Bengaluru: मां कराती रही अपना मैटरनिटी शूट, उधर तलाब में डूबकर बच्चे की चली गई जान

बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाला माला सामने आया है. यहां एक मां को ज़रा सी लापरवाही भारी पड़ गई. जिस वक्त वह अपने फोटोशूट में बिज़ी थी, ठीक उसी वक्त उसका तीन साल का बच्चा तलाब में डूब गया.;

( Image Source:  AI GENERATED IMAGE- SORA )
Edited By :  स्टेट मिरर डेस्क
Updated On : 16 Feb 2026 2:50 PM IST

Bengaluru: एक सामान्य मैटरनिटी फोटोशूट की तैयारी उस समय मातम में बदल गई, जब जेपी नगर की एक महिला का तीन साल का बेटा स्टूडियो परिसर में बने तालाब में डूब गया. शनिवार दोपहर गिद्देनहल्ली, मगदी मेन रोड के पास स्थित एक निजी स्टूडियो में यह दर्दनाक हादसा हुआ है.

लक्षवीर सी अपनी मां स्वाति के साथ द शायर स्टूडियो गया था. स्वाति सात महीने की गर्भवती हैं. यह स्टूडियो मैटरनिटी और प्री-वेडिंग फोटोशूट के लिए लोकप्रिय स्थान माना जाता है. पुलिस के मुताबिक, यह घटना शनिवार दोपहर हुई.

क्या है पूरा मामला?

स्वाति अपनी एक दोस्त के साथ वहां गई थीं, जिसने फोटोशूट के लिए स्टूडियो बुक किया था. स्वाति के पति चरण राज, जो पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं, करीब एक सप्ताह पहले काम के सिलसिले में अमेरिका गए थे. जाने से पहले स्वाति ने उन्हें बताया था कि वह फोटोशूट के लिए जा रही हैं और लक्षवीर को भी साथ ले गई थीं.

कैसे तलाब में गिरा बच्चा?

जांच अधिकारियों के मुताबिक, स्वाति फोटोशूट में व्यस्त थीं, जबकि बच्चा स्टूडियो परिसर में खेल रहा था. परिसर में तीन छोटे तालाब बने हुए हैं. पुलिस को आशंका है कि लक्षवीर खेलते-खेलते किसी एक तालाब के पास पहुंच गया और गलती से पानी में फिसलकर गिर गया.

जब स्वाति को उनका बेटा नहीं मिला तो उन्होंने पूरे परिसर में तलाश शुरू की. बाद में लक्षवीर एक तालाब में मिला. स्टूडियो के कर्मचारियों ने उसे बाहर निकाला और पास के अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

2 फीट गहरा पानी, कैसे हुई बच्चे की मौत?

पुलिस ने बताया कि तालाब में दो फीट से अधिक पानी भरा था. लक्षवीर की लंबाई लगभग तीन फीट थी. आशंका है कि वह पानी में गिरने के बाद खुद को संभाल नहीं पाया और संभव है कि उसका पैर कीचड़ में फंस गया हो.

मदनायकनहल्ली पुलिस थाने में स्वाति के पिता रमेश बाबू की शिकायत के आधार पर अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज किया गया है. शिकायत में स्टूडियो प्रबंधन को दोषी नहीं ठहराया गया है. रविवार को नेलमंगला सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद बच्चे का शव परिवार को सौंप दिया गया.

पुलिस ने बताया कि चरण राज को सूचना दे दी गई है और वे बेंगलुरु लौट रहे हैं. अधिकारियों के अनुसार, दादा-दादी सदमे में हैं और विस्तृत बयान नहीं दे पाए, स्वाति ने भी पुलिस के सामने बयान दर्ज कराने के लिए समय मांगा है.

Similar News