लाइन मत लगाइए नहीं तो पेट्रोल पंप ही बंद कर देंगे, इस मुख्यमंत्री ने दी सीधी धमकी, बोले- सरकार नहीं अफवाहों पर भरोसा

पेट्रोल पंपों पर लग रही लंबी कतारों के बीच एक मुख्यमंत्री ने सख्त चेतावनी दी है कि लोग अफवाहों के आधार पर भीड़ न लगाएं, वरना पेट्रोल पंप बंद करने जैसे कड़े कदम उठाए जा सकते हैं. उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार साफ कर रही है कि किसी भी तरह की कमी नहीं है, फिर भी लोग सोशल मीडिया की बातों पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं.

Edited By :  हेमा पंत
Updated On : 26 March 2026 5:16 PM IST

ईरान-इजरायल के बीच जारी तनाव के कारण पेट्रोल-डीजल की संभावित कमी की अफवाहों ने लोगों में डर पैदा कर दिया है, जिसके चलते पेट्रोल पंपों पर लंबी कतारें लगने लगी हैं. इसी हालात पर एक मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाते हुए लोगों को चेतावनी दी है कि अफवाहों के आधार पर लाइन लगाने से बचें, वरना पेट्रोल पंप बंद करने तक की नौबत आ सकती है.

सरकार का कहना है कि फिलहाल ईंधन की कोई कमी नहीं है, लेकिन लोग आधिकारिक जानकारी के बजाय सोशल मीडिया की बातों पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं. ऐसे में प्रशासन ने अपील की है कि घबराहट में ईंधन स्टॉक करने के बजाय स्थिति को समझदारी से संभालें.

लाइनें लगाई तो बंद कर देंगे पेट्रोल पंप

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पेट्रोल पंपों पर लगी लंबी कतारों को लेकर लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि अगर लोग इसी तरह पेट्रोल पंपों के बाहर भीड़ लगाकर खड़े रहेंगे, तो सरकार को मजबूरन कुछ दिनों के लिए सभी पेट्रोल पंप बंद करने का फैसला लेना पड़ सकता है.

पेट्रोल पंप पर लग रही लंबी लाइनें

इंटरनेशनल लेवल पर चल रहे ईरान-इजरायल तनाव के कारण लोगों में आशंका जरूर बनी हुई है कि आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इसी डर की वजह से लोग ज्यादा मात्रा में ईंधन लेने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंच रहे हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ और अफरा-तफरी का माहौल बन रहा है.

पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं

एएनआई से बात करते हुए सीएम ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब सरकार आधिकारिक तौर पर जानकारी देती है, तो लोग उस पर भरोसा नहीं करते, लेकिन सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों को तुरंत सच मान लेते हैं. उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई समीक्षा बैठक में साफ तौर पर यह तय किया गया था कि फिलहाल पेट्रोल, डीजल और एलपीजी सिलेंडर की कोई कमी नहीं है. कुछ दिनों बाद भी स्थिति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और कहीं भी खपत कम करने का कोई निर्देश जारी नहीं किया गया है.

पीएम के साथ होगी मीटिंग

उमर अब्दुल्ला ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक खबरों से दूर रहें और बिना जरूरत के पेट्रोल पंपों पर लाइन न लगाएं. उन्होंने यह भी बताया कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सभी मुख्यमंत्रियों की एक ऑनलाइन बैठक होने वाली है, जिसमें वे शामिल होंगे और मौजूदा स्थिति पर चर्चा करेंगे.

Similar News