पार्सल खुलते ही उड़ गए होश! पैकेज में निकला बुजुर्ग व्यक्ति, सोशल पर लोगों का ध्यान खींचने के लिए ये कैसा पागलपन?

बेंगलुरु में एक महिला ने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचने के लिए अपने ही पिता को पार्सल के पैकेज में पैक कर दिया. जिसका वीडियो काफी वायरल हो रहा है.

bengaluru woman Courier

(Image Source:  X/ @path2shah )
Edited By :  विशाल पुंडीर
Updated On :

बेंगलुरु से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश ने एक परिवार को गंभीर मुसीबत में डाल दिया. लोगों का ध्यान खींचने के लिए इस परिवार ने जो तरीका अपनाया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया.

मंगलवार को व्यालिकवल इलाके में स्थित एक कूरियर ऑफिस में जब एक बड़ा पैकेज पहुंचा, तो किसी को अंदाजा नहीं था कि उसके अंदर क्या है. जब कर्मचारियों ने पार्सल की जांच की, तो जो सामने आया, उसने पूरे ऑफिस में सनसनी फैला दी.

पार्सल के अंदर क्या?

मामला उस समय सामने आया जब एक महिला, उसका पति, सास और देवर कूरियर ऑफिस में एक बड़ा पैकेज लेकर पहुंचे. कर्मचारियों ने जब पैकेज के बारे में पूछा, तो परिवार ने कोई सीधा जवाब नहीं दिया. शक होने पर जब पार्सल खोला गया, तो अंदर महिला के बुजुर्ग पिता मिले, जिन्हें बोरी में बंद किया गया था. यह दृश्य देखकर कर्मचारी हैरान रह गए.

बुजुर्ग व्यक्ति बेहद परेशान नजर आ रहे थे और उन्हें सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. इस स्थिति ने कर्मचारियों को तुरंत कार्रवाई करने के लिए मजबूर कर दिया. मौके पर माहौल तनावपूर्ण हो गया और कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत आगे कदम उठाए.

परिवार ने क्यों किया ये काम?

परिवार ने दावा किया कि उन्होंने यह सब एक वीडियो बनाने के लिए किया था. उनका उद्देश्य यह दिखाना था कि उगादी और रमजान जैसे त्योहारों के दौरान बस टिकट मिलना मुश्किल होता है. वे यह संदेश देना चाहते थे कि यात्रा के लिए किसी व्यक्ति को कूरियर के माध्यम से भेजना ही एकमात्र विकल्प बचा है.

पकड़े जाने के बावजूद परिवार ने अपनी गलती मानने के बजाय कूरियर कर्मचारियों से बहस की और जोर देकर कहा कि उनका पार्सल स्वीकार किया जाए. स्थिति बिगड़ती देख कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद परिवार को थाने ले जाया गया. पुलिस स्टेशन में परिवार ने एक माफीनामा वीडियो रिकॉर्ड किया. अधिकारियों ने उन्हें सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचें, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया.

Similar News