Badshah के Tateeree गाने पर बवाल, हरियाणा महिला आयोग ने भेजा नोटिस, 13 मार्च को सुनवाई
मशहूर रैपर बादशाह के नए हरियाणवी गाने 'Tateeree' के कुछ बोलों को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. हरियाणा राज्य महिला आयोग ने संज्ञान लेते हुए उन्हें नोटिस भेजा है और 13 मार्च को पानीपत में सुनवाई तय की है.
हाल ही में मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह (Badshah) ने एक नया हरियाणवी गाना रिलीज़ किया है, जिसका नाम है 'ततेरी' (Tateeree) यह गाना 1 मार्च 2026 के आसपास रिलीज़ हुआ था और रिलीज़ होते ही इसमें इस्तेमाल किए गए कुछ बोलों को लेकर काफी विवाद खड़ा हो गया है. हरियाणा राज्य महिला आयोग (Haryana State Commission for Women) ने इस मामले में खुद से संज्ञान लिया है.
आयोग को कई शिकायतें मिली थीं, जिनमें कहा गया था कि गाने के बोलों में अश्लील या अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया है. इन बोलों से महिलाओं की इज्जत पर सवाल उठ रहे हैं और यह हरियाणा की संस्कृति व मर्यादा के खिलाफ माना जा रहा है. कुछ लोगों का कहना है कि गाने में महिलाओं और लड़कियों को गलत तरीके से पेश किया गया है, जैसे उन्हें कोई चीज या वस्तु की तरह दिखाया गया है.
महिलाओं का अपमान
एक खास लाइन जो सबसे ज्यादा विवाद का कारण बनी, वह है 'आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने' जैसी कुछ लिरिक्स, जिन्हें लोग आपत्तिजनक और महिलाओं के अपमान वाला मान रहे हैं. शिकायत करने वालों में पानीपत की नारी तू नारायणी उत्थान समिति की अध्यक्ष सविता आर्य और शिव आरती इंडिया फाउंडेशन के निदेशक शिव कुमार शामिल हैं. इन शिकायतों के आधार पर आयोग ने कार्रवाई शुरू की. आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने कहा है कि ऐसे गाने कैसे पास हो जाते हैं? उन्होंने बताया कि वे पहले तीन साल तक फिल्म सेंसर बोर्ड की सदस्य रह चुकी हैं, इसलिए उन्हें इस बात पर हैरानी है कि इतने आपत्तिजनक बोलों वाला गाना कैसे मंजूरी मिल गई.
जल्द होगी सुनवाई
6 मार्च 2026 को आयोग ने बादशाह को नोटिस जारी किया. इसमें बादशाह का असली नाम आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया लिखा गया है. समन में उनसे कहा गया है कि वे सुनवाई में हाजिर हों और मामले की सफाई दें. आयोग ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक को भी नोटिस भेजा है, ताकि सुनवाई के दिन सभी लोग मौजूद रहें और कोई समस्या न आए. सुनवाई की तारीख तय हो चुकी है 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे. यह सुनवाई पानीपत के डीसी (जिला उपायुक्त) कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में होगी, और इसकी अध्यक्षता खुद रेनू भाटिया करेंगी. आयोग अब इस मामले की पूरी जांच करेगा, शिकायतकर्ताओं और बादशाह दोनों पक्षों की बात सुनेगा, और फिर आगे क्या करना है, इसका फैसला लेगा. यह पूरा मामला अभी काफी चर्चा में है और लोग सोशल मीडिया पर भी अपनी राय दे रहे हैं। कुछ लोग बादशाह का साथ दे रहे हैं तो कुछ लोग महिलाओं के सम्मान की बात कर रहे हैं.