ऐश्वर्या-माधुरी को टक्कर देने वाली कहां हैं Priya Gill? सिर्फ तुम से स्टार बनीं, फिर अचानक हो गईं गायब
'सिर्फ तुम' की मासूम आरती बनकर लाखों दिलों पर राज करने वाली प्रिया गिल ने आखिर क्यों चुनी गुमनामी? जानिए उनकी जिंदगी का अनसुना सफर.
90 के दशक का वो दौर में जब बॉलीवुड में सादगी और नेचुरल ब्यूटी का जादू सिर चढ़कर बोल रहा था. उसी दौर में बड़े पर्दे पर एक ऐसी एक्ट्रेस की एंट्री हुई, जिसकी मासूमियत और दिलकश मुस्कान ने लाखों दिलों को एक ही पल में अपना दीवाना बना लिया. घने बाल, बड़ी-बड़ी आंखें और चेहरे पर एक सलीका उन्हें देखकर फैंस को लगा कि हिंदी सिनेमा को उसकी अगली सुपरस्टार मिल गई है. खूबसूरती के मामले में उनकी तुलना उस दौर की टॉप एक्ट्रेस जैसे ऐश्वर्या राय और माधुरी दीक्षित से की जाने लगी. हम बात कर रहे हैं 'सिर्फ तुम' फेम एक्ट्रेस प्रिया गिल (Priya Gill) की. लेकिन, जिस तेजी से प्रिया ने सफलता के शिखर को छुआ, उतनी ही खामोशी से वह अचानक इस चकाचौंध भरी दुनिया से गायब भी हो गईं. आज प्रिया गिल कहां हैं? उन्होंने अचानक बॉलीवुड को अलविदा क्यों कह दिया?.
फेमिना मिस इंडिया से लेकर सिल्वर स्क्रीन तक का सफर
प्रिया गिल की कहानी ग्लैमर की दुनिया में एक कड़े मुकाबले के साथ शुरू हुई थी. साल 1995 की 'फेमिना मिस इंडिया' पेजेंट को भला कौन भूल सकता है, जिसने देश को कई बेहतरीन चेहरे दिए. इसी साल प्रिया गिल ने पेजेंट में हिस्सा लिया और अपनी इंटेलिजेंस व खूबसूरती के दम पर सेकंड रनर-अप का खिताब अपने नाम किया. इसके बाद उन्होंने 'मिस इंटरनेशनल 1995' में पूरे गर्व के साथ भारत का रिप्रेजेंट किया. इस बड़े मंच के बाद प्रिया के लिए मॉडलिंग के रास्ते खुल गए. एक बेहतरीन मॉडल के रूप में पहचान बनाने के बाद, उनकी किस्मत का सितारा तब चमका जब बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन की प्रोडक्शन कंपनी ABCL की नजर उन पर पड़ी.
'तेरे मेरे सपने' और पहली फिल्म का बॉक्स ऑफिस कड़वा सच
साल 1996 में ABCL के बैनर तले एक फिल्म बनी, जिसका नाम था 'तेरे मेरे सपने'. इस फिल्म से प्रिया गिल ने बॉलीवुड में कदम रखा. फिल्म में उनके किरदार का नाम 'पारो शास्त्री' था. इस फिल्म की खास बात यह थी कि प्रिया के साथ-साथ इसके बाकी मुख्य कलाकारअ रशद वारसी, चंद्रचूड़ सिंह और सिमरन भी पूरी तरह से नए थे. प्रिया ने फिल्म में बेहद शानदार एक्टिंग किया और उनकी खूबसूरती की तारीफ भी हुई. लेकिन, सभी लीड एक्टर्स के नए होने और कमजोर डिस्ट्रीब्यूशन के कारण यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा सकी. पहली फिल्म का फ्लॉप होना किसी भी नए कलाकार के लिए झटका हो सकता है, लेकिन प्रिया के सफर की असली शुरुआत तो अभी बाकी थी.
'सिर्फ तुम' ने रातों-रात बनाया स्टार, पर क्यों नहीं मिले बड़े ऑफर्स?
