Aaj Ki Taza Khabar: Lawrence Bishnoi गैंग का कनेक्शन भारत सरकार से? कनाडा में RCMP रिपोर्ट में क्या-क्या? पढ़ें 14 जनवरी की बड़ी खबरें
Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. बुधवार 14 जनवरी 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा, साथ ही हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.
राजस्थान के दौसा में प्लाइवुड फर्नीचर गोदाम में भीषण आग, आसपास के घरों तक फैली लपटें
राजस्थान के दौसा जिले में एक प्लाइवुड फर्नीचर गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें गोदाम से सटे आसपास के मकानों की दीवारों तक पहुंच गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया. फायर ब्रिगेड की टीमें लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी हैं. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है, वहीं किसी के हताहत होने की सूचना भी सामने नहीं आई है.
Lawrence Bishnoi गैंग का कनेक्शन भारत सरकार से? कनाडा में RCMP रिपोर्ट में खुलासा
कनाडा की रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस (RCMP) की एक रिपोर्ट में Lawrence Bishnoi गैंग फिर से सुर्खियों में आया है. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह गैंग "भारत सरकार की ओर से काम कर रहा था" और इसका कनेक्शन भारतीय अधिकारियों से जोड़ा गया है. तीन पन्नों की इस गोपनीय रिपोर्ट में Bishnoi गैंग के कनाडा में फैलते अपराध नेटवर्क और हिंसक गतिविधियों का विवरण दिया गया है. RCMP के अनुसार, गैंग का मुख्य उद्देश्य राजनीतिक या धार्मिक कारण नहीं बल्कि केवल “लालच” है, और यह गिरोह धमकी, ब्लैकमेल, ड्रग्स और टारगेटेड हत्याओं जैसी गंभीर घटनाओं में लिप्त है.
प्रयागराज माघ मेले में सेक्टर 4 के शिविर में भीषण आग, 8 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने काबू पाया
प्रयागराज के माघ मेले में बुधवार को फिर अफरा-तफरी मच गई जब सेक्टर 4 के एक शिविर में भीषण आग लग गई. आग की वजह अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाई है. फायर ब्रिगेड की आठ गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और किसी बड़े हादसे को टाल लिया.
यह आग माघ मेले में दूसरी बार लगी है. कल भी मेले के एक शिविर में आग लगी थी, जिसे दमकल की टीमों ने नियंत्रित किया था. आग की लगातार घटनाओं ने मेले में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
छत्तीसगढ़: बीजापुर में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की साजिश नाकाम, 10-10 किलो के दो IED बम बरामद
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने बड़ा खतरा टाल दिया है. पुलिस के मुताबिक, इलाके में तलाशी अभियान के दौरान 10-10 किलो वज़न के दो शक्तिशाली IED (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बम बरामद किए गए, जिन्हें समय रहते सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज कर दिया गया. इस कार्रवाई से संभावित बड़े हमले को नाकाम कर दिया गया.
UP पुलिस कांस्टेबल भर्ती पेपर लीक केस: ED ने मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा समेत 18 आरोपियों पर दाखिल की सप्लीमेंट्री चार्जशीट
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उत्तर प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा-2023 के पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत सप्लीमेंट्री प्रोसिक्यूशन कंप्लेंट (SPC) दाखिल की है. ED ने इस मामले में मुख्य आरोपी और मास्टरमाइंड राजीव नयन मिश्रा सहित कुल 18 आरोपियों के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र पेश किया है. एजेंसी के अनुसार, पेपर लीक से जुड़े अवैध धन के लेन-देन और नेटवर्क की गहन जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है.
कोलकाता के गांगुली स्ट्रीट में भीषण आग, 3 दुकानें जलकर खाक; 10 दमकल गाड़ियां तैनात
कोलकाता, पश्चिम बंगाल के गांगुली स्ट्रीट इलाके में मंगलवार को अचानक भीषण आग लग गई. आग करीब दो घंटे तक धधकती रही, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इस हादसे में तीन दुकानें और उनसे सटे इलाके बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया.
दक्षिण कोलकाता के फायर ऑफिसर सुदीप्तो बी ने बताया कि “आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. मौके पर 10 दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया था. तीन दुकानें और उनके आसपास का इलाका आग की चपेट में आया है.” दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग को नियंत्रित किया जा सका. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है. प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है.
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने बनाए 284 रन
राजकोट में भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा वनडे मैच खेला जा रहा है. इस मैच में टॉस जीतकर न्यूजीलैंड ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. जिसके बाद टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 284 रन बनाए हैं. टीम इंडिया की तरफ से केएल राहुल शानदार शतक लगाते हुए 92 गेंदों पर 112 रनों की पारी खेली है. इसके अलावा कप्तान शुभमन गिल ने 56 रनों की पारी खेली.
मकर संक्रांति पर तेज प्रताप यादव का बड़ा दावा, बोले-RJD और JJD का होगा विलय
पटना में मकर संक्रांति के अवसर पर जन शक्ति जनता दल (JJD) के नेता तेज प्रताप यादव ने बड़ा राजनीतिक बयान दिया. उन्होंने कहा कि इस खास मौके पर सभी लोगों को आमंत्रित किया गया है और बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे हैं, जबकि कुछ लोग अभी रास्ते में हैं. तेज प्रताप यादव ने आगे कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जन शक्ति जनता दल (JJD) का विलय होगा. उनके इस बयान को बिहार की सियासत में अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है.
राहुल गांधी चीन-प्रेम में डूबे रहते हैं, भारत की प्रगति नहीं दिखती: रविशंकर प्रसाद का तीखा हमला
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के चीन पर दिए गए बयान को लेकर भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, चीन की ही तारीफ करते नजर आते हैं और भारत के विकास पर नजर नहीं डालते. रविशंकर प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी का यह रवैया देश की उपलब्धियों को कमतर दिखाने वाला है और उन्हें भारत की तरक्की पर भी उतना ही ध्यान देना चाहिए.
अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले पर बोले सीएम धामी
अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, "मैं यह साफ करना चाहता हूं कि हमारी सरकार ने इस मामले में तुरंत और निर्णायक कार्रवाई की, यह सुनिश्चित करते हुए कि दोषियों को कानून के अनुसार सज़ा मिले. हाल ही में, कुछ गुमराह करने वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आने के बाद, मैं खुद अंकिता के माता-पिता से मिला, और उनके अनुरोध पर, मैंने इस मामले में CBI जांच का आदेश देने का फैसला किया. मेरी सरकार और मैं शुरू से ही अंकिता के परिवार के साथ मजबूती से खड़े हैं ताकि उन्हें न्याय मिल सके, और हम संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ उनके साथ खड़े रहेंगे। हमारी सरकार देवभूमि उत्तराखंड की संस्कृति, सम्मान और पहचान की रक्षा के लिए पूरी लगन से काम कर रही है..."