दिल्ली-एनसीआर में ठंड हुई कम, बिहार और राजस्थान में अभी भी कोहरा; जानें अपने राज्य का हाल

उत्तर भारत में दिन के समय धूप से ठंड कम हो रही है, लेकिन सुबह-शाम ठंड बनी हुई है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ के चलते पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है।;

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 10 Feb 2026 8:08 AM IST

उत्तर भारत में अब मौसम तेजी से बदल रहा है. दिनों में तेज धूप निकल रही है, जिसकी वजह से दिन के समय कड़ाके की ठंड से काफी राहत मिल गई है. सुबह और शाम को अभी भी ठंड का अच्छा एहसास होता है, लेकिन दोपहर में गर्मी जैसा लगता है. हालांकि, पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) का असर दिख रहा है. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 9 से 11 फरवरी तक पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी हो सकती है.

इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को छोड़कर बाकी जगहों पर अगले कुछ दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और तटीय आंध्र प्रदेश में 10 फरवरी तक सुबह के समय बहुत घना कोहरा छा सकता है. इस कोहरे की वजह से ट्रेनें, बसें और हवाई जहाजों की आवाजाही पर असर पड़ सकता है. यात्रा करने वालों को सावधानी बरतनी चाहिए. 

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली और आसपास के एनसीआर इलाके में 10 फरवरी को आसमान में हल्के-हल्के बादल छाए रहेंगे. रात के समय काफी घना कोहरा या धुंध छा सकती है. दिन का अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि रात का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री के आसपास रहेगा. हवाएं हल्की चलेंगी, 5 से 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से। 11 और 12 फरवरी को आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन सुबह-सुबह धुंध या कोहरा दिख सकता है. कुल मिलाकर दिल्ली में अब ठंड कम हो रही है और मौसम सुहावना बन रहा है. 

यूपी कम हुई ठंड 

उत्तर प्रदेश में दिनों में तेज धूप की वजह से ठंड काफी कम हो गई है। दिन में गर्मी महसूस हो रही है, जबकि रात और सुबह अभी ठंडी हैं। मौसम विभाग कह रहा है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम लगभग सामान्य ही रहेगा, कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा. लेकिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में 10 फरवरी तक सुबह और रात में बहुत घना कोहरा छा सकता है. न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 4 डिग्री तक बढ़ने की उम्मीद है। पश्चिमी यूपी में मौसम थोड़ा साफ और सुखद रहेगा. 

बिहार में कुछ जगह होगा घना कोहरा

बिहार में भी अब ठंड का जोर कम पड़ रहा है. मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल कोई बड़ी बारिश या बदलाव नहीं दिख रहा है. 10 फरवरी तक सुबह के समय कुछ जिलों में घना कोहरा छा सकता है, जिससे दिखाई देने में दिक्कत हो सकती है. आने वाले दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी होगी, यानी मौसम और गर्म होने लगेगा दिन में धूप अच्छी निकलेगी. 

राजस्थान में बनी हुई अभी ठंड

राजस्थान के कई हिस्सों में अभी भी ठंड बनी हुई है, खासकर रात में. लेकिन IMD के अनुसार, अगले 7 दिनों में कोई खास मौसम गतिविधि नहीं होगी. पश्चिमी राजस्थान में न्यूनतम तापमान सामान्य से थोड़ा ज्यादा रह सकता है. उत्तर-पश्चिमी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे बढ़ेगा. दिन में धूप तेज रहेगी और मौसम साफ-सुथरा रहेगा. 

उत्तराखंड में कुछ जगहों पर बर्फबारी

उत्तराखंड में 10 और 11 फरवरी के बीच कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है. 10 फरवरी को कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके बाद 14 और 15 फरवरी को फिर हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है. पहाड़ी इलाकों में सावधानी बरतें, क्योंकि बर्फबारी से रास्ते बंद हो सकते हैं. मैदानी इलाकों में मौसम सामान्य रहेगा.  

जम्मू-कश्मीर में अच्छी-खासी बर्फबारी

जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 9 से 11 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी का दौर रहेगा. खासकर 10 फरवरी को कई इलाकों में अच्छी-खासी बर्फबारी हो सकती है, साथ में गरज-चमक और 30-40 किमी/घंटा की तेज हवाएं चल सकती हैं. तापमान यहां शून्य से नीचे रह सकता है, इसलिए बहुत ठंड रहेगी. यात्रा करने वालों को अलर्ट रहना चाहिए. 

हिमाचल प्रदेश का मौसम?

हिमाचल प्रदेश में भी 9 से 11 फरवरी तक बारिश और बर्फबारी की संभावना है। 10 फरवरी को कुछ इलाकों में भारी बर्फबारी हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। न्यूनतम तापमान 0 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। पहाड़ों पर बर्फ का मजा लेने वालों के लिए अच्छा समय है, लेकिन सड़कों पर सावधानी जरूरी है।

Similar News