फिल्म 'तेरे मेरे सपने' के फ्लॉप होने के बाद प्रिया गिल को अपनी पहचान साबित करने के लिए एक बड़ी हिट की दरकार थी. यह इंतजार साल 1999 में खत्म हुआ, जब डायरेक्टर सतीश कौशिक की रोमांटिक ड्रामा फिल्म 'सिर्फ तुम' रिलीज हुई. संजय कपूर और सुष्मिता सेन के साथ आई इस फिल्म में प्रिया गिल ने 'आरती' का मुख्य किरदार निभाया था. एक सीधी-सादी, भारतीय वैल्यू को मानने वाली लड़की 'आरती' के रूप में प्रिया ने ऐसी एक्टिंग की कि हर कोई उनका मुरीद हो गया. फिल्म का गाना 'पहली-पहली बार मोहब्बत की है' आज भी हर प्रेमी के दिल की धड़कन है. यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ब्लॉकबस्टर साबित हुई. इस फिल्म से प्रिया गिल भारतीय सिनेमा की नई 'होमली गर्ल' बन चुकी थी.
सफलता के बाद का अजीब सन्नाटा
हैरानी की बात यह है कि 'सिर्फ तुम' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने के बाद भी प्रिया गिल के करियर को वो रफ्तार नहीं मिली, जिसकी उम्मीद की जा रही थी. फिल्म इंडस्ट्री का यह एक कड़वा सच है कि कभी-कभी बड़ी हिट के बाद भी सही ऑफर्स नहीं मिलते. इसी साल (1999) प्रिया की फिल्म 'बड़े दिलवाला' आई, जो बुरी तरह फ्लॉप हो गई। इसके बाद उन्होंने रीजनल सिनेमा का रुख किया और मशहूर मलयालम निर्देशक प्रियदर्शन की फिल्म 'मेघम' में भी काम किया.
'जोश' से लेकर रीजनल सिनेमा की तरफ कदम
साल 2000 में प्रिया गिल को एक और बड़ा प्रोजेक्ट मिला मंसूर खान की फिल्म 'जोश'. इस फिल्म में शाहरुख खान, ऐश्वर्या राय और चंद्रचूड़ सिंह मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म में प्रिया, चंद्रचूड़ सिंह के अपोजिट नजर आईं और दर्शकों ने एक बार फिर उनकी सादगी को पसंद किया. प्रिया ने सिर्फ बॉलीवुड तक खुद को सीमित नहीं रखा. साल 2002 में उन्होंने फिल्म 'रेड' से तमिल सिनेमा में धमाकेदार शुरुआत की और इसी साल रिलीज हुई पंजाबी फिल्म 'जी आयां नू' से वह पंजाबी सिनेमा की भी एक बड़ी स्टार बन गईं. साल 2003 में वह जे.पी. दत्ता की मल्टी-स्टारर वॉर फिल्म 'एलओसी कारगिल' और 'बॉर्डर हिंदुस्तान का' में भी नजर आईं. करियर के आखिरी पड़ाव पर उन्होंने 2006 में भोजपुरी फिल्म 'पिया तोसे नैना लागे' में भी काम किया.
जब प्रिया ने शाहरुख खान को जड़ दिया था जोर का थप्पड़
प्रिया गिल का फिल्मी सफर जितना शांत और शालीन रहा, उनके करियर से जुड़ा एक किस्सा उतना ही हैरान करने वाला है. यह वाकया फिल्म 'जोश' (2000) की शूटिंग के दौरान का है, जिसका खुलासा खुद प्रिया ने अपने एक पुराने इंटरव्यू में किया था. प्रिया ने बताया था, 'अगर मैं अपने पूरे फिल्मी करियर की सबसे शर्मनाक चीज के बारे में बात करूं, तो वो है सुपरस्टार शाहरुख खान को थप्पड़ मारना.' फिल्म के एक गाने के सीक्वेंस में प्रिया गिल को गुस्से में आकर शाहरुख खान को एक जोरदार थप्पड़ मारना था. शॉट शुरू हुआ, प्रिया ने थप्पड़ मारा, लेकिन मंसूर खान संतुष्ट नहीं हुए. उन्होंने कहा, 'प्रिया, तुम्हारे थप्पड़ में वो गुस्सा और इन्टेन्सिटी नजर नहीं आ रही है, जो एक लड़की के स्वाभाविक गुस्से में होती है. इसे दोबारा करो.'
