कौन हैं रीना राजू? जिनके एक मैसेज पर Salman Khan ने बचाई जान
कर्नाटक की रीना राजू ने खुलासा किया कि सलमान खान ने उनके दो हार्ट ट्रांसप्लांट के दौरान हर कदम पर मदद की. ‘बीइंग ह्यूमन’ के जरिए सलमान सालों से जरूरतमंदों की जिंदगी बदल रहे हैं.
सलमान खान (Salman Khan) बहुत समय से लोगों की मदद कर रहे हैं. साल 2007 से वे अपने 'बीइंग ह्यूमन' फाउंडेशन के जरिए कई जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य और शिक्षा के लिए आर्थिक मदद देते आ रहे हैं. ऐसी ही एक खास लाभार्थी हैं कर्नाटक की रीना राजू. रीना को दो बार हार्ट ट्रांसप्लांट करवाना पड़ा. आरजे सौजन्या के साथ 'वॉयस ऑफ बेंगलुरु' नामक पॉडकास्ट में रीना ने खुलकर अपनी कहानी सुनाई. उन्होंने बताया कि सलमान खान ने पूरे समय चुपचाप उनका साथ दिया और कभी भी मदद से मुंह नहीं मोड़ा.
रीना राजू कहती हैं कि उनके ट्रांसप्लांट के समय सलमान सर ने उन्हें पूरा स्पोर्ट दिया. जब उनसे सलमान के साथ उनके लंबे रिश्ते के बारे में पूछा गया तो रीना मुस्कुराते हुए इमोशनल हो गईं. उन्होंने कहा, 'सलमान सर के बारे में बात करते हुए मैं हमेशा बहुत इमोशनल हो जाती हूं. सबसे पहले मैं यह कहना चाहती हूं कि मैं उनसे अपने तीनों दिलों और पूरी आत्मा से प्यार करती हूं.'
सलमान को किया मैसेज
रीना आगे बताती हैं, 'जब मेरी तबीयत बहुत खराब थी और मेरा पहला हार्ट ट्रांसप्लांट होने वाला था, तब मेरे पास सलमान सर का नंबर था. मैंने उन्हें मैसेज किया बहुत से लोग उन्हें रोज मैसेज करते होंगे, लेकिन उन्होंने मुझे जवाब दिया. मैंने उन्हें बताया कि मेरा ऑपरेशन होने वाला है. उस समय वे ऑस्ट्रेलिया में किसी फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. फिर भी ट्रांसप्लांट वाली रात उन्होंने मुझे फोन किया और लगभग दो घंटे तक बात की. वे मेरे परिवार के प्रति बहुत दयालु और प्यार भरे थे. उन्होंने मुझे हिम्मत दी और कहा कि सब ठीक हो जाएगा.'
शुरू किया अपना फाउंडेशन
रीना कहती हैं कि उसके बाद करीब दो साल तक उनका सलमान सर से कोई संपर्क नहीं रहा. लेकिन जब उन्होंने दोबारा मैसेज किया तो सलमान सर ने तुरंत याद किया. रीना ने उन्हें बताया कि उन्होंने अपना खुद का फाउंडेशन 'लाइट अ लाइफ' शुरू किया है. सलमान सर ने न सिर्फ उनका प्रोटेक्ट किया बल्कि उन्हें आगे बढ़ने के लिए बहुत इनकरेज भी किया. साल 2018 में, दूसरे हार्ट ट्रांसप्लांट के बाद रीना की सलमान खान से पहली मुलाकात मुंबई में उनके घर पर हुई. रीना याद करते हुए बताती हैं कि शुरू में तो मुलाकात सिर्फ दस मिनट की सोची गई थी, लेकिन वह मुलाकात बहुत यादगार और लंबी हो गई. उस रात सलमान खान 'रेस 3' फिल्म के सेट से घर आए और पूरी रात सबके साथ पार्टी करते रहे.
सलमान के साथ बिताया अपना दिन
रीना कहती हैं, 'उनका स्वभाव बेहद काइंड और हम्बल है. हमने उनके घर पर पूरी रात गाना गाया, नाचा और खूब मस्ती की. मेरे दूसरे ट्रांसप्लांट को सिर्फ चार महीने ही हुए थे. उस समय मुझे डायबिटीज और कई दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं थीं, फिर भी मैं बहुत एंजॉय कर रही थी.' सलमान खान उन्हें 'रेस 3' के सेट पर भी ले गए. वहां पूरा दिन साथ बिताया. रीना को सबसे ज्यादा खुशी तब हुई जब सलमान सर ने उन्हें बीइंग ह्यूमन की सफेद साइकिल तोहफे में दी। रीना ने बहुत पहले उन्हें इस साइकिल के बारे में मैसेज किया था और सलमान सर को वह बात याद थी.
सलमान जैसे लोग कम मिलते है
रीना कहती हैं कि सलमान खान जैसे लोग बहुत कम मिलते हैं जो सचमुच दिल से दूसरों की परवाह करते हैं. आज भी जब उन्हें ट्रांसप्लांट के बाद की कोई स्वास्थ्य समस्या होती है तो वे सलमान सर को मैसेज कर देती हैं. सलमान हमेशा बहुत प्यार भरे और पॉजिटिव मैसेज से जवाब देते हैं. रीना बताती हैं कि उनकी तरह और भी बहुत से लोग हैं जिनकी सलमान खान ने 'बीइंग ह्यूमन' के जरिए मदद की है, लेकिन वे सब आम लोगों की नजरों से दूर रहते हैं.