Dhurandhar 2 trailer release: कराची के लयारी में चलेगा हमजा का सिक्का, दुश्मनों की हेकड़ी निकालेगा असलम चौधरी

'धुरंधर 2' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. ट्रेलर में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और उजैर बलूच के किरदारों के बीच खतरनाक गैंगवार की झलक देखने को मिल रही है.

( Image Source:  IMDB )
Edited By :  रूपाली राय
Updated On : 7 March 2026 12:39 PM IST

Dhurandhar The Revenge Trailer: 'धुरंधर 2' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हो गया है और एक बार फिर से यह ट्रेलर काफी धमाकेदार और रोमांचक लग रहा है. फिल्म में पाकिस्तान के शहर कराची के इलाके लयारी को फिर से खून से लथपथ दिखाया गया है. पहले पार्ट में रहमान डकैत की मौत के बाद अब वहां भयंकर अफरा-तफरी मची हुई है. ट्रेलर में लाशों के ढेर लगे दिख रहे हैं, जो इस बात का संकेत देते हैं कि कहानी और भी ज्यादा और खतरनाक होने वाली है. 

ट्रेलर में उजैर बलूच के किरदार को बहुत ताकतवर और प्रभावशाली तरीके से पेश किया गया है. वह काफी दमदार लग रहा है और लगता है कि इस बार उसका रोल पहले से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण होगा. दूसरी तरफ, मेजर इकबाल यानी अर्जुन रामपाल के कंधों पर इस बार पूरी एक्शन की जिम्मेदारी है. वह अपनी क्रूरता और बेरहमी का पूरा सबूत दे रहा है, जिससे लगता है कि वह दुश्मनों को बिल्कुल बख्शने वाला नहीं है. 

हेकड़ी निकालेंगे असलम चौधरी 

इसके अलावा, संजय दत्त का किरदार असलम चौधरी भी ट्रेलर में अपने रौबदार और दबंग अंदाज में नजर आ रहा है. वह लोगों की हेकड़ी निकालते हुए दिख रहा है और उसका स्टाइल देखकर लगता है कि वह फिल्म में काफी धमाल मचाने वाला है. जियो स्टूडियो ने यह ट्रेलर अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर जारी किया है, जहां इसे लाखों लोग देख चुके हैं और काफी पसंद कर रहे हैं. 

Full View

धमाकेदार था पहला पार्ट

पहला पार्ट 'धुरंधर' सुपरहिट साबित हुआ था. यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर कमाल कर दिया था. इसने दुनिया भर में 1350 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन किया था, जो एक बहुत बड़ा रिकॉर्ड है. फिल्म में अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत का किरदार निभाया था, जिसकी लोगों ने जमकर तारीफ की थी. उनकी एक्टिंग को बहुत सराहा गया। इसी तरह, आर माधवन और अर्जुन रामपाल के किरदारों को भी दर्शकों ने खूब पसंद किया. संजय दत्त के असलम चौधरी वाले रोल की तो पाकिस्तान में भी काफी चर्चा हुई थी. 

सियासी हलचल

फिल्म रिलीज होने के बाद काफी सियासी हलचल भी मची थी. कराची के लयारी इलाके से जुड़े पुराने वीडियो और इंटरव्यूज सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे. कई लोग जिन्होंने उस दौर के अपराधों को देखा था, उन्होंने उजैर बलूच और रहमान डकैत की सच्ची कहानियां भी सुनाईं. फिल्म ने लोगों में काफी उत्सुकता पैदा की थी. 

टॉप ट्रेंडिंग पर रही धुरंधर 

ओटीटी पर भी धुरंधर ने जबरदस्त कमाल दिखाया. बॉक्स ऑफिस की सफलता के बाद जब यह नेटफ्लिक्स पर आई, तो वहां भी ट्रेंडिंग में टॉप पर रही. पाकिस्तान में भी लोगों ने इसे बहुत शौक से देखा और वहां भी इसकी खूब दीवानगी दिखी. लेकिन एक बात दिलचस्प यह रही कि फिल्म इतनी हिट होने के बावजूद पायरेसी में भी रिकॉर्ड तोड़ रही थी. जहां-जहां इस पर बैन लगा था, जैसे पाकिस्तान और कुछ मिडिल ईस्ट देशों में, वहां लोग पायरेटेड कॉपी में इसे देख रहे थे. एक यूट्यूबर ने तो बताया था कि पाकिस्तान में महज 20 भारतीय रुपये में धुरंधर की कॉपी मिल रही थी, और उसने इसका स्क्रीनशॉट भी शेयर किया था. 

19 मार्च को होगी रिलीज 

अब धुरंधर 2 यानी 'धुरंधर: द रिवेंज' का ट्रेलर आ चुका है, जो पहले पार्ट से भी ज्यादा एक्शन, ड्रामा और सस्पेंस से भरा हुआ लग रहा है. यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है. उम्मीद है कि यह भी पहले जैसी या उससे भी ज्यादा सफल रहेगी और दर्शकों को फिर से थिएटर में बांधे रखेगी. ट्रेलर देखकर तो लग रहा है कि इस बार कहानी और भी रोमांचक और इंटेंस होगी. 

Similar News