Iconic Gold Awards 2026: अनुपम खेर की Tanvi the Great बनी बेस्ट फिल्म, शुभांगी दत्त को मिला जूरी बेस्ट एक्ट्रेस अवॉर्ड
19 फरवरी 2026 को आयोजित Iconic Gold Awards में 'तन्वी द ग्रेट' को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड मिला. फिल्म की लीड एक्ट्रेस शुभांगी दत्त को ऑटिस्टिक किरदार के लिए जूरी बेस्ट एक्ट्रेस सम्मान दिया गया.;
आइकॉनिक गोल्ड अवार्ड्स में अनुपम खेर (Anupam Kher) की निर्देशित फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' ने बहुत बड़ी सफलता हासिल की है. इस फिल्म को बेस्ट फिल्म का अवार्ड मिला और लीड एक्ट्रेस शुभांगी दत्त को बेस्ट एक्ट्रेस का जूरी अवॉर्ड दिया गया. यह फिल्म काफी खास है और लोगों के दिलों को छू गई है.
अनुपम खेर और नई एक्ट्रेस शुभांगी दत्त दोनों इस अवॉर्ड शो में साथ पहुंचे थे. उन्होंने अपने-अपने अवार्ड हाथों में लिए और खुशी जाहिर की. शुभांगी दत्त ने फिल्म में एक ऑटिस्टिक (ऑटिज्म से प्रभावित) लड़की का किरदार निभाया है. उनके इस एक्टिंग की क्रिटिक्स और दर्शकों ने बहुत तारीफ की है. उन्होंने बहुत ही संवेदनशील और सच्चाई से यह रोल प्ले किया, जिसकी वजह से उन्हें यह सम्मान मिला.
ये सेलेब्स रहें शामिल
शाम का कार्यक्रम तब और भी खास हो गया जब फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' को बेस्ट फिल्म का अवॉर्ड घोषित किया गया. इस अवार्ड को लेने के लिए निर्देशक अनुपम खेर मंच पर आए और उन्होंने पूरे टीम की मेहनत को सराहा. इस अवॉर्ड फंक्शन में बॉलीवुड के कई बड़े नाम मौजूद थे. जैसे- अवनीत कौर, बोमन ईरानी, हिना खान, नुसरत भरुचा, आकांक्षा रंजन, करण टैकर, हुमा कुरेशी और कई अन्य मशहूर हस्तियां. पूरा माहौल सितारों से भरा हुआ था और काफी जोश भरा माहौल रहा.
किस बारें में है फिल्म?
फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' की कहानी ऑटिज्म (एक विशेष स्थिति जहां व्यक्ति का व्यवहार और संवाद अलग तरह से होता है) और भारतीय सेना के सम्मान पर आधारित है. कहानी में शुभांगी दत्त एक ऐसी युवती का किरदार निभाती हैं, जो अपने दिवंगत पिता की सेना में सेवा से बहुत प्रेरित है. वह अपने पिता की तरह सेना में जाना चाहती है और बड़े सपने देखती है। यह फिल्म दिखाती है कि चुनौतियों के बावजूद हिम्मत और सपनों से कुछ भी हासिल किया जा सकता है.
इमोशनल हुए अनुपम खेर
अपनी फिल्म की इस जीत पर अनुपम खेर ने एक नोट इंस्टा हैंडल पर शेयर किया. दिग्गज एक्टर ने लिखा, 'हमारी फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' ने बेस्ट फिल्म और जूरी चॉइस में शुभांगी दत्त ने बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड जीता है. साहस, अच्छाई और शांत शक्ति की इस कहानी पर विश्वास करने वाले हम सभी के लिए यह कितना खास पल है. अवार्ड तो खूबसूरत होते हैं लेकिन असली मायने तो सफर के हैं. रिहर्सल, संदेह, आंसू, हंसी, और एक ऐसी टीम का अटूट विश्वास जो परिवार की तरह साथ खड़ी रही. पूरी टीटीजी टीम को कलाकारों, तकनीशियनों, राइटर्स, क्रू, सपोर्टर्स- यह पुरस्कार आप सभी का है. हर फ्रेम में आपकी डेडिकेशन झलकती है. हर ताली में आपकी धड़कन है और हमारे दर्शकों को - आपका प्यार ही हमारा असली अवार्ड है. लेकिन यह तो बस शुरुआत है. तन्वी का सफर और भी कई दिलों तक पहुंचने वाला है. बहुत जल्द, 'तन्वी द ग्रेट' एक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने वाली है और हम दुनिया को उसकी कहानी का अनुभव कराने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
भारत के अलावा अन्य देशों में स्क्रीनिंग
फिल्म में अनुपम खेर के अलावा जैकी श्रॉफ, बोमन ईरानी, करण टैकर जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं. यह फिल्म न सिर्फ भारत में बल्कि विदेशों में भी बहुत पसंद की गई है. इसे कान, न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और लंदन जैसे बड़े-बड़े फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया है और लोगों ने इसकी खूब तारीफ की. इसके अलावा, पुणे की राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) और दक्षिणी कमान में फिल्म की खास स्क्रीनिंग हुई थी. वहां मौजूद दर्शकों ने फिल्म को स्टैंडिंग ओवेशन दिया जो इसकी ताकत दिखाता है.
एक्टर का वर्क फ्रंट
वैसे, अनुपम खेर इन दिनों काफी व्यस्त हैं. उन्होंने हाल ही में 'खोसला का घोसला 2' की शूटिंग पूरी कर ली है. यह फिल्म 2006 में आई मूल फिल्म 'खोसला का घोसला' की अगली कड़ी है, जिसे दिबाकर बनर्जी ने निर्देशित किया था. पहली फिल्म अपनी सच्ची और मजेदार कहानी की वजह से लोगों की बहुत पसंदीदा बनी थी. अब दूसरी फिल्म का इंतजार भी सबको है.