दिल्ली-NCR में बदलेगा मौसम, IMD का अलर्ट, 17-19 फरवरी को 10 राज्यों में बारिश-बर्फबारी

IMD ने 17 से 19 फरवरी 2026 तक उत्तर भारत समेत 10 राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है. दिल्ली-NCR में हल्की बारिश और 40 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चल सकती हैं.;

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

देश में इन दिनों मौसम बहुत तेजी से बदल रहा है. फरवरी के महीने में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी है. तापमान लगातार बढ़ रहा है, लेकिन अब एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है, जिसके कारण उत्तर भारत और कुछ अन्य इलाकों में बारिश और बर्फबारी होने वाली है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17, 18 और 19 फरवरी 2026 तक कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है.

मुख्य रूप से 10 राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं. इन राज्यों में शामिल हैं: उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह. कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली भी गिर सकती है, और हवाएं 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं.

दिल्ली-NCR का मौसम

दिल्ली में आज (17 फरवरी) तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दोपहर में गर्मी ज्यादा लगेगी. लेकिन अगले 24 घंटों में मौसम बदल सकता है. हल्की बारिश की संभावना है और 40 किमी/घंटा तक तेज हवाएं चल सकती हैं. एनसीआर के आसपास के इलाकों में भी बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी.

उत्तर प्रदेश में मौसम

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इस पश्चिमी विक्षोभ का असर ज्यादा दिखेगा. 17 और 18 फरवरी को मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद, नोएडा जैसे जिलों में छिटपुट बारिश या हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. पूरे राज्य में भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं है, लेकिन हल्की बरसात से मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है. पूर्वी UP में अभी ज्यादा बदलाव नहीं दिख रहा. 

उत्तराखंड में मौसम

यहां 17 और 18 फरवरी को कई जिलों में बारिश होने की संभावना है. चमोली, रुद्र प्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधम सिंह नगर जैसे इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी जारी रहेगी. 18 और 19 फरवरी को भी कहीं-कहीं बारिश या बर्फ पड़ने के आसार हैं. पहाड़ों में ठंड फिर से बढ़ सकती है.

हिमाचल प्रदेश में मौसम

17 और 18 फरवरी को शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जैसे जिलों में हल्की बारिश हो सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर चलेगा. 18 और 19 फरवरी को भी कहीं-कहीं बारिश या बर्फ पड़ने की उम्मीद है. पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ेगी.

बिहार और राजस्थान

बिहार में अभी बारिश की कोई संभावना नहीं है. मौसम सामान्य रहेगा. लेकिन मिथिलांचल और सीमांचल इलाकों में मध्यम से घना कोहरा छा सकता है और ठंड का असर बना रहेगा. आज दोपहर तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन दोपहर बाद बादल छा सकते हैं. कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं. हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू जैसे उत्तरी जिलों में 17 और 18 फरवरी को बारिश की संभावना है.

जम्मू-कश्मीर,लद्दाख और मध्य प्रदेश

17 फरवरी को श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग जैसे जिलों में बारिश या बर्फबारी हो सकती है. 17 से 19 फरवरी तक यहां हल्की से मध्यम बर्फबारी या बारिश जारी रह सकती है. ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ ज्यादा गिर सकती है. 17 फरवरी को मौसम ज्यादातर सामान्य रहेगा. लेकिन 18 और 19 फरवरी को सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जैसे जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है. 

Similar News