तैयारी में इज़राइल
इज़राइल ने लेबनान के दक्षिण और पूर्वी इलाकों के करीब 50 कस्बों और गांवों के लोगों को तत्काल घर खाली करने का आदेश दिया है. इज़राइली सेना ने चेतावनी दी है कि हिज़्बुल्लाह के ठिकानों पर बड़े हमले किए जा सकते हैं. सेना की प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर लोगों से कम से कम 1,000 मीटर दूर खुले इलाकों में जाने को कहा. यह कदम इज़राइल पर हुए रॉकेट हमलों के बाद उठाया गया है, जिससे क्षेत्र में युद्ध की आशंका और गहरा गई है.
हाई अलर्ट पर कश्मीर
ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के विरोध में कल हुए व्यापक प्रदर्शनों के बाद, शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती उपाय के तौर पर कश्मीर के सभी जिलों में प्रतिबंध लगा दिए गए हैं. सुरक्षा व्यवस्था हाई अलर्ट पर है.
ईरान ऑपरेशन में 3 अमेरिकी सैनिकों की मौत: ट्रंप बोले - "और भी हताहत हो सकते हैं"
ईरान पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के दौरान तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हैं. यह इस बड़े सैन्य अभियान में अमेरिका की पहली आधिकारिक क्षति है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि आने वाले हफ्तों में हताहतों की संख्या बढ़ सकती है. मारे गए सैनिक अमेरिकी सेना की उस लॉजिस्टिक्स यूनिट से जुड़े थे, जो कुवैत में तैनात थी और सप्लाई संचालन की जिम्मेदारी संभाल रही थी.
इजराइल के राजदूत रूवेन अजार का बयान
इजराइल-ईरान संघर्ष पर भारत में इजराइल के राजदूत रूवेन अजार ने कहा "यह अभी खत्म नहीं हुआ है. जी हां, वास्तव में यह एक बहुत बड़ी सफलता रही है. अमेरिका और इजराइल रक्षा बलों के नेतृत्व में चलाए गए संयुक्त अभियान में हमने उस व्यक्ति को मार गिराया है जो दशकों से कई इजराइली और अमेरिकी नागरिकों की हत्याओं का जिम्मेदार था. अब हम अभियान जारी रख रहे हैं, जैसा कि प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कहा है, ईरान भर में 2,500 से अधिक सैन्य ठिकानों को निशाना बना रहे हैं."
उड़ाने रद्द, एयर पोर्ट पर फंसे यात्री
मिडिल ईस्ट में छिड़ी जंग के कारण कई उड़ानें रद्द होने से मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्री फंसे हुए हैं.
हिजबुल्लाह के अटैक पर इजरायल की कार्रवाई
हिजबुल्लाह ने खामेनेई की मौत का बदला लेने के एलान के साथ इजरायल पर हमला किया. जिसके बाद इजरायल ने जवाबी कार्रवाई करते हुए लेबनान की राजधानी बेरूत में जोरदार अटैक किया है.