Rajapal Yadav ने तिहाड़ के 20,000 कैदियों कैदियों के लिए मांगी मदद, सीएम रेखा गुप्ता से लगाई गुहार

9 करोड़ रुपये के पुराने चेक बाउंस मामले में जेल गए बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव को दिल्ली हाई कोर्ट से मानवीय आधार पर जमानत मिल गई है। 18 मार्च को अगली सुनवाई में बाकी रकम और कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी.;

( Image Source:  ANI )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On :

बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव (Rajpal Yadav) ने हाल ही में एक बड़ी मुश्किल से राहत पाई है. वे चेक बाउंस के एक पुराने मामले में तिहाड़ जेल में बंद थे, लेकिन अब जमानत मिलने के बाद वे जेल से बाहर आ चुके हैं. यह घटना 17 फरवरी 2026 की शाम को हुई, जब शाम करीब 4:50 बजे वे तिहाड़ जेल से रिहा हुए. यह केस काफी पुराना है.

साल 2010-2012 के आसपास राजपाल यादव ने अपनी फिल्म बनाने के लिए एक कंपनी (मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड) से करीब 9 करोड़ रुपये का लोन लिया था. लेकिन समय पर पैसा नहीं लौट पाने की वजह से चेक बाउंस हो गया. कंपनी ने कोर्ट में केस कर दिया. कोर्ट ने कई बार मौके दिए, लेकिन पूरी रकम नहीं चुकाई जा सकी. आखिरकार कोर्ट ने उन्हें 6 महीने की सजा सुनाई और 5 फरवरी 2026 को उन्हें तिहाड़ जेल में सरेंडर करना पड़ा. वे वहां कुल 12-13 दिन (5 फरवरी से 17 फरवरी तक) रहे. 

जमानत कैसे मिली?

दिल्ली हाई कोर्ट ने मानवीय आधार पर उन्हें राहत दी. राजपाल ने कोर्ट को बताया कि उनकी भतीजी की शादी 19 फरवरी को है, इसलिए वे परिवार के साथ समय बिताना चाहते हैं. साथ ही, उन्होंने शिकायतकर्ता कंपनी को 1.5 करोड़ रुपये (डिमांड ड्राफ्ट के जरिए) जमा करा दिए.  कोर्ट ने उनकी सजा को अंतरिम रूप से निलंबित कर दिया यानी अभी सजा पर रोक लग गई है. लेकिन कुछ शर्तें भी लगाई गईं:

  • अपना पासपोर्ट कोर्ट में जमा करना होगा
  • बिना कोर्ट की इजाजत के देश नहीं छोड़ सकते
  • 18 मार्च 2026 को अगली सुनवाई में खुद पेश होना होगा या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से भी जुड़ सकते हैं
  • अगर 18 मार्च तक बाकी पैसा नहीं चुकाया गया, तो मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं

जेल से बाहर आकर राजपाल ने क्या कहा?

जेल से निकलते ही राजपाल यादव ने मीडिया से बात की. उन्होंने बहुत भावुक होकर कहा, 'पूरे देश, बच्चों, बुजुर्गों, युवाओं और बॉलीवुड के लोगों का दिल से शुक्रिया. सबने उनका साथ दिया, इसी वजह से वे 200-250 फिल्में कर पाए. 2027 में वे बॉलीवुड में 30 साल पूरे कर लेंगे. अभी 2-3 दिन वे अपनी भतीजी की शादी की तैयारियों में व्यस्त रहेंगे. उसके बाद वे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जहां मीडिया के सारे सवालों का ईमानदारी से जवाब देंगे. सभी कानूनी मामले हाई कोर्ट में चल रहे हैं, इसलिए इस पर ज्यादा कमेंट नहीं करना चाहते. वे कोर्ट के फैसलों का पूरा सम्मान करते हैं. अगर किसी को और जानकारी चाहिए, तो उनके वकील से बात कर सकते हैं. 

जेल में बिताए दिनों की बात

राजपाल ने जेल के अनुभव शेयर किए. उन्होंने बताया कि तिहाड़ जेल में करीब 20,000 कैदी हैं. वहां कई कैदियों से बात करने का मौका मिला. उनमें से बहुत से लोग सिर्फ एक गलती की वजह से सालों से जेल में बंद हैं कुछ युवा भी थे. उन्होंने कहा कि अगर इनमें से करीब 10 प्रतिशत कैदियों को भी जीवन में दूसरा मौका मिले, तो बहुत फर्क पड़ सकता है. वे मानते हैं कि कठोर नियमों में थोड़ी ढील देकर, हर साल उचित जांच और मूल्यांकन के आधार पर कैदियों को मुख्यधारा में वापस लाया जा सकता है. इससे समाज में पॉजिटिविटी बढ़ेगी. इसके लिए उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से गुजारिश की है. राजपाल ने कहा, 'मैं रेखा गुप्ता जी से निवेदन करना चाहता हूं कि तिहाड़ जेल के इन हजारों कैदियों में से कई ऐसे हैं जो एक और मौका पाने के हकदार हैं. अगर मुझे उनकी तरफ से बोलना पड़े, तो मैं जरूर बोलूंगा.'

बस मौका चाहिए 

राजपाल यादव फिलहाल खुश हैं और परिवार के साथ समय बिता रहे हैं. वे जल्द ही प्रेस मीटिंग करके अपना पूरा पक्ष रखेंगे. बॉलीवुड में वापसी के लिए भी वे एक्साइटेड हैं और इंडस्ट्री से काम मांग रहे हैं. उनका कहना है कि रोल उनकी मर्जी का, पैसा आपकी मर्जी का बस मौका दो. 

Similar News