100 साल में 200 बार बनी Ramayana! रणबीर कपूर की फिल्म से फिर जगा 'राम नाम' का जादू

रामायण भारतीय सिनेमा में 100 साल से लगातार बनती आ रही है और अब तक करीब 200 बार अलग-अलग रूपों में दिखाई जा चुकी है. अब रणबीर कपूर की नई ‘रामायण’ फिल्म इस महाकथा को फिर से बड़े स्तर पर जीवंत करने जा रही है.

( Image Source:  IMDB )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 4 April 2026 6:20 AM IST

'रामायण' यानी वो पवित्र राम कथा, जिसे लोग अनंत कहते हैं. इस महान कहानी को सुनाने वाले भी अनगिनत हैं. प्रभु श्रीराम के आदर्श जीवन, उनके सिद्धांतों, त्याग, धर्म और मर्यादा की यह महागाथा सदियों से भारतीयों के दिलों में बसी हुई है. इस कथा को कई बार बड़े पर्दे पर उतारा गया है. भारतीय सिनेमा के 100 साल से भी ज्यादा के इस सुनहरे सफर में रामायण बार-बार आई है.

हर बार दर्शकों को राम कथा का पूरा रस मिला है. समय के साथ-साथ बहुत कुछ बदल गया. तकनीक नई हो गई, फिल्म बनाने का तरीका बदला, कैमरे आधुनिक हो गए, भाषाएं बदल गईं, लेकिन एक चीज कभी नहीं बदली वो थी राम कथा की मिठास और उसका मूल संदेश. यह कहानी हम सब से सदियों पुरानी जुड़ी हुई है. साल 1917 में दादासाहेब फाल्के की फिल्म 'लंका दहन' से शुरू हुआ यह सिलसिला आज साल 2026 में रणबीर कपूर की अपकमिंग फिल्म 'रामायण' तक पहुंच चुका है. 

रामायण पर्दे पर 200 बार बनी!

साल 2026 चल रहा है और इसी साल रणबीर कपूर स्टारर नई फिल्म 'रामायण' रिलीज होने वाली है. हाल ही में हनुमान जयंती के अवसर पर फिल्म के निर्देशक नितेश तिवारी और प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने फिल्म का पहला टीजर जारी किया. इस टीजर में रणबीर कपूर का राम का लुक दिखाया गया था, जो लोगों को बहुत पसंद आया. हालांकि कुछ लोग इसे लेकर चर्चा भी कर रहे हैं और पुराने राम अवतारों से तुलना कर रहे हैं. रामायण हिंदी सिनेमा और भारतीय सिनेमा में कुल मिलाकर करीब 200 बार अलग-अलग रूपों में बन चुकी है. यह आंकड़ा सिर्फ मुख्य फिल्मों का नहीं, बल्कि सभी रूपों पूर्ण रामायण, आंशिक कथाएं, हनुमान केंद्रित, लव-कुश वाली, एनिमेटेड, शॉर्ट फिल्म्स और रीजनल भाषाओं की फिल्मों को मिलाकर है. 

'रामायण' को बनाने में हर चीज का बड़ा होना जरूरी

रामायण जैसी महाकाव्य कथा को पर्दे पर लाने के लिए फिल्ममेकर्स को बहुत मेहनत करनी पड़ती है. इसमें बड़े-बड़े सितारे, शानदार वीएफएक्स, ग्रैंड सेट्स और सही कहानी कहने का तरीका सब जरूरी होता है. पिछले 100 सालों में रामायण को कई बार नया रूप दिया गया कभी मूक फिल्मों की सादगी से, कभी जुगाड़ वाली पुरानी तकनीक से, तो कभी आधुनिक VFX के साथ. कहा जाता है कि सिर्फ मुख्य रामायण पर आधारित 50 से ज्यादा फिल्में बन चुकी हैं. अगर हनुमान, लव-कुश और अन्य संबंधित कथाओं को जोड़ दें तो संख्या 60 के पार चली जाती है और जब एनिमेटेड, शॉर्ट फिल्म्स और सभी क्षेत्रीय वर्शन जोड़ दिए जाएं तो यह आंकड़ा 200 के आसपास पहुंच जाता है. 

हर दौर की रामायण

पहली मूक फिल्म

सिनेमा के शुरूआती दिनों में जब फिल्में बिना आवाज की होती थीं, तब दादासाहेब फाल्के ने 1917 में 'लंका दहन' बनाई. उस समय दर्शक पर्दे पर राम को देखकर इतने भावुक हो जाते थे कि जूते उतारकर प्रणाम करते थे. 

IMDB

पहली बोलती रामायण

1934 में देबाकी कुमार बोस की फिल्म 'सीता' आई, जो बोलती फिल्मों में पहली रामायण थी.इसमें पृथ्वीराज कपूर ने राम और दुर्गा खोटे ने सीता का किरदार निभाया.यह फिल्म इतनी खास थी कि इसे वेनिस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में सम्मान भी मिला. उसी साल तेलुगु में 'लव कुश' बनी. बाद में इसके रीमेक भी आए. 1936 में तेलुगु में 'संपूर्ण रामायणम' रिलीज हुई. 

IMDB

1940 का दशक

विजय भट्ट ने 1942 में 'भरत मिलाप' और 1943-44 में 'राम राज्य' बनाई. 'राम राज्य' बहुत चर्चित रही. महात्मा गांधी ने भी इसे देखा था. 

IMDB

1950-60 का दशक

इस दौर में साउथ सिनेमा ने रामायण को खूब अपनाया. तमिल में ए.पी. नागराजन की फिल्में आईं. 1961 में हिंदी में 'संपूर्ण रामायण' बनी, जिसमें महिपाल और अनीता गुहा मुख्य भूमिका में थे. 

IMDB

रामानंद सागर का जादू

1980 के दशक में रामानंद सागर का टीवी सीरियल 'रामायण' ने पूरे देश को अपनी ओर खींच लिया. अरुण गोविल (राम) और दीपिका चिखलिया (सीता) को लोग भगवान मानने लगे. रविवार सुबह सड़कें सूनी हो जाती थीं।इसके बाद भी टीवी पर कई रामायण आए गुरमीत चौधरी, आशीष शर्मा समेत कई एक्टर्स राम बने. 

IMDB

एनिमेशन और अन्य रूप

1992 में जापानी एनिमेटेड फिल्म 'The Legend of Prince Rama' भी बनी. भारत में अलग-अलग भाषाओं तमिल, तेलुगु, बंगाली, मलयालम आदि में भी रामायण बनती रही.

IMDB

आज का दौर

2023 में 'आदिपुरुष' आई, जिसमें प्रभास राम और सैफ अली खान रावण बने। VFX को लेकर काफी चर्चा हुई, लेकिन फिल्म को मिक्स्ड रिव्यू  मिलें. अब नितेश तिवारी निर्देशित दो पार्ट वाली 'रामायण' फिल्म बहुत चर्चा में है. इसमें रणबीर कपूर श्रीराम, साई पल्लवी सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान का किरदार निभा रहे हैं. फिल्म का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है. यह फिल्म दिवाली 2026 को रिलीज होगी. रामायण का यह सफर आज भी जारी है. नई तकनीक, नई कहानी कहने की स्टाइल के साथ भी श्रीराम की मर्यादा और आदर्शों की गाथा लगातार नई जनरेशन तक पहुंच रही है. यह महाकथा सिर्फ फिल्म नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, विश्वास और मूल्यों का हिस्सा है.  

Similar News