अबु सालेम ने करवाई थी Manisha Koirala के सेक्रेटरी की हत्या, खौफनाक आतंक का इस शख्स ने किया खुलासा
बॉलीवुड में एक समय ऐसा था जब अंडरवर्ल्ड के डर से सितारे भी सहमे रहते थे. अबु सलेम के आतंक, मर्डर और धमकियों के कई सनसनीखेज खुलासे सामने आए हैं.
बॉलीवुड पर कई सालों तक अंडरवर्ल्ड का डर का साया छाया रहा. उस समय फिल्म इंडस्ट्री में काम करने वाले कलाकारों को खुलेआम धमकियां दी जाती थीं. उन पर दबाव बनाया जाता था. जबरन पैसे वसूले जाते थे और कई बार तो हत्या जैसे जघन्य अपराध तक हो चुके थे. गुलशन कुमार की हत्या में भी अंडरवर्ल्ड का सीधा हाथ था.
मनीषा कोइराला (Manisha Koirala) के सेक्रेट्री को भी बिना किसी वजह के मार दिया गया था. अब मुंबई पुलिस के जाने-माने एनकाउंटर स्पेशलिस्ट अधिकारी प्रदीप शर्मा ने हाल ही में पुराने दिनों के कई चौंकाने वाले किस्से सुनाए हैं. उन्होंने बताया कि उस दौर में अबु सलेम नाम के गैंगस्टर की कितनी भयानक दहशत फैली हुई थी. साथ ही उन्होंने मोनिका बेदी के फंसने की कहानी का भी जिक्र किया.
अबु सलेम था सबसे खतरनाक और गंदा क्रिमिनल
प्रदीप शर्मा शुभोजीत घोष के पॉडकास्ट में बात कर रहे थे. उन्होंने साफ शब्दों में कहा, 'उस समय का सबसे गंदा और खूंखार क्रिमिनल अबु सलेम था. उसने गुलशन कुमार जैसे बिल्कुल मासूम और साधारण इंसान की हत्या करवा दी. गुलशन कुमार मंदिर जा रहे थे, उसी समय उन पर हमला कर दिया गया. यह जघन्य अपराध था, जिसकी कोई माफी नहीं हो सकती.'
ये भी पढ़ें :Dacoit बॉक्स ऑफिस पर फिसली! कमजोर ओपनिंग से टूटी उम्मीदें, Dhurandhar 2 का दबदबा बरकरार
मनीषा कोइराला के सेक्रेट्री की हत्या
प्रदीप शर्मा आगे बताते हैं, 'अबु सलेम ने मनीषा कोइराला के सेक्रेट्री अजीत दीवानी की भी हत्या करवा दी थी. उस समय अबु सलेम का इतना आतंक था कि लोग उसके फोन उठाने से भी डरते थे. पूरी फिल्म इंडस्ट्री में लोग उसे 'लेफ्टिनेंट' कहकर पुकारते थे. उसने किसी को भी नहीं छोड़ा था. वह छोटे-छोटे काम करने वाले लोगों जैसे कैमरामैन से भी पैसे वसूलता था. जब लोग उसके फोन को जानबूझकर नहीं उठाने लगे, तो उसने पूरे इंडस्ट्री को एक खतरनाक मैसेज देने के लिए मनीषा कोइराला के सेक्रेट्री को सिर में गोली मारवा दी क्योंकि ज्यादातर फोन सेक्रेटरी ही उठाते थे. यह केस हमने खोला था और इसकी जांच की थी.'
इस एक्ट्रेस को भुगतना पड़ा भारी खामियाजा
जाप्रदीप शर्मा ने यह भी बताया कि उस समय कई एक्ट्रेसेज, जो फिल्मों में अच्छे रोल या जिनकी फिल्में नहीं चल रही थीं, वे अबु सलेम जैसी अंडरवर्ल्ड की मदद लेने लगी थीं. मोनिका बेदी इसका एक बड़ा उदाहरण हैं. उन्होंने शॉर्टकट अपनाने की कोशिश की, लेकिन आखिर में इसका भारी खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ा.
राकेश रोशन पर फायरिंग का मामला
प्रदीप शर्मा ने रफीक डब्बावाला का भी जिक्र किया. वे बताते हैं कि रफीक डब्बावाला भी उस समय का कुख्यात अपराधी था. वह फ्रीलांसर की तरह काम करता था और अबु सलेम उसे अक्सर इस्तेमाल करता था. रफीक बहुत अच्छा कॉन्ट्रैक्ट किलर माना जाता था. इसी रफीक ने राकेश रोशन पर भी फायरिंग की थी. राकेश रोशन पर हुए इस हमले में वह बाल-बाल बचे थे. इस तरह के कई डरावने और चौंकाने वाले किस्से उस समय बॉलीवुड की रंगीन दुनिया के पीछे छिपे हुए थे. अंडरवर्ल्ड का खौफ इतना फैला हुआ था कि बड़े-बड़े सितारे भी डर के साए में जीने को मजबूर थे. प्रदीप शर्मा जैसे पुलिस अधिकारियों की मेहनत से बाद में कई ऐसे गैंगस्टरों पर लगाम लगी, लेकिन उन पुराने दिनों की यादें आज भी डराने वाली हैं.