दिल्ली-NCR में बढ़ेगी ठंड, प्रदूषण से हालत हुई ख़राब; जम्मू-कश्मीर में 0°C से नीचे पहुंचा तापमान; जानें अन्य राज्यों का हाल
तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का असर और बढ़ने वाला है.;
उत्तर भारत में सर्दी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने देश के छह राज्यों में फिर से बारिश का अलर्ट जारी किया है. इन राज्यों में होने वाली बारिश से तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और ज्यादा महसूस होगा. वहीं, उत्तर भारत के कई हिस्सों में अब शीतलहर का प्रकोप भी देखने को मिल सकता है. बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जाएगी. आइए जानते हैं कल यानी 24 नवंबर को देशभर के मौसम का हाल.
किन छह राज्यों में बारिश का अलर्ट है
तमिलनाडु, केरल, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. समुद्र के नजदीक रहने वाले मछुआरों को इस दौरान सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं क्योंकि समुद्र में ऊंची लहरें उठ सकती हैं और हवाएं तेज चलेंगी. आईएमडी ने तमिलनाडु और केरल के कई जिलों जैसे तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, अलपुझा, कोट्टायम, पठानमथिट्टा, इडुक्की और एर्नाकुलम के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. अगले कुछ दिनों तक इन इलाकों में लगातार बारिश की संभावना है. वहीं, केरल और लक्षद्वीप के तटीय क्षेत्रों में मछुआरों को रविवार से मंगलवार तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है, क्योंकि हवाओं की रफ्तार 35 से 55 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में कल से ठंड में तेजी आएगी। 24 नवंबर को राजधानी का न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री रहेगा. सुबह के समय उत्तर-पश्चिम दिशा से 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवा चलेगी.
उत्तर प्रदेश का मौसम
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भी ठंड का असर बढ़ेगा. खासकर आगरा, कानपुर, लखनऊ, गोरखपुर, प्रयागराज, अयोध्या, मथुरा, वाराणसी, झांसी और अलीगढ़ में तापमान तेजी से घटेगा. हालांकि कुछ जगहों पर ऊंचे बादल बने रहने से रात का तापमान थोड़ा बढ़ा रह सकता है.
बिहार का मौसम
बिहार के सभी जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. सुबह के समय 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी जिससे कंपकंपी बढ़ जाएगी. लोगों को सलाह दी गई है कि सुबह और रात के समय बाहर निकलते वक्त गर्म कपड़ों का उपयोग करें.
प्रमुख शहरों का अनुमानित तापमान (24 नवंबर)
शहर | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
दिल्ली | 25°C | 11°C |
मुंबई | 34°C | 22°C |
कोलकाता | 29°C | 17°C |
चेन्नई | 29°C | 24°C |
लखनऊ | 26°C | 12°C |
पटना | 26°C | 17°C |
रांची | 25°C | 12°C |
शिमला | 16°C | 06°C |
भोपाल | 28°C | 10°C |
उत्तराखंड और हिमाचल का मौसम
उत्तराखंड व हिमाचल प्रदेश में भी ठंड का असर और बढ़ने वाला है. 24 नवंबर से यहां अधिकतम तापमान करीब 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
मध्य प्रदेश और राजस्थान का मौसम
मध्य प्रदेश में अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन ठंडी हवाएं कम चलने से थोड़ी राहत बनी रहेगी. वहीं, राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा यानी बारिश की कोई संभावना नहीं है. हालांकि, अगले तीन दिन में यहां भी तापमान थोड़ा गिर सकता है और सर्दी बढ़ सकती है.