Aaj ki Taaza Khabar: दुश्मन हमें युद्ध में धकेलना चाहता है! ईरानी राष्ट्रपति की खुली चेतावनी- नहीं देंगे एक इंच भी जमीन

Aaj ki Taaza Khabar Live News: स्टेट मिरर हिंदी के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है. यहां आपको दिनभर की ब्रेकिंग, बड़ी खबरें और हेडलाइन देखने को मिलेगी. रविवार 08 मार्च 2026 को देश, दुनिया, खेल और मनोरंजन जगत में क्‍या-क्‍या खास रहा, जानने के लिए यहां पढ़ें LIVE UPDATE.

( Image Source:  X- @PTI_News )
Edited By :  समी सिद्दीकी
Updated On : 8 March 2026 1:12 PM IST


Live Updates
2026-03-08 07:42 GMT

इजराइली सेना ने यूएस से खरीदे ईरान के विमानों को बनाया निशाना

इजरायल की सेना ने कहा कि उसने उन लड़ाकू विमानों की एक बड़ी तादाद को निशाना बनाकर हमले किए हैं जिन्हें ईरान ने 1979 की क्रांति से पहले संयुक्त राज्य अमेरिका से खरीदा था.

2026-03-08 07:00 GMT

हम नहीं देंगे एक इंच भी ज़मीन: मसूद पेजेशकियान

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान का बड़ा और तीखा बयान सामने आया है. उन्होंने कहा कि दुश्मन हमें युद्ध में घसीटना चाहता है, लेकिन हम किसी को भी अपनी एक इंच जमीन तक नहीं लेने देंगे. राष्ट्रपति ने चेतावनी भरे अंदाज में साफ कर दिया कि अगर ईरान की संप्रभुता पर हमला हुआ तो उसका करारा और निर्णायक जवाब दिया जाएगा.

2026-03-08 06:24 GMT

आशुतोष महाराज पर जानलेवा हमला

शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के खिलाफ बटुकों से यौन उत्पीड़न की FIR दर्ज कराने वाले आशुतोष महाराज पर रविवार को चलती ट्रेन में जानलेवा हमला हुआ है. आशुतोष महाराज के मुताबिक, वे गाजियाबाद से प्रयागराज जाने के लिए रीवा एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में सफर कर रहे थे. सुबह करीब 5 बजे, जब ट्रेन सिराथू रेलवे स्टेशन के पास पहुंची, तभी एक अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया.

2026-03-08 05:54 GMT

गुरुग्राम में रियल स्टेट कंपनी के मालिक की कार पर फायरिंग

गुरुग्राम में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए. शनिवार देर शाम बदमाशों ने लग्जरी कारों के शोरूम बिग बॉय टॉयज पर कई राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी. घटना हीरो होंडा चौक की है, जहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक बिल्डर की कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं.

बताया जा रहा है कि फायरिंग रियल एस्टेट कंपनी बीपीटीपी के मालिक की कार पर की गई थी. इस हमले में एक गोली ड्राइवर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गया. घायल ड्राइवर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.

2026-03-08 05:00 GMT

ईरान में कब सेना भेजेंगे ट्रंप?

ईरान में सेना भेजने के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा, "अभी तो हम उन्हें तबाह कर रहे हैं, लेकिन यह ऐसा कुछ है जो हम बाद में कर सकते हैं."

2026-03-08 04:42 GMT

इजराइल पर ईरान का जवाबी हमला

ईरान ने अपने ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों के जवाब में एक इजरायली रिफाइनरी पर हमला किया है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि उसने हाल ही में ईरान की ऊर्जा सुविधाओं पर अमेरिका-इजरायल द्वारा किए गए हमलों के प्रतिशोध में इजरायल के हाइफ़ा में स्थित एक रिफाइनरी को निशाना बनाया गया है.

2026-03-08 04:27 GMT

ईरान के हमलों के बाद जीसीसी की वॉर्निंग

खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के प्रमुख ने चेतावनी दी है कि ईरान के हमलों ने मौजूदा क्षेत्रीय संघर्ष के बीच तेहरान के "उग्रवादी रवैये" को उजागर कर दिया है. जीसीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित एक औपचारिक बयान में, महासचिव जसीम मोहम्मद अलबुदैवी ने खाड़ी क्षेत्रों को विशेष रूप से निशाना बनाकर किए गए इस "दुष्ट ईरानी हमले" की परिषद की "कड़ी" निंदा की है. जीसीसी एक शक्तिशाली क्षेत्रीय गुट है जिसमें छह सदस्य देश शामिल हैं: सऊदी अरब, कतर, संयुक्त अरब अमीरात, कुवैत, बहरीन और ओमान.

2026-03-08 03:47 GMT

ममदानी के मेंशन के पास बम धमाके की कोशिश करने वाले गिरफ्तार

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, न्यूयॉर्क सिटी पुलिस डिपार्टमेंट (एनवाईपीडी) ने ज़ोहरान ममदानी के आवास ग्रेसी मेंशन के बाहर हुए बम हमले के प्रयास के बाद दो संदिग्धों की पहचान की है. ये गिरफ्तारियां एक व्यापक पुलिस कार्रवाई का हिस्सा थीं, जिसमें आधिकारिक आवास पर प्रतिद्वंद्वी प्रदर्शनकारी समूहों के बीच हुई अराजक झड़प के बाद छह लोगों को हिरासत में लिया गया था.

2026-03-08 03:12 GMT

ईरान ने कुवैत एयरपोर्ट को बनाया निशाना

ईरान ने कुवैत के इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाया है. अंदेशा लगाया जा रहा है कि यह हमला ड्रोन से किया गया है. इस अटैक की वजह से होने वाले नुकसान की जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

2026-03-08 03:07 GMT

US-इजरायली हमलों में 20 ईरानी नागरिकों की मौत

तेहरान के निलोफर स्क्वायर में 20 ईरानी नागरिकों की मौत हुई है. ये मौतें US-इजरायली में हुई हैं. बीते रोज ईरान की ऑयल फैसिलीटज को निशाना बनाया गया था. 

Similar News