वो रो नहीं सकता! बड़े भाई श्रीपाल ने Rajpal Yadav के भावुक बयानों को बताया झूठा, सरेंडर से पहले फोन हुई थी यह बात
कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव 5 करोड़ के निवेश विवाद में कानूनी प्रक्रिया के तहत तिहाड़ जेल पहुंचे. रोने और गिड़गिड़ाने की खबरों पर उनके बड़े भाई ने बड़ा बयान देकर सच्चाई बताई है.;
बॉलीवुड के कॉमेडी एक्टर राजपाल यादव (Rajpal yadav) तिहाड़ जेल में अपनी सजा काट रहे है. उन्होंने साल 2012 में अपने निर्देशन की बनी फिल्म अता-पता लापता में कर्ज लेकर 5 करोड़ का निवेश किया था. लेकिन फिल्म फ्लॉप रही और महज 38 लाख रुपये कमाए. राजपाल पर पैसा न चुकाने पर केस चला और कुछ हद तक वह अपने कर्ज भर पाए. कर्ज का ब्याज बढ़ते-बढ़ते 9 करोड़ हो गया और उन्हें अंत में सरेंडर करना पड़ा.
वहीं उनके सरेंडर करने के दो दिन बाद राजपाल यादव का एक भावुक बयान आया था. जिसमें कहा गया था कि राजपाल रो पड़े थे और उन्होंने कहा था, 'मैं क्या करूं मैं अकेला हूं मेरे पास पैसे नहीं न ही कोई दोस्त मुझे कोई उपाय नहीं दिखता.' उनके इस बयान के बाद कई बड़े सेलेब्स की आलोचना भी हुई और कहा गया कि आखिर वो स्टार्स कहां हैं जिनके साथ राजपाल ने काम किया और वह मदद के लिए भी हाथ नहीं बढ़ा सके?. हालांकि राजपाल के इस बयान के सोनू सूद ने आगे और उन्होंने राजपाल को अपने फिल्म का हिस्सा बनाते हुए साइनिंग अमाउंट दिया। साथ ही इंडस्ट्री के अन्य एक्टर-डायरेक्टर और प्रोड्यूसर्स से अपील की वह राजपाल की मदद करें.
वह ऐसा नहीं कह सकते
राजपाल यादव के बड़े भाई ने हाल ही में NDTV को दिए इंटरव्यू में उनके बारे में कई महत्वपूर्ण बातें बताई हैं. वे कहते हैं कि जो लोग यह अफवाहें फैला रहे हैं कि राजपाल के पास पैसे नहीं हैं, वे रो रहे थे, गिड़गिड़ा रहे थे या कह रहे थे कि उनका कोई नहीं है. ये सब बातें बिल्कुल गलत और झूठी हैं. उनका कहना है कि राजपाल उनके छोटे भाई हैं. दोनों ने साथ में पढ़ाई की, एक ही कमरे में रहते थे, एक ही बिस्तर पर सोते थे इसलिए उन्हें उनके बारे में पूरा भरोसा है. चाहे कितनी भी बड़ी मुश्किल क्यों न आए, राजपाल कभी किसी के सामने रोते या गिड़गिड़ाते नहीं. वे ऐसा इंसान नहीं हैं.
क्या हुई थी फ़ोन पर बात?
जेल जाने से पहले उन्होंने बड़े भाई को फोन किया था और कहा था, 'भैया, किसी बात की चिंता मत करना.' उन्होंने साफ बताया कि जो पैसा लिया गया था, वह कर्ज नहीं बल्कि फिल्म में निवेश के रूप में दिया गया था. कुछ कागजात पर साइन किए गए थे, जिन्हें निवेश से जुड़े दस्तावेज बताया गया था. लेकिन बाद में जब फिल्म पूरी नहीं हो पाई या आगे नहीं बढ़ पाई, तो उन कागजों के आधार पर इसे कर्ज दिखा दिया गया और पैसे मांगने शुरू कर दिए गए. बड़े भाई ने यह भी बताया कि फिल्म के क्रेडिट्स में उस व्यक्ति का नाम प्रोड्यूसर के तौर पर देखा गया है. सोशल मीडिया या न्यूज में जो वीडियो या बातें चल रही हैं कि राजपाल रो रहे थे या अकेला महसूस कर रहे थे, उन्हें यह मानने में विश्वास नहीं होता. वे कहते हैं कि राजपाल ने ऐसा कुछ कहा ही नहीं होगा.
क्या कहा था राजपाल ने?
जब उनसे पूछा गया कि आखिरी बार बात हुई तो क्या कहा था, तो बड़े भाई ने बताया कि राजपाल ने कहा, 'कोर्ट की प्रक्रिया के तहत एक दिन के लिए जाना पड़ रहा है, लेकिन आगे सब कानूनी तरीके से चलेगा. भैया, कोई चिंता मत करना. हम साबित कर देंगे कि यह पैसा निवेश था, कर्ज नहीं.' बड़े भाई को फिल्म इंडस्ट्री की ज्यादा जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें पता है कि फिल्मों में लोग अक्सर निवेश करते हैं और यह आम बात है.
घर में कोई मायूसी नहीं है
वे कहते हैं कि उन्हें पूरा यकीन है कि राजपाल जल्द ही बाहर आ जाएंगे. घर में उनकी बेटी यानी राजपाल की भतीजी की शादी 19 फरवरी को है. पूरी तैयारी जोर-शोर से चल रही है. घर में 50-50 मजदूर काम कर रहे हैं, सब लोग डटे हुए हैं. कोई मायूसी नहीं है, बल्कि हौसला और उत्साह है. कुछ पत्रकार आया होगा, जब लेबर खाना खा रहे होंगे और घर पर कोई नहीं मिला, तो उसने फोटो खींचकर मायूसी वाली खबर फैला दी. लेकिन सच यह है कि घर में जश्न का माहौल है.
क्या शादी में होंगे शामिल?
वे कहते हैं कि शादी पूरे धूमधाम से मनाई जाएगी. राजपाल शादी के मुख्य आकर्षण हैं, इसलिए उनका होना बहुत जरूरी है. पूरा परिवार भगवान से प्रार्थना कर रहा है कि वे जल्द बाहर आएं और शादी में शामिल हों. परिवार को पूरी उम्मीद है कि 19 फरवरी तक सब ठीक हो जाएगा. साथ ही फिल्म इंडस्ट्री के लोग भी राजपाल की मदद के लिए आगे आए हैं, जैसे- सोनू सूद, सलमान खान, अजय देवगन, गुरमीत चौधरी और अन्य सेलेब्स.