Master Chef India 2026 Winner: नागपुर के अजिंक्या-विक्रम गांधे बने विनर, जीते 25 लाख और गोल्डन एप्रन; जानिए इस जोड़ी के बारें में
MasterChef India 2026 के ग्रैंड फिनाले में नागपुर के अजिंक्या और विक्रम गांधे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ट्रॉफी अपने नाम कर ली. दोनों भाइयों ने 25 लाख रुपये, गोल्डन शेफ कोट और पूरे देश में पहचान हासिल की.
मास्टरशेफ इंडिया 2026 (MasterChef India) का यह सीजन बहुत ही शानदार और यादगार रहा. इस लोकप्रिय कुकिंग रियलिटी शो का ग्रैंड फिनाले आज रात 8 बजे सोनी टीवी और सोनीलिव पर प्रसारित हुआ. इस सीजन में पहली बार प्रतियोगी जोड़ियों (पेयर्स) में हिस्सा ले रहे थे. देश के अलग-अलग हिस्सों से आई 12 जोड़ियों कुल 24 कंटेस्टेंट्स ने अपने खाने बनाने के हुनर से जजों और दर्शकों का दिल जीता. इस शो के जज थे मशहूर शेफ रणवीर बराड़, विकास खन्ना और कुणाल कपूर. उन्होंने हर एपिसोड में प्रतियोगियों को गाइड किया, उनकी तारीफ की और कभी-कभी सख्त फीडबैक भी दिया, जिससे शो और भी रोमांचक बना.
फिनाले में टॉप तीन जोड़ियां थीं:
- अजिंक्या गांधे और विक्रम गांधे (नागपुर से भाई-भाई)
- चंदना और साई श्री रचाकोंडा (हैदराबाद से, जहां साई श्री पहले मास्टरशेफ तेलुगु में हिस्सा ले चुके थे, और चंदना उनकी मां हैं)
- अंजू प्रधान और मंजू ओझा (ओडिशा से बहनें)
- अंतिम चैलेंज पूरा होने के बाद, जजों ने घोषणा की कि अजिंक्या और विक्रम गांधे इस सीजन के विजेता बन गए हैं. उन्होंने ट्रॉफी, गोल्डन शेफ कोट (गोल्डन एप्रन) और 25 लाख रुपये का इनाम जीता. यह दोनों भाई पूरे सीजन में बहुत मजबूत प्रदर्शन करते रहे और उनकी क्रिएटिविटी, टेस्ट और टीमवर्क ने सबको इम्प्रेस किया.
- दूसरे नंबर पर रहे चंदना और साई श्री रचाकोंडा, जिन्हें लगभग 15 लाख रुपये का पुरस्कार मिला. तीसरे नंबर पर अंजू और मंजू रहीं, जिन्हें करीब 5 लाख रुपये का इनाम मिला. पिछले एपिसोड में अंशमीत सिंह और प्रभदीप कौर बाहर हो गए थे, इसलिए वे चौथे स्थान पर रहे. टॉप 5 में सिमरन और हिमांशी वोहरा भी पहुंची थीं, लेकिन सेमीफाइनल में उन्हें हार मिली.
अजिंक्या और विक्रम गांधे कौन हैं?
ये दोनों नागपुर के रहने वाले भाई हैं. विक्रम बड़े भाई हैं और उनका खाना बनाने का सफर काफी पुराना है. 19 साल की उम्र में उन्होंने एक छोटी सी कैंटीन शुरू की थी. फिर 22 साल में 'छोटी दिल्ली रेस्टोरेंट' खोला. जिसे बाद में बेच दिया। कोरोना के समय में उन्होंने 'प्रोजेक्ट बेक्ड' शुरू किया और अब दोनों भाइयों ने नागपुर में 'प्लेस' नाम का कैफे खोला है. छोटे भाई अजिंक्या एक आर्किटेक्ट हैं. मात्र 24 साल की उम्र में उन्होंने गोवा में अपना पहला कैफे शुरू किया था. दोनों भाई मिलकर खाना बनाने में बहुत अच्छे हैं और उनका टैगलाइन भी मशहूर हो गया – 'दोनों भाई, दोनों तबाही!' उन्होंने महाराष्ट्रीयन घरेलू स्टाइल के व्यंजनों से जजों का दिल जीता.
डिश ने साबित की विनिंग
जीत के बाद जजों ने उनकी बहुत तारीफ की. विकास खन्ना ने कहा कि ये भाई शो की विरासत को आगे बढ़ाएंगे. रणवीर बराड़ ने कहा कि हर डिश से उन्होंने साबित किया कि वे विनर बनने के हकदार हैं. कुणाल कपूर ने उनके डेडिकेशन और मेहनत की सराहना की. इसके अलावा, नागपुर के लोग बहुत खुश हैं और सोशल मीडिया पर उनकी जीत की खूब बधाइयां दे रहे हैं. यहां तक कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने भी सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं. सीजन में कई और जोड़ियां भी अच्छा प्रदर्शन करती रहीं, जैसे अर्चना धोत्रे और रूपाली जाधव, वेणु और अवनी शर्मा, महफूज और यास्मीन अंसारी आदि, लेकिन वे अलग-अलग राउंड में बाहर हो गईं.