दिल्ली में फिर बढ़ी गर्मी: 30°C के पार जाएगा पारा, यूपी-राजस्थान में भी बदलेगा मौसम का मिजाज
दिल्ली में बारिश के बाद तापमान तेजी से बढ़ रहा है और रविवार तक 30 डिग्री पार जाने का अनुमान है. यूपी, राजस्थान और मध्य प्रदेश में भी गर्मी, शुष्क मौसम और कुछ जगहों पर आंधी-बारिश का अलर्ट जारी हुआ है.
बीते बुधवार को दिल्ली में अच्छी खासी बारिश हुई थी. जिसके बाद अब एक बार फिर से गर्मी तेजी से बढ़ रही है. मौसम अब धीरे-धीरे गर्म हो रहा है और आने वाले दिनों में तापमान और भी ज्यादा बढ़ने वाला है. हवा में हल्की नमी तो रहेगी, लेकिन ज्यादातर समय मौसम शुष्क (सूखा) ही बना रहेगा. शुक्रवार को पूरे दिन तेज धूप खिली रही. दिन का सबसे ज्यादा तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 3 डिग्री ज्यादा था. रात का सबसे कम तापमान 12.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री ज्यादा था. हवा में नमी का स्तर सुबह के समय 100% तक पहुंच गया था और दिन में यह 40% तक कम हो गया था.
शनिवार का मौसम पूर्वानुमान कुछ इस तरह है:
- आसमान पूरी तरह साफ रहेगा
- सुबह के समय हल्का कोहरा (कुहासा) छा सकता है
- दिन का अधिकतम तापमान 29 डिग्री के आसपास रहेगा
- रात का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री तक जा सकता है
यूपी का मौसम
22 से 26 फरवरी तक भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा. आसमान साफ रहेगा, ज्यादा बारिश की उम्मीद नहीं है. दिन का तापमान 28 से 31 डिग्री के बीच रहेगा और रात का तापमान 12 से 15 डिग्री के बीच रहेगा यानी दिन में गर्मी अच्छी खासी महसूस होगी, लेकिन रातें अभी भी ठंडी रहेंगी. उत्तर प्रदेश में भी अब गर्मी ने एंट्री ले ली है. फरवरी के महीने में ही अयोध्या में तापमान 30 डिग्री से ऊपर चला गया है. लखनऊ और नोएडा में भी धूप अब तेज हो गई है, मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने और सुबह के समय कोहरे का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली में मौसम कब बदलेगा?
स्काईमेट के अनुसार अभी पश्चिमी हिमालय की तरफ कोई बड़ा वेस्टर्न डिस्टरबेंस आने की संभावना नहीं दिख रही है. 22 और 23 फरवरी के आसपास राजस्थान के मध्य और पूर्वी हिस्सों में एक सूखा चक्रवाती सिस्टम बन सकता है. इससे दिल्ली और आसपास के इलाकों में हवा की दिशा थोड़ी बदल सकती है, लेकिन बारिश होने की कोई उम्मीद नहीं है. मौसम शुष्क ही रहेगा. फरवरी का आखिरी हिस्सा अब प्री-मॉनसून (मानसून से पहले) जैसा महसूस होने लगा है. दिन का तापमान धीरे-धीरे और बढ़ता जाएगा.
आगे दिल्ली का मौसम कैसा रहेगा?
अनुमान है कि रविवार तक तापमान 30 डिग्री के पार चला जाएगा. अगले हफ्ते के बीच तक गर्मी और बढ़ेगी. 23 से 27 फरवरी के बीच तेज और गर्म सतही हवाएं (लू जैसी) चल सकती हैं. महीने के बाकी दिनों में तापमान 32 डिग्री से ज्यादा जाने की संभावना कम है. इस महीने अब तक का सबसे ज्यादा तापमान 16 फरवरी को 31.6 डिग्री रहा था.
राजस्थान में मौसम शुष्क रहा और तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई. पिछले 24 घंटों में राज्य में कहीं भी बारिश नहीं हुई. बाड़मेर और फलौडी में दिन का तापमान 31.2 डिग्री तक पहुंच गया. जबकि करौली में रात का तापमान 10.5 डिग्री रहा. इससे पहले दो दिन पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ जगहों पर हल्की-मध्यम बारिश हुई थी.
महाराष्ट्र में भी मौसम में बड़ा बदलाव आ रहा है. कुछ जिलों में तेज गर्मी शुरू हो गई है, जबकि मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में बेमौसम बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है. मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटों में कुछ जगहों पर छिटपुट बारिश हुई, जिससे तापमान में उतार-चढ़ाव देखा गया. मौसम विभाग ने कई जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है. भोपाल, विदिशा, रायसेन, इंदौर, उज्जैन जैसे कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन बाकी जिलों में मौसम शुष्क रहेगा.