Aaj ki Taaza Khabar: दिल्ली बम ब्लास्ट को मोदी सरकार ने माना आतंकी घटना, मारे गए लोगों को कैबिनेट मीटिंग में दी गई श्रद्धांजलि पढ़ें 12 नवंबर की बड़ी खबरें

( Image Source:  ANI )
Edited By :  नवनीत कुमार
Updated On : 12 Nov 2025 9:14 PM IST

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. बुधवार 12 नवंबर 2025 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, साथ ही बिहार चुनाव की हर बड़ी खबर को जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

Live Updates
2025-11-12 15:44 GMT

दिल्ली ब्लास्ट को सरकार ने माना आतंकी घटना, मारे गए लोगों को कैबिनेट मीटिंग में दी गई श्रद्धांजलि

दिल्ली में हुए लाल किला ब्लास्ट को लेकर केंद्र सरकार ने बड़ा बयान दिया है. बुधवार को हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने इस धमाके को आतंकी घटना (Terror Attack) करार दिया. बैठक की शुरुआत उन निर्दोष लोगों को श्रद्धांजलि देकर की गई, जिन्होंने इस विस्फोट में अपनी जान गंवाई. प्रधानमंत्री की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट पर चर्चा हुई और राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए.

2025-11-12 15:37 GMT

लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका! पराली जलाने से भड़की आग, बड़ा हादसा टला

नागराम इलाके में स्थित एक लाइसेंसधारी पटाखा फैक्ट्री में बुधवार दोपहर अचानक भयंकर विस्फोट हो गया. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पास के खेतों में किसानों द्वारा पराली जलाने से उठी चिंगारी फैक्ट्री तक पहुंची, जिससे यह धमाका हुआ. लखनऊ दक्षिण के डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि “करीब दोपहर 12 बजे नागराम थाने को धमाके की सूचना मिली. आस-पास के किसानों ने संभवतः उसी संरचना में पराली जलाई थी, जिससे विस्फोट हुआ. फायर ब्रिगेड और सिविल पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आग पर काबू पा लिया गया. अभी तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है. फैक्ट्री का लाइसेंस 2027 तक वैध पाया गया है. फिलहाल मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.” पुलिस और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचकर विस्फोट के कारणों की गहराई से जांच कर रही हैं.

2025-11-12 14:43 GMT

G7 विदेश मंत्रियों की बैठक में डॉ. एस. जयशंकर की अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात, दिल्ली धमाके पर जताई संवेदना

कनाडा के ओंटारियो में आयोजित G7 विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान भारत के विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से मुलाकात की. इस दौरान रुबियो ने दिल्ली धमाके में हुई जानहानि पर गहरी संवेदना व्यक्त की. बैठक में दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की, खास तौर पर व्यापार और सप्लाई चेन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया. इसके अलावा दोनों नेताओं ने यूक्रेन युद्ध, मध्य पूर्व और वेस्ट एशिया की स्थिति, तथा इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के हालात पर भी विचार-विमर्श किया. डॉ. जयशंकर ने कहा, "हमारे द्विपक्षीय संबंधों को और सुदृढ़ बनाने पर सार्थक बातचीत हुई. दिल्ली धमाके में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना जताने के लिए मैं उनका आभारी हूं."

2025-11-12 14:06 GMT

लाल किला धमाका: फरीदाबाद में मिली संदिग्ध लाल EcoSport, आतंकी उमर उन नबी से जुड़ाव की आशंका

फरीदाबाद पुलिस ने दिल्ली धमाके के मुख्य संदिग्ध डॉ. उमर उन नबी से जुड़ी बताई जा रही लाल रंग की EcoSport कार (DL 10 CK 0458) बरामद की है. यह कार खंडावली गांव के पास खड़ी मिली. पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है. माना जा रहा है कि यही कार धमाके से पहले संदिग्धों की मूवमेंट में इस्तेमाल की गई थी. फिलहाल पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं.

2025-11-12 14:02 GMT

लाल किला धमाका: गौतमपुरी इलाके में छानबीन, संदिग्ध डॉ. उमर उन नबी की तलाश में पहुंची पुलिस

दिल्ली के गौतमपुरी इलाके में मंगलवार को पुलिस ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया. बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई लाल किला कार ब्लास्ट के मुख्य संदिग्ध डॉ. उमर उन नबी से जुड़े एक पते की जांच को लेकर की गई. एक स्थानीय निवासी ने बताया, “पुलिस उमर नबी नाम के व्यक्ति की फोटो और आईडी दिखा रही थी. हमने उन्हें बताया कि हमने इस आदमी को पहले कभी यहां नहीं देखा.” पुलिस अब उस पते और संदिग्ध की संभावित मौजूदगी के अन्य सुरागों की जांच कर रही है.

2025-11-12 12:51 GMT

दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ा अपडेट: फरीदाबाद में मिली संदिग्ध ‘लाल ईकोस्पोर्ट’, आतंकी उमर उन नबी से जुड़ा लिंक!

हरियाणा के फरीदाबाद से दिल्ली ब्लास्ट केस में बड़ी खबर सामने आई है. पुलिस ने उस लाल फोर्ड ईकोस्पोर्ट (DL10CK0458) कार को बरामद कर लिया है, जिसे धमाके से जुड़ा माना जा रहा था. पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, यह कार खंडावली गांव के पास खड़ी मिली. यह वही वाहन है जो मुख्य संदिग्ध डॉ. उमर उन नबी से जुड़ा बताया गया था. दिल्ली, हरियाणा और यूपी में इस कार की तलाश के बाद आखिरकार फरीदाबाद पुलिस ने इसे राउंडअप कर लिया. अब कार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि यह पता चल सके कि इसमें कोई विस्फोटक सामग्री या सबूत मौजूद हैं या नहीं.

2025-11-12 12:39 GMT

राघव चड्ढा का बयान- "सरकार को कड़ा कदम उठाना चाहिए, दोषियों को बख्शा नहीं जाए"

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने लाल किला कार ब्लास्ट को बेहद गंभीर घटना करार देते हुए कहा कि “यह एक बहुत ही गंभीर मामला है. मैं इस भयानक धमाके में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूँ... पूरा राष्ट्र सरकार के साथ एकजुट है. सरकार को सख्त निर्णय लेने चाहिए, और इन देशविरोधी गतिविधियों में लिप्त आरोपियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए. ऐसे तत्वों की पहचान कर उन्हें हमारे समाज से समाप्त किया जाना चाहिए. सरकार को कड़े निर्णय लेने चाहिए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.”

2025-11-12 11:38 GMT

साहरनपुर के फेमस मेडिकेयर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से डॉ. आदिल अहमद के विजुअल्स सामने आए

उत्तर प्रदेश के साहरनपुर स्थित फेमस मेडिकेयर सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल से डॉक्टर आदिल अहमद के विजुअल्स सामने आए हैं. कश्मीर के रहने वाले डॉ. आदिल को दिल्ली के लाल किले के पास हुए धमाके से तीन दिन पहले साहरनपुर से गिरफ्तार किया गया था. उन पर श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में पोस्टर लगाने का आरोप है.

2025-11-12 11:35 GMT

अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद बोले गोविंदा- "ज्यादा एक्सरसाइज करने से हुई थकान, लगा जैसे बेहोश हो जाऊंगा"

अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा ने बताया, "ज्यादा एक्सरसाइज करने से शरीर में थकान हो गई थी. एक पल को लगा जैसे बेहोश हो जाऊंगा. तब मैंने सोचा कि अस्पताल में भर्ती होकर एहतियात बरतना बेहतर रहेगा ताकि समस्या न बढ़े."

2025-11-12 11:17 GMT

दिल्ली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लाल किला हमले के बाद दर्जनभर संदिग्ध हिरासत में

दिल्ली पुलिस ने आतंकी हमले से जुड़े करीब दर्जनभर संदिग्धों को हिरासत में लिया है. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, ये सभी लोग सीधे या परोक्ष रूप से गिरफ्तार आरोपियों से जुड़े हैं. बताया गया है कि ये लाल किला धमाके के बाद पुलिस की पहली बड़ी कार्रवाई है. फिलहाल इन सभी से कई एजेंसियां मिलकर पूछताछ कर रही हैं.

Similar News