Dhurandhar 2 का जारी तूफान! 8 दिन में 1000 करोड़ पार, 'पठान' और 'कल्कि' को छोड़ा पीछे
'धुरंधर: द रिवेंज' बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रही है और 8 दिनों में ही 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर चुकी है. फिल्म अब ‘पठान’ और अन्य बड़ी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए नई रिकॉर्ड लिस्ट में तेजी से आगे बढ़ रही है.
'धुरंधर: द रिवेंज' (Dhurandhar: The Revenge) फिल्म बॉक्स ऑफिस पर लगातार कमाल कर रही है. यह हर रोज नया रिकॉर्ड बना रही है और दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. रिलीज हुए सिर्फ आठ दिनों में ही इस फिल्म ने भारत में कुल 805.32 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया है. इसमें घरेलू नेट कलेक्शन 674.17 करोड़ रुपये है. विदेशी बाजार से भी फिल्म को अच्छी कमाई हुई है. जिसकी वजह से फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1,067.24 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इतनी बड़ी कमाई के साथ यह फिल्म हाल के सालों की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल हो गई है.
आठवें दिन अकेले इस फिल्म ने 19,493 शो में 49.70 करोड़ रुपये की कमाई की. इसमें सबसे ज्यादा हिस्सा हिंदी वर्जन का रहा, जिसने 46 करोड़ रुपये कमाए. तमिल वर्जन ने 90 लाख रुपये और तेलुगु वर्जन ने 2.50 करोड़ रुपये की कमाई की. अलग-अलग भाषाओं में फिल्म का यह लगातार अच्छा प्रदर्शन दिखाता है कि यह पूरे भारत में लोगों को बहुत पसंद आ रही है. हालांकि हिंदी भाषा में यह सबसे ज्यादा चल रही है. दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े शहरों में तो फिल्म की दीवानगी देखने लायक है. वहां कई शो पूरी तरह हाउसफुल चल रहे हैं. प्रीमियम फॉर्मेट जैसे पीवीआर डायरेक्टर कट के टिकट, जिनकी कीमत 2,400 रुपये तक थी, वे भी बिक गए.
महंगी टिकटें फिर शो हाउसफुल
इतनी महंगी टिकटें बिकना फिल्म की जबरदस्त मांग को साफ दिखाता है. मुंबई में भी पहले दिन से लेकर अब तक 1,254 शो हो चुके हैं, जो फिल्म की देशभर में मजबूत रिलीज और लोकप्रियता को और बेहतर तरीके से समझाता है. एक खास बात यह है कि 'धुरंधर 2' ने 'पुष्पा 2: द रूल' को पीछे छोड़कर सबसे बड़ी वीकेंड ओपनिंग का नया रिकॉर्ड बना लिया है. फिल्म को कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम समेत कई भारतीय भाषाओं में रिलीज किया गया था.
9वीं भारत की सबसे ज्यादा कमाई वाली फिल्म
'धुरंधर 2' का आठवें दिन का वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब तक की कमाई के आधार पर 'धुरंधर 2' अब तक की नौवीं सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है. ग्लोबल लेवल पर 1,067 करोड़ रुपये की कमाई के साथ इसने कल्कि 2898 एडी (1,054 करोड़) को पीछे छोड़ दिया है. आज या कल में यह शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' (1,069.85 करोड़) को भी पीछे छोड़ देगी. यह रही अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की लिस्ट:
दंगल – 2,059.04 करोड़ रुपये
बाहुबली 2 द कंक्लूजन – 1,800 करोड़ रुपये
पुष्पा 2 – 1,785.84 करोड़ रुपये
धुरंधर – 1,354.84 करोड़ रुपये
आरआरआर – 1,275.51 करोड़ रुपये
केजीएफ चैप्टर 2 – 1,230 करोड़ रुपये
जवान – 1,163.82 करोड़ रुपये
पठान – 1,069.85 करोड़ रुपये
धुरंधर 2 – 1,067 करोड़ रुपये
कल्कि 2898 एडी – 1,054.67 करोड़ रुपये
यह फिल्म आदित्य धर द्वारा निर्देशित है और यह दिसंबर में रिलीज हुई पहली 'धुरंधर' फिल्म की दूसरी कड़ी है. फिल्म में रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में हैं. उनके साथ सारा अर्जुन, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी जैसे दमदार कलाकार भी नजर आ रहे हैं. लगातार बढ़ती कमाई, सिनेमाघरों में भारी भीड़ और दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया को देखते हुए लगता है कि 'धुरंधर द रिवेंज' अभी जल्दी रुकने वाली नहीं है. यह भारत और दुनिया भर के सिनेमाघरों में अपना दबदबा बनाए हुए है.




