Anupamaa को पछाड़ते हुए भी क्या बंद हो रहा है Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi 2? मेकर्स ने तोड़ी चुप्पी
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' के बंद होने की खबरों को स्टार प्लस ने पूरी तरह गलत बताया है. टीआरपी में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए शो ने 'अनुपमा' को भी पीछे छोड़ दिया है.
स्टार प्लस का बहुत मशहूर टीवी सीरियल 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' (Kyunki Saas Bhi Kabhi Bahu Thi) शुरू से ही दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहा है. इस शो का पहला सीजन जब आया था तो उसने पूरे देश में धूम मचा दी थी. स्मृति ईरानी और अमर उपाध्याय की जोड़ी को लोग बहुत पसंद करते थे. अब इसका दूसरा सीजन भी दर्शकों को खूब भा रहा है. बीते साल जुलाई 2025 में 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी २' शुरू हुआ था. शुरू होने के बाद से ही यह शो अच्छा रिस्पॉन्स पा रहा है. टीआरपी के मामले में यह कई बड़े-बड़े सीरियल्स को टक्कर दे रहा है और दर्शक इसे रोजाना देखने के लिए एक्साइटेड रहते हैं.
हाल ही में सोशल मीडिया पर इस शो को लेकर कुछ अफवाहें फैलने लगी थीं. लोगों में यह चर्चा चल रही थी कि शो जल्द ही बंद हो जाएगा और उसकी जगह एक नया स्पिन-ऑफ शो 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' शुरू हो जाएगा. कई मीडिया रिपोर्ट्स में भी ऐसी खबरें आईं कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' की ब्रॉडकास्टिंग बंद होने वाली है. लेकिन अब इन सभी अफवाहों पर खुद चैनल स्टार प्लस ने साफ-साफ जवाब दे दिया है. चैनल ने कहा है कि ये खबरें पूरी तरह से बेबुनियाद और गलत हैं. 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' अभी बंद नहीं हो रहा है और न ही इसकी कोई एंड डेट तय की गई है.
क्या बंद हो रहा है शो?
26 मार्च 2026 को स्टार प्लस ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक आधिकारिक बयान जारी किया. उस पोस्ट में लिखा था, 'हमने कुछ मीडिया रिपोर्ट्स पर ध्यान दिया है जिसमें कहा जा रहा है कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी सीजन 2' बंद हो रहा है और उसकी जगह 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' आ रहा है. हम स्पष्ट रूप से बताना चाहते हैं कि ये खबरें बिल्कुल बेबुनियाद हैं. हम 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी सीजन 2' को बंद नहीं कर रहे हैं और अभी शो की कोई एन्ड डेट नहीं है.' पोस्ट के साथ कैप्शन में यह भी लिखा गया- ऑफिशियल स्टेटमेंट #क्योंकिसासभीकभीबहूथी रोज रात 10:30 बजे सिर्फ स्टार प्लस पर और कभी भी JioHotstar पर देखिए.'
17 साल बाद टीवी पर वापसी
'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' मूल रूप से 17 साल पहले खत्म हुआ था. इतने लंबे समय के बाद यह शो फिर से टीवी पर लौटा है. इसमें मुख्य भूमिका में तुलसी विरानी के रूप में स्मृति ईरानी और मिहिर विरानी के रूप में अमर उपाध्याय वापस आए हैं. साथ ही नई पीढ़ी के किरदारों को निभाने के लिए रोहित सुचांती, तनीषा मेहता, शगुन शर्मा और अमन गांधी जैसे नए कलाकार भी शामिल किए गए हैं. दूसरा सीजन 29 जुलाई 2025 को शुरू हुआ था और तब से यह दर्शकों का मनोरंजन कर रहा है.
टीआरपी में अनुपमा को भी पीछे छोड़ दिया
हाल ही में BARC द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार, 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी' ने पिछले सप्ताह बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। शो ने 2.0 की उच्चतम टीआरपी हासिल की और करीब 2.8 मिलियन दर्शकों ने इसे देखा. इस शो ने पॉपुलर सीरियल 'अनुपमा' को भी पीछे छोड़ दिया. उसके स्पिन-ऑफ शो 'क्योंकि रिश्तों के भी रूप बदलते हैं' ने 1.9 टीआरपी और 2.3 मिलियन दर्शकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. वहीं 'अनुपमा', 'वसुधा' और 'गंगा माई की बेटियां' जैसे शोज ने 1.8 टीआरपी दर्ज की. रूपाली गांगुली वाला शो 2.9 मिलियन दर्शकों तक पहुंचा. प्रियंका चाहर चौधरी का 'नागिन 7' भी 1.7 टीआरपी और 3.4 मिलियन दर्शकों के साथ टॉप 10 में शामिल रहा. 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा', 'लाफ्टर शेफ्स' और 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' जैसे दूसरे पॉपुलर शो भी इस लिस्ट में अपनी जगह बना सके. इस तरह से साफ है कि 'क्योंकि सास भी कभी बहू थी 2' अभी भी दर्शकों के दिल में अपना मजबूत स्थान बनाए हुए है और चैनल इसे जारी रखने का फैसला कर चुका है. दर्शक रोज रात 10:30 बजे स्टार प्लस पर इस शो का मजा लेते रहें.