Aaj Ki Taaza Khabar: गोवा नाइटक्लब आग मामला- कल थाईलैंड से दिल्ली एयरपोर्ट पर हाजिर होंगे लूथरा ब्रदर्स- पढ़ें 15 दिसंबर की बड़ी खबरें
Aaj Ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार (15 दिसंबर 2025) को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा और कौन सी बड़ी खबर रही... जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATES...;
Aaj Ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. सोमवार (15 दिसंबर 2025) को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्या-क्या खास रहा और कौन सी बड़ी खबर रही... जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATES...
गोवा नाइटक्लब आग मामला: लुधरा भाई कल थाईलैंड से दिल्ली एयरपोर्ट पर होंगे हाजिर
गोवा पुलिस ने जानकारी दी है कि लुधरा भाई, सौरभ लुधरा और गौरव लुधरा, कल थाईलैंड से दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुँचेंगे. दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस और दिल्ली पुलिस की टीम मौजूद रहेगी. दोनों को पटियाला हाउस कोर्ट लाया जाएगा, जहाँ से गोवा पुलिस उन्हें ट्रांज़िट रिमांड पर अपने कब्जे में लेगी.
नितिन नवीन के बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर वीरेंद्र सचदेवा बोले, “यह दूरदर्शी सोच का फैसला”
बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन के पदभार संभालने पर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है… केंद्रीय नेतृत्व का यह फैसला दूरदर्शी सोच का परिचायक है.”
वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा कि यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के विज़न के अनुरूप है. उनके मुताबिक, संगठन में किया गया यह परिवर्तन देश को विकास के नए मुकाम तक ले जाने की दिशा में एक अहम कदम है.
जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ शुरू, इलाके की घेराबंदी
IGP जम्मू ज़ोन ने ट्वीट किया, “JKP से मिले सटीक इनपुट के आधार पर उधमपुर के माजलता इलाके के गांव सोआन में आतंकियों से संपर्क स्थापित किया गया है. एसओजी की संयुक्त टीम सेना और सीआरपीएफ के साथ मौके पर कार्रवाई में जुटी हुई है.”
MGNREGA का नाम बदलने की योजना पर शशि थरूर की आपत्ति, बोले- 'नाम बदलना अनावश्यक'
सरकार द्वारा मनरेगा (MGNREGA) योजना का नाम बदलने के लिए विधेयक लाने की तैयारी पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा, “यह दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि महात्मा गांधी की ग्रामीण गरीबों को लेकर एक बहुत स्पष्ट सोच थी. वह सबसे गरीब व्यक्ति की आंख से आंसू पोंछने की बात करते थे.” शशि थरूर ने आगे कहा कि महात्मा गांधी के विचारों में राम राज्य और ग्राम स्वराज एक-दूसरे से जुड़े हुए थे, इसलिए इस योजना के लिए महात्मा गांधी का नाम चुनना बिल्कुल सही था.
उन्होंने कहा, “पिछले 20 वर्षों से लोग इस योजना को अलग-अलग भारतीय भाषाओं में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार योजना के नाम से जानते हैं. तो अब इसे बदलने की क्या जरूरत है?” कांग्रेस सांसद ने यह भी साफ किया कि सरकार को योजना की शर्तें बदलने का अधिकार है, लेकिन “आप योजना के नियम बदल सकते हैं, यह सरकार का विशेषाधिकार है, लेकिन नाम बदलना अनावश्यक है.”
पहलगाम आतंकी हमला: NIA ने 7 आरोपियों के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट, पाकिस्तानी आतंकी संगठन LeT/TRF भी नामजद
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने आज पहलगाम आतंकी हमले के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 7 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है. इस चार्जशीट में पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) / द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) को एक कानूनी इकाई के तौर पर नामजद किया गया है. चार्जशीट में पाकिस्तान की साजिश, आरोपियों की भूमिका और मामले से जुड़े सबूतों का विस्तृत विवरण दिया गया है. NIA के मुताबिक, यह हमला धर्म के आधार पर टारगेट कर की गई हत्याओं से जुड़ा था, जिसमें पाकिस्तान-प्रायोजित आतंकियों ने 25 पर्यटकों और एक स्थानीय नागरिक की हत्या कर दी थी.
पाकिस्तानी हैंडलर साजिद जट्ट भी आरोपी
NIA की 1,597 पन्नों की चार्जशीट, जो जम्मू स्थित विशेष NIA अदालत में दाखिल की गई है, में पाकिस्तानी हैंडलर आतंकी साजिद जट्ट को भी आरोपी बनाया गया है. एजेंसी के अनुसार, साजिद जट्ट ने सीमा पार से पूरे आतंकी मॉड्यूल का संचालन और समन्वय किया. चार्जशीट में उन तीन पाकिस्तानी आतंकियों के नाम भी शामिल किए गए हैं, जिन्हें जुलाई 2025 में श्रीनगर के दाचीगाम इलाके में भारतीय सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन महादेव के तहत मार गिराया था.
सुपरस्टार फुटबॉलर्स मेस्सी और सूज़रेज़ आज वंतारा में होंगे, अनंत अंबानी करेंगे मेहमाननवाजी
सूत्रों के अनुसार, फुटबॉल के दिग्गज लियोनेल मेस्सी और लुइस सूज़रेज़ आज वंतारा पहुंचेगे. दोनों खिलाड़ी आज रात वहीं ठहरेंगे, जहाँ उनका स्वागत अनंत अंबानी, डायरेक्टर, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, द्वारा किया जाएगा. मेहमाननवाजी और विशेष इंतजामों को लेकर आयोजन स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्था कड़ी की गई है.
BMC चुनाव पर देवेंद्र फड़नवीस का दावा, महायुति को मिलेगा मुंबई में जनता का समर्थन
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने पुणे में BMC चुनावों को लेकर कहा, 'महायुति मुंबई में चुनाव लड़ेगी और हमारी सरकार द्वारा किए गए कार्यों को देखते हुए, जनता एक बार फिर मुंबई को हमारे हाथों में नगर निगम के रूप में सौंपेगी, यही मेरा विश्वास है..." फड़नवीस ने चुनावी रणनीति और जनता के विश्वास पर भरोसा जताते हुए महायुति के लिए मजबूत उम्मीदवारी का संदेश दिया.
महाराष्ट्र में 29 नगर निगमों के चुनाव का शेड्यूल जारी, मतदान 15 जनवरी और मतगणना 16 जनवरी 2026 को
महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने 29 नगर निगमों के चुनाव का आधिकारिक शेड्यूल जारी किया है. इसके तहत मतदान 15 जनवरी 2026 को संपन्न होगा, जबकि मतों की गिनती और परिणाम 16 जनवरी 2026 को घोषित किए जाएंगे. चुनाव आयोग ने सभी निर्वाचक और उम्मीदवारों को समय पर तैयारी करने और नियमों का पालन करने की सलाह दी है.
संजय सरावगी बने बिहार बीजेपी के नए प्रदेश अध्यक्ष
भारतीय जनता पार्टी ने बिहार में संगठनात्मक बदलाव करते हुए विधायक संजय सरावगी को पार्टी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है. पार्टी नेतृत्व ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए तैयार करने की उम्मीद जताई है. संजय सरावगी की नियुक्ति को बिहार बीजेपी की रणनीति में अहम कदम माना जा रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जॉर्डन पहुंचे, दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर अम्मान में किया आगमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जॉर्डन की राजधानी अम्मान पहुंच गए हैं. वह जॉर्डन के राजा किंग अब्दुल्ला द्वितीय बिन अल हुसैन के निमंत्रण पर दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर जॉर्डन गए हैं. इस यात्रा के दौरान भारत-जॉर्डन द्विपक्षीय संबंधों, क्षेत्रीय सुरक्षा, व्यापार, निवेश और रणनीतिक सहयोग को लेकर अहम बातचीत होने की उम्मीद है.