प्रिया ने कई रीटेक लिए, लेकिन हर बार शॉट परफेक्ट नहीं हो पा रहा था. प्रिया नर्वस हो रही थीं क्योंकि सामने बॉलीवुड के 'किंग खान' खड़े थे. तभी शाहरुख खान ने प्रिया की घबराहट को भांप लिया और उनका हौसला बढ़ाते हुए मजाकिया अंदाज में कहा, 'अरे प्रिया, तुम फिक्र मत करो... मारो मुझे... सच में मारो' उधर से डायरेक्टर भी चिल्ला रहे थे, 'मारो उसे, जोर से मारो.' डायरेक्टर और शाहरुख के बार-बार कहने पर प्रिया गिल ने अपना पूरा गुस्सा इकट्ठा किया और अगले ही टेक में शाहरुख खान के चेहरे पर थप्पड़ की जगह एक जोरदार पंच जड़ दिया. वो मुक्का इतनी जोर का था कि उसकी आवाज पूरे सेट पर गूंज गई. प्रिया ने आगे बताया था, 'मैं उस पल को जिंदगी में कभी नहीं भूल सकती. थप्पड़ मारते ही पूरे सेट पर अचानक सन्नाटा पसर गया. सब एकदम चुप थे, लेकिन कैमरा लगातार चल रहा था. बाद में कैमरामैन मेरे पास आया और हंसते हुए बोले- प्रिया, अब देश की लड़कियां तुमसे नफरत करने वाली हैं, क्योंकि तुमने उनके चहेते शाहरुख को इतनी जोर से मारा है.'
लाइमलाइट से दूरी और डेनमार्क में बसा ली अपनी दुनिया
साल 2006 में रिलीज हुई बॉलीवुड फिल्म 'भैरवी' प्रिया गिल के करियर की आखिरी फिल्म साबित हुई. इस फिल्म के बाद प्रिया ने अचानक ग्लैमर की इस चमचमाती दुनिया से दूरी बना ली. वह किसी पार्टी, इवेंट या टॉक शो में नजर नहीं आईं. प्रिया गिल के अचानक गायब होने के बाद इंटरनेट पर कई तरह की अफवाहें उड़ने लगी. कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें दावा किया गया था कि प्रिया गिल आर्थिक तंगी से गुजर रही हैं, वह बेघर हो चुकी हैं और एक गुरुद्वारे में लाइन में लगकर मुफ्त का खाना खा रही हैं. इस खबर ने फैंस को झकझोर कर रख दिया था. हालांकि, बाद में जांच में पता चला कि वह वीडियो पूरी तरह से फेक था और उस वीडियो में दिख रही महिला प्रिया गिल नहीं थी. सूत्रों के मुताबिक, इस तरह की झूठी खबरों और वीडियो ने प्रिया को अंदर तक आहत और परेशान कर दिया था. इन सभी वजहों को देखते हुए प्रिया ने सही समय पर एक बड़ा फैसला लिया. उन्होंने शादी की और फिल्मी दुनिया की चकाचौंध और भागदौड़ को हमेशा के लिए छोड़कर अपने पति के साथ डेनमार्क में बस गईं.
सोशल मीडिया से दूर
आज के दौर में जहां कई एक्ट्रेस फिल्में न मिलने के बाद भी इंस्टाग्राम, फेसबुक या यूट्यूब के जरिए लाइमलाइट में बनी रहती हैं, वहीं प्रिया गिल ने इस मामले में भी एक अलग लकीर खींची. वह सोशल मीडिया पर भी एक्टिव नहीं हैं. उनके बारे में बस इतनी ही पुख्ता जानकारी है कि वह डेनमार्क में अपनी शादीशुदा जिंदगी का खुलकर आनंद ले रही हैं और बेहद खुश हैं.