ICU में जिंदगी से जूझ रहे Anurag Dobhal के लिए रो पड़ी Mannara Chopra, यूट्यूबर के परिवार पर उठाया सवाल
मशहूर यूट्यूबर और बिग बॉस 17 के पूर्व प्रतियोगी अनुराग डोभाल उर्फ UK07 Rider शनिवार रात दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर गंभीर कार हादसे का शिकार हो गए. हादसे के वक्त वे इंस्टाग्राम लाइव पर थे और अब उन्हें गंभीर हालत में ICU में भर्ती कराया गया है.
'बिग बॉस' 17 के एक्स कंटेस्टेंट और मशहूर यूट्यूबर अनुराग डोभाल (Anurag Dobhal), जिन्हें सब UK07 Rider के नाम से जानते हैं, शनिवार रात को एक बहुत ही गंभीर कार हादसे का शिकार हो गए. यह हादसा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर हुआ, और उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है. वे फिलहाल ICU में भर्ती हैं और डॉक्टर उनकी देखभाल कर रहे हैं. यह हादसा तब हुआ जब अनुराग इंस्टाग्राम पर लाइव जा रहे थे. लाइव के दौरान वे बहुत तेज रफ्तार 150 किमी/घंटा से कार चला रहे थे. उन्होंने खुद इस लाइव को अपनी 'आखिरी ड्राइव' कहा था.
लाइव में वे इमोशनल होकर अपने परिवार के साथ हुए झगड़ों और मानसिक तनाव की बात कर रहे थे. अचानक उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई और हादसा हो गया. हजारों लोग लाइव देख रहे थे, और वीडियो अचानक बंद हो गया. लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया. अनुराग की उम्र अभी सिर्फ 28-29 साल के आसपास है. हादसे में उन्हें कई चोटें आई हैं, जैसे पेल्विक (कूल्हे) में फ्रैक्चर और अन्य आंतरिक चोटें. उनकी पत्नी रितिका चौहान डोभाल और कुछ दोस्त अस्पताल में उनके साथ हैं. उनके मैनेजर ने सोशल मीडिया पर अपडेट दिया है कि अनुराग जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं.
क्या बोला मन्नारा चोपड़ा ने?
अस्पताल की एक फोटो भी शेयर की गई, जिसमें वे बिस्तर पर लेटे हुए एक दोस्त का हाथ पकड़े दिख रहे हैं. कैप्शन में लिखा था कि उनके लिए प्रार्थना करें. 'बिग बॉस' में उनके साथ रही को-कंटेस्टेंट मन्नारा चोपड़ा ने इस खबर पर बहुत इमोशनल होकर इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की. वे रोते हुए दिखीं और कहा कि बिग बॉस हाउस में इतने दिन साथ रहने से एक इंसानी रिश्ता बन जाता है. उन्होंने बताया कि अनुराग घर में अपने माता-पिता, बहन और होने वाली पत्नी से बात करने के लिए बहुत लड़ते थे. मन्नारा ने अनुराग के परिवार से अपील की कि पैसे से ज्यादा प्यार और सपोर्ट जरूरी है. उन्होंने कहा, 'पैसा क्या है? अगर आपके पास प्यार करने वाले ही नहीं रहे, तो उन पैसों का क्या करोगे?.
खुद भी तकलीफ में हैं एक्ट्रेस
मन्नारा ने यह भी कहा कि वे खुद भी पिछले दो साल में ऐसे ही मुश्किल दौर से गुजरी हैं, इसलिए उन्हें अनुराग की हालत देखकर बहुत दुख हो रहा है. इस हादसे के बाद कई सेलेब्स और यूट्यूबर्स जैसे एलविश यादव, मुनव्वर फारूकी, अली गोनी आदि ने अनुराग के लिए भावुक मैसेज शेयर किए हैं. सब उनकी जल्दी रिकवरी की कामना कर रहे हैं. यह घटना मानसिक स्वास्थ्य, परिवार के रिश्तों और सोशल मीडिया पर लाइव करने के खतरों को लेकर भी बड़ी बहस छेड़ रही है.
डोभाल का परिवार से तनावपूर्ण रिश्ते
इस हादसे से पहले अनुराग ने एक लंबा व्लॉग पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपने परिवार से तनावपूर्ण रिश्तों की बात की. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार वाले उनके अंतरजातीय शादी के खिलाफ थे और उन्हें मानसिक रूप से परेशान करते थे. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उनके पिता जगदंबा प्रसाद डोभाल ने अखबार में एक नोटिस छपवाया है, जिसमें उन्होंने अनुराग और उनकी पत्नी रितिका को अपनी संपत्ति से अलग कर दिया है. नोटिस में लिखा है कि वे अब उनके किसी भी काम लेन-देन के लिए जिम्मेदार नहीं होंगे.