Heer Ranjha में होंगे Rohit Saraf, नई हीर की तलाश पूरी! 8 साल बाद साथ आए इम्तियाज अली-एकता कपूर
इम्तियाज अली और एकता कपूर ने वैलेंटाइन डे पर अपनी नई रोमांटिक फिल्म 'हीर रांझा' की घोषणा की है. रांझा के किरदार में रोहित सराफ नजर आएंगे, जबकि हीर के लिए नई एक्ट्रेस लॉन्च की जाएगी.;
इम्तियाज अली और एकता कपूर आठ साल बाद फिर से साथ आ रहे हैं. दोनों ने मिलकर एक नई रोमांटिक फिल्म बनाने का ऐलान किया है, जिसका नाम है 'हीर रांझा'. यह फिल्म ठीक वैसी ही यादगार और दिल छू लेने वाली लव स्टोरी होगी, जैसी उनकी पुरानी फिल्म 'लैला मजनू' थी. 'लैला मजनू' को लोग आज भी बहुत पसंद करते हैं और वह एक कल्ट क्लासिक बन चुकी है. फिल्म की घोषणा वैलेंटाइन डे पर एक खास कॉन्सेप्ट टीज़र के साथ की गई. जैसे ही यह खबर आई, सबकी नजरें इस बात पर टिक गईं कि इस बार हीर और रांझा के किरदार में कौन-कौन नजर आएंगे.
अब एक रिपोर्ट के मुताबिक मेल लीड रोल यानी रांझा के किरदार में रोहित सराफ को फाइनल कर लिया गया है. रोहित सराफ 29 साल के यंग एक्टर है हैं. उन्होंने 'इश्क विश्क रिबाउंड', 'मिसमैच्ड' (वेब सीरीज) और 'सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी' जैसी फिल्मों में अपनी अच्छी एक्टिंग से सबका दिल जीता है. अब वे 'हीर रांझा' में अपने करियर की सबसे बड़ी और चैलेंजिंग रोल निभाने वाले हैं.
कौन होगी हीर?
वहीं, हीर के किरदार में एक नई लड़की को लॉन्च किया जाएगा. अभी तक उस एक्ट्रेस का नाम आधिकारिक तौर पर नहीं बताया गया है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि उसे फाइनल कर लिया गया है और जल्द ही इसका ऐलान हो सकता है. फिल्म के बारे में बात करते हुए इम्तियाज अली ने कहा कि 'हीर रांझा' की अपनी अलग दुनिया और लय है. यह आज की नई जनरेशन की लव स्टोरी को दिखाएगी, लेकिन साथ ही पुराने और इटरनल लव की फीलिंग्स से भी जुड़ी रहेगी.
क्या हीर-रांझा जीतेगी दिल?
एकता के साथ दोबारा काम करना उनके लिए बहुत स्वाभाविक और इमोशनल लगता है, क्योंकि दोनों की क्रिएटिविटी काफी मिलती-जुलती हैं. एकता कपूर ने भी कहा कि इम्तियाज और साजिद में प्यार को बहुत ईमानदारी और गहराई से दिखाने की खास काबिलियत है. 'लैला मजनू' ने समय के साथ इतने लोगों का दिल जीता कि वह क्लासिक बन गई. अब 'हीर रांझा' भी ऐसी ही अमर प्रेम कहानी है, जो समय और सीमाओं से परे है. वे उम्मीद करते हैं कि यह फिल्म भारत के साथ-साथ विदेशों में बसे भारतीयों और दूसरे दर्शकों को भी बहुत पसंद आएगी. इस फिल्म को साजिद अली डायरेक्ट कर रहे हैं. इम्तियाज अली इसे प्रेजेंट कर रहे हैं. प्रोडक्शन शोभा कपूर, एकता कपूर और प्रीति अली के बैनर तले हो रहा है यानी बालाजी मोशन पिक्चर्स और पीआई फिल्म्स. शूटिंग बहुत जल्द शुरू होने वाली